आईसीसीआर छात्र आगंतुक कार्यक्रम के अंतर्गत बांग्लादेशी हिंदी विद्यार्थियों ने आज़ाद भवन में किया सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संवाद

नई दिल्ली, 9 जुलाई 2026। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के छात्र आगंतुक कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत बांग्लादेश के ढाका विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज़ (आईएमएल) से आए 25 हिंदी विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित आज़ाद भवन में आईसीसीआर की महानिदेशक के. नंदिनी सिंगला के साथ एक संवादात्मक सत्र में भाग लिया। संवाद के दौरान महानिदेशक ने भारत और बांग्लादेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा भाषाई संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में युवाओं और भाषा की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाषाई एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, समझ और मैत्री को नई ऊर्जा प्रदान करता है तथा भावी पीढ़ियों को साझा सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। संवाद सत्र के उपरांत आईसीसीआर के विदेशी शोधार्थियों के साथ एक जीवंत परिचर्चा एवं हाई टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न देशों से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भारतीय भाषा, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े विविध विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस संवाद ने प्रतिभागियों के बीच सांस्कृतिक सौहार्द, परस्पर समझ और अंतरराष्ट्रीय मैत्री को और अधिक सुदृढ़ बनाया। कार्यक्रम में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि आईसीसीआर की ऐसी पहलें भविष्य के वैश्विक विद्वानों के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक एवं संस्थागत सहयोग, भाषाई सराहना तथा भारत-बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
