छतरपुर में डॉ. सुनील केशव देवधर के सम्मान में अभिनंदन समारोह एवं काव्य गोष्ठी
छतरपुर । अपनों के बीच सम्मानित होना निश्चित रूप से गर्व का विषय होता है जिसको सिर्फ अनुभव किया जा सकता है। उक्त आशय के उद्गार आकाशवाणी के पूर्व सहायक निदेशक एवं बहुआयामी प्रतिभा के धनी डॉ. सुनील केशव देवधर ने मंगलवार स्थानीय गांधी आश्रम छतरपुर में सिविल सोसायटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किये। सम्मान समारोह के इस आयोजन में छतरपुर की दो बेटियों डॉ. प्रांसी अग्रवाल एवं डॉ. सृष्टि चौरसिया को भी सम्मानित किया गया। दोनों ने डॉक्टर बनकर सिविल अस्पताल में ज्वाइन किया है। छतरपुर सिविल सोसायटी के साथ प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन, तुलसी साहित्य अकादमी, आकाशवाणी एवं गाँधी स्मारक निधि (आश्रम) ने भी इस गरिमामय आयोजन में अपनी सहभागिता की। आयोजन के द्वितीय चरण में श्री देवघर के सम्मान में काव्य गोष्ठी भी आयोजित की गई।
सम्मान एवं अभिनंदन के इस अभिनव आयोजन में डॉ. जे.पी. पौराणिक पूर्व प्राचार्य मुख्य अतिथि एवं श्रीमती मालती श्रीवास्तव अध्यक्षता के रूप में उपस्थिति रही, जबकि साहित्यकार संतोष पटेरिया महोबा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बहादुर सिंह परमार, साहित्यकार शिवभूषण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। आयोजन में आरंभिक उद्बोधन वरिष्ठ साहित्य साधक एवं संरक्षक सिविल सोसायटी /प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन सुरेंद्र सिन्हा अंजलि द्वारा दिया गया । उनके द्वारा श्री देवघर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए श्री देवघर की कार्यशैली रेखांकित की गई। गरिमामय आयोजन की अगली कड़ी में सभी आमंत्रित अतिथियों का सिविल सोसायटी एवं अन्य समिति के सदस्यों द्वारा माल्यार्पण कर उपस्थित अथितियों का स्वागत किया गया। माल्यार्पण उपरांत सम्मान समारोह की कड़ी में जिला चिकित्सालय में वर्तमान में पदस्थ छतरपुर शहर की बेटी संपादक एवं समाज सेवी हरि अग्रवाल एवं आरके स्टूडियो के संचालक स्वर्गीय श्री ओम प्रकाश अग्रवाल की नातिन एवं राजेश महिमा की पुत्री डॉ. प्रानशी अग्रवाल का श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। तदुपरांत आयोजन में डॉ. सुनील केशव देवघर के सम्मान में रमेश चंद्र चौरसिया ‘प्रशांत’ द्वारा रचित अभिनंदन पत्र का स्वयं काव्यमय वाचन किया गया। आयोजन संचालक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष शंकर लाल सोनी द्वारा भी श्री देवधर जी की सहजता एवं सरलता पर प्रकाश डाला गया। आयोजन की प्रमुख कड़ी में सिविल सोसायटी एवं अन्य इकाइयों द्वारा गरिमापूर्वक शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर डॉ. सुनील केशव देवधर जी का सम्मान किया गया। सम्मान के इस अवसर पर विभिन्न उपस्थित अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा डॉ. सुनील केशव देवघर की जीवन शैली पर प्रकाश डालते हुए उन्हें लेखक, कवि समीक्षक, शिक्षाविद अनुवादक, कलाधर जैसी बहुआयामी प्रतिभाओं के रूप में रेखांकित किया गया। ज्ञात हो श्री देवधर जी एक ऐसे व्यक्तित्व हैं जिन्होंने आकाशवाणी छतरपुर से कैजुअल अनाउंसर के रूप में अपना कैरियर प्रारंभ किया था साथ ही अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने आकाशवाणी छतरपुर को एक अलग पहचान दिलाई। कालांतर में वे अपनी योग्यता के आधार पर आकाशवाणी के सहायक निर्देशक के रूप में स्थापित हुए। उनके कार्यकाल में आकाशवाणी छतरपुर की साहित्य के क्षेत्र में अलग पहचान बनी थी। श्री देवधर जी आकाशवाणी पुणे में सहायक निदेशक के रूप में सेवानिवृत हुए हैं। श्री देवघर इस कार्यकाल को छतरपुर में स्वर्णिम युग के रूप में अंकित किया जाता है।
सिविल सोसायटी के इस अभिनव आयोजन के द्वितीय सत्र में श्री देवघर के सम्मान में काव्य गोष्ठी भी आयोजित की गई। आयोजन के अंत में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी उपस्थितजनों के प्रति समिति द्वारा आभार व्यक्त किया गया। सिविल सोसायटी के अभिनव आयोजन की सभी गणमान्य जनो द्वारा भूरी भूरी प्रशंसा की गई है।

