पुणे के साहित्यकारों ने मनाया दीपोत्सव 2026

पुणे, 19 नवंबर।
पुणे के साहित्यकारों का दीपावली मिलन समारोह बुधवार, 18 नवंबर को आयोजित किया गया। अवसर था वैश्विक हिंदी परिवार एवं महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, पुणे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘दीप पर्व’ का।

दीपावली भारत का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। यह केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी है। विश्व में जहाँ भी भारतीय मूल के लोग रहते हैं, वहाँ यह पर्व मनाया जाता है। इसी व्यापकता को ध्यान में रखते हुए 70 से अधिक देशों के हिंदी से जुड़े विचारकों, साहित्यकारों तथा भाषाकर्मियों के समूह वैश्विक हिंदी परिवार ने देश-दुनिया में पूरे नवंबर माह दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है।
समिति के बाजीराव रोड स्थित कार्यालय में सुबह 11 बजे साहित्यकारों की काव्य गोष्ठी एवं काव्य चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का पहला सत्र दीपोत्सव की संकल्पना एवं जानकारी पर केंद्रित था, जबकि दूसरे सत्र में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई।
पहले सत्र की अध्यक्षता जगदलपुर से पुणे आईं लेखिका खुदेजा खान ने की। मुख्य अतिथि अंजुमन, पुणे के संस्थापक अध्यक्ष महेश बजाज थे। मुख्य वक्ता समिति के कार्याध्यक्ष डॉ. सुनील देवधर थे। वैश्विक हिंदी परिवार की अंतरराष्ट्रीय समिति की सचिव (भारत) स्वरांगी साने के सान्निध्य में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इटारसी के हास्य-व्यंग्य कवि बृज किशोर पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
द्वितीय सत्र में शहर के कई प्रतिष्ठित रचनाकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। इनमें गजलकारा इंदिरा पूनावाला ‘शबनम’, भाषाविद् डॉ. कांति लोधी, शायर सरदार सुरजीत सिंह जख्मी, स्वरांगी साने, हास्य-व्यंग्य कवि महेंद्र ‘माणिक’, हितेश व्यास, धर्मेंद्र सिंह, आदर्शनी श्रीवास्तव, अपर्णा कड़सकर, इंदु पांडेय, डॉ. अनीता जठार, रेखा सिंह, श्रीपाद अग्निहोत्री तथा सतीश कुलकर्णी प्रमुख थे। काव्य गोष्ठी का संचालन हास्य-व्यंग्य कवि महेंद्र ‘माणिक’ ने किया।
अतिथियों का स्वागत समिति के स्थानीय सदस्य एवं विधि सलाहकार एडवोकेट एन. डी. पाटिल तथा वरिष्ठ कवि सत्येंद्र सिंह ने किया। जलपान के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संयोजन समिति के संचालक डॉ. बंडोपंत पाटिल, महेंद्र ‘माणिक’ तथा वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से डॉ. गंगाधर वानोडे (नागपुर) और आदर्श राठौर (नई दिल्ली) ने किया।
