‘एक उदास दिन का गीत’ का लोकार्पण

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी में बिजनौर मूल की कवयित्री रमा त्यागी ‘एकाकी’ के काव्य संग्रह ‘एक उदास दिन का गीत’ का लोकार्पण और आत्मीय कवि गोष्ठी का सफ़ल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध मीडियाकर्मी श्री अमरनाथ ‘अमर’ ने और संचालन गुरुग्राम के वरिष्ठ कवि श्री त्रिलोक कौशिक ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुजीत कुमार रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अरुण कुमार ‘अरुण’, डॉ. खुर्रम नूर, डॉ. लिज़ा खान, श्रीमती रूबी मोहंती, मनोज ‘अबोध’, श्रीमती रीना क़ानूनगो(नागपुर), श्रीमती शुभ्रा पालीवाल, श्री अनुराग वर्मा और श्रीमती सीमा मोहन उपस्थित थे।
मलेशिया से आए श्री अर्पित त्यागी और श्रीमती शुभ्रा त्यागी ने परंपरागत तरीके से तिलक और माल्यार्पण से सभी अतिथियों का स्वागत किया।
श्री सोम प्रकाश त्यागी और श्रीमती रमा त्यागी ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
‘एक उदास दिन का गीत’ पर अपने विचार रखते हुए महिलाओं की प्रसिद्ध पत्रिका ‘वनिता’ की संपादकीय कोऑर्डिनेटर श्रीमती रूबी मोहंती ने कहा… “रमा त्यागी ‘एकाकी’ जी का काव्य-संग्रह ‘एक उदास दिन का गीत’ केवल उदासी का गीत नहीं है। यह स्त्री-मन के उस जुझारूपन का दस्तावेज़ है, जिसने थकान के बावजूद जीवन के प्रति अनास्था को कभी अपने भीतर पैदा नहीं होने दिया।
पुस्तक की संक्षिप्त समीक्षा करते हुए कवि मनोज ‘अबोध’ ने कहा…कि “यह संग्रह किसी एक स्त्री की निजी पीड़ा का दस्तावेज़ भर नहीं है, बल्कि स्त्री-मन के अनेक अनकहे अनुभवों और सामाजिक यथार्थ का काव्यात्मक आख्यान है।”
पुस्तक पर श्री सुजीत कुमार, श्री अरुण कुमार अरुण, श्री त्रिलोक कौशिक और कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री अमरनाथ अमर ने अपने विचार रखे ।
कार्यक्रम के दूसरे चरण के रूप में आत्मीय कवि गोष्ठी में सभी कवियों ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी । उपस्थित कवियों ने रमा त्यागी जी को उनकी इस विशिष्ट उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।
