डॉ. रवीन्द्र शुक्ल के दूरदर्शी नेतृत्व में सनातन संस्कृति एवं भारतीय अस्मिता के संरक्षण का संकल्प
हिंदी साहित्य भारती अन्तर्राष्ट्रीय के तत्त्वावधान में 16 नवंबर की संध्या को सम्पन्न उत्तराखंड इकाई के सम्मेलन में हमारे यशस्वी अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ0 रवीन्द्र शुक्ल जी के प्रेरणाप्रद उदबोधन ने हम सबके अन्तःकरण को बहुत प्रभावित किया है। एक महान उद्देश्य के लिए अपना संपूर्ण जीवन खपा देने वाले आदरणीय डॉ0 रवीन्द्र शुक्ल जैसे महापुरुष अपनी यशःकाया से सदा-सर्वदा के लिए अमर हो जाते हैं। सनातन पर मडरा रहे भावी खतरों को भाॅंप कर आप संपूर्ण भारत देश के विवेकशील बुद्धिजीवियों को अंतर्राष्ट्रीय साहित्य भारती का स्थाई सदस्य बनाने में जी-जान से लगे हैं। किन्तु कुछ अदूरदर्शी लोग साथ की बकरी को कटते देखकर भी निश्चिन्त होकर घास चरने वाली बकरियों की तरह तात्कालिक सुविधाओं की तलाश में ही मस्त होने के कारण इस महान अभियान के महत्त्व को समझ नहीं पा रहे हैं।जब शरीर में ऊर्जा थी, मैंने भी स्वामी रामदेव के भारत स्वाभिमान अभियान का जिला अध्यक्ष बनकर नैनीताल जिले के व्यापारी, सैनिक, किसान पेंशनर, युवा, महिला आदि 16 इकाइयों में सैकड़ों स्थाई सदस्य बनाये थे। अब यह जीर्ण-क्षीण शरीर ऊर्जा विहीन हो गया है। कुछ हो नहीं पा रहा है। किन्तु हमें पूर्ण विश्वास है कि परम आदरणीय डॉ0 रवीन्द्र शुक्ल जी अपने इस दूरदर्शितापूर्ण महान अभियान में अवश्य सफल होंगे।
रिपोर्ट : डॉ0 भवानी दत्त काण्डपाल
