साहित्य, संवेदना और सृजन का आत्मीय संगम बना साहित्यिक समारोह

Hth

“जब लौ से लौ मिल जाती है,
तेरा-मेरा खो जाता है।
लहरें मिलती हैं लहरों से,
पानी सागर हो जाता है॥”

गुरुग्राम। वैश्विक हिंदी परिवार के तत्वावधान में हरियाणा का दीप पर्व ‘दीपोत्सव’ 18 नवंबर को गुरुग्राम में आयोजित किया गया। डॉ. नलिनी भार्गव (चित्रकारा, लेखिका, कवयित्री एवं समाजसेविका), संयोजक, वैश्विक हिंदी परिवार, गुरुग्राम के निवास पर आयोजित यह साहित्यिक संध्या अत्यंत आत्मीय, उल्लासपूर्ण एवं सृजनात्मक वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों एवं रचनाकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को साहित्य, विचार और संवेदनाओं का एक सुंदर उत्सव बना दिया।

Rgr

कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्विक हिंदी परिवार के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनिल जोशी जी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. अमरनाथ अमर (दूरदर्शन के पूर्व निर्माता-निर्देशक, मीडियाकर्मी, आलोचक, पूर्व उद्घोषक, कवि एवं साहित्यकार), डॉ. अशोक बत्रा (सदस्य, हिंदी सलाहकार समिति, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार), वरिष्ठ ग़ज़लकार श्री त्रिलोक कौशिक जी, वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजेश्वर वशिष्ठ जी तथा शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री मदन साहनी जी उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष प्रतिष्ठा प्रदान की।

गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार एवं अनेक पत्रिकाओं की संपादिका सुश्री सुनीति रावत, सुश्री शकुंतला मित्तल, डॉ. रानी श्रीवास्तव, सुश्री शारदा मित्तल, श्री मनोज श्रीवास्तव ‘अनाम’, सुश्री प्रीति मिश्रा, श्री शीतांशु शेखर श्रीवास्तव तथा श्री विनयशील चतुर्वेदी (मानद निदेशक, वैश्विक हिंदी परिवार) सहित उपस्थित कवि-कवयित्रियों एवं साहित्यकारों ने अपनी उत्कृष्ट साहित्यिक और काव्यात्मक प्रस्तुतियों से संध्या को यादगार बना दिया।

प्रत्येक रचना भावों की गहराई, जीवनानुभवों, संवेदनाओं एवं साहित्यिक अभिव्यक्ति की समृद्धि से परिपूर्ण थी। कविता एवं साहित्य के माध्यम से विविध भावों, विचारों और जीवन के रंगों का प्रभावशाली संप्रेषण हुआ। सभी प्रस्तुतियाँ उत्कृष्ट थीं और प्रत्येक रचना ने गोष्ठी को एक नई ऊँचाई प्रदान की। रचनाकारों का साहित्य के प्रति समर्पण एवं सृजनात्मक ऊर्जा पूरे आयोजन में सहज रूप से अनुभूत हुई।

कार्यक्रम का संचालन श्री ऋषि कुमार शर्मा जी, अध्यक्ष, वैश्विक हिंदी परिवार, दिल्ली इकाई ने अत्यंत कुशलता, सहजता एवं प्रभावपूर्ण शैली में किया। उनके सशक्त संचालन ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, रोचक और प्रवाहमय बनाए रखा।

यह साहित्यिक गोष्ठी केवल काव्य-पाठ एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि साहित्यकारों के परस्पर संवाद, आत्मीयता, सौहार्द और हिंदी भाषा के प्रति सामूहिक समर्पण का सशक्त माध्यम भी बनी। उपस्थित रचनाकारों के बीच स्नेह, सम्मान एवं विचारों का आदान-प्रदान इस संध्या की विशेष उपलब्धि रहा। श्रोताओं के रूप में सुश्री सरोज ‘अमर’ जी, श्री दीपक चौधरी एवं श्री उमेश भार्गव जी भी उपस्थित रहे।

साहित्यिक आयोजनों की ऐसी परंपरा हिंदी भाषा को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में संवेदना, विचारशीलता और सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। दीपोत्सव की यह संध्या अपने पीछे अनेक सुंदर स्मृतियाँ, प्रेरणादायी भाव और साहित्यिक आत्मीयता की सुगंध छोड़ गई।

आयोजन को सफल एवं स्मरणीय बनाने के लिए सभी सम्माननीय अतिथियों, साहित्यकारों, कवियों एवं रचनाकारों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। उनका स्नेह, समय, सहभागिता और उत्कृष्ट रचनाएँ इस दीपोत्सव की वास्तविक ज्योति थीं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं रचनाकारों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई, जिसके साथ यह आत्मीय और साहित्यिक संध्या सुखद स्मृतियों के बीच संपन्न हुई।

“शब्दों के दीप जलते रहें, साहित्य की ज्योति प्रखर होती रहे और हिंदी का आलोक दूर-दूर तक फैलता रहे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »