“101 मंगल विचार” पुस्तक का लोकार्पण सम्पन्न

दिनांक – 03 जून 2026 ,फरीदाबाद के सरोवर पोर्टिको , मैपल हॉल में कवयित्री, मंच संचालिका सुमन माहेश्वरी की सद्यः प्रकाशित पुस्तक “101 मंगल विचार “ का लोकार्पण समारोह सुमन माहेश्वरी के 75वें जन्मदिवस पर आयोजित हुआ। सुमन माहेश्वरी पिछले कुछ वर्षों से हर मंगलवार को जीवन से जुड़े उन सकारात्मक विचारों को अपने सभी पाठकों व दर्शकों तक पहुँचाती रहीं हैं। यह पुस्तक उन्हीं विचारों का संग्रह है जो पुस्तक रूप में प्रकाशित हुआ है। इस अवसर पर उन्हें अनीता वर्मा के समूह प्रस्तुति -खुला मंच द्वारा सम्मानित किया गया। इस आयोजन में ना केवल दिल्ली एनसीआर से बल्कि पूना, राजस्थान, मुम्बई, कोलकाता से कई प्रमुख लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजयोगिनी बी. के. सपना ( फरीदाबाद इकाई) ने इस अवसर पर उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि सुमन माहेश्वरी इस पुस्तक के माध्यम से अपने भीतर की सरलता व सहजता को व्यक्त करती हैं। अनीता वर्मा ने पुस्तक पर चर्चा करते हुए कहा कि यह पुस्तक अपने आप में अलग तरह की विशेष पुस्तक है जिससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।

हास्य व्यंग्य कवयित्री निशा भार्गव ने अपने चुटीले अंदाज़ में सुमन माहेश्वरी के जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल युग में मंगल विचार के मॉध्यम से लोगों में उत्साह जागृत करने जैसा है। वरिष्ठ कवयित्री उमा मालवीय ने पुस्तक की बधाई देते हुए अपना आशीर्वाद दिया। पद्मश्री शीला झुनझुनवाला ने अपने प्रेषित संदेश में कहा कि मंगल विचार की लेखिका सुमन माहेश्वरी जी स्वयं संस्कारों की धनी हैं l उन्होंने बदलती हुई सामाजिक स्थितियों को बहुत करीब से देखा, परखा और अनुभव किया है l इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने सरल भाषा शैली में पाठकों का जीवन कैसे सार्थक बनाया जा सकता है पर अपने विचार संकलित कर एक प्रशंसनीय कार्य किया है l लेखिका शांति शर्मा ने पुस्तक पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सुमन की सहजता व विचारधारा प्रभावित करती है। पूरे कार्यक्रम का सशक्त संचालन रश्मि बिनानी ने किया। इस अवसर पर फरीदाबाद इकाई की ब्रह्माकुमारी बहनें, स्वान्त: सुखाय संस्था के कई वरिष्ठ सदस्य,वरिष्ठ कवयित्री व कमला नेहरू कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ. मंजु गुप्ता, कवयित्री सुनीता बंसल के साथ कुछ प्रमुख लोगों ने अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज की। उनमें श्री विवेक कुमार बिड़ला – पूर्व जज इलाहाबाद हाई कोर्ट ,कैप्टन आई डी शर्मा, अध्यक्ष -रेजीडेन्ट वेलफेयर एसोसिएशन,फरीदाबाद ,राजेंद्र सिंह नगर, -चीफ आर्किटेक्ट -दिल्ली नगर निगम,गौरव गुप्ता -राजस्थानी अकादमी अध्यक्ष ,समाजसेवी नवरतन अग्रवाल डायरेक्टर बीकानेरवाला ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज की। इस अवसर पर इन संस्थाओं द्वारा सुमन माहेश्वरी के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर कई प्रस्तुतियाँ भी दी गई। पुस्तक राजसूर्य प्रकाशन दिल्ली से प्रकाशित हुई है और एमेजॉन पर उपलब्ध है।

रिपोर्ट :— अनीता वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »