स्मृति शेष : कुछ लोग शहर छोड़कर चले गए… कुछ देश और कुछ दुनिया ही…. – स्वरांगी साने

Hft

इंदौर जाकर किससे मिलना है, इसकी सूची लगातार कम होती जा रही है। कितनी यादें हैं, अनगिनत स्मृतियाँ, गप्पें-बतकहियाँ, किस्से-कहानियाँ, सलाह-सुझाव… और एक तस्वीर भी नहीं है साथ की। जयंत भिसे जी के साथ का दौर वह दौर था, जब गाहे-बगाहे तस्वीरें खिंचवाने का कोई चलन नहीं था। चलन आया, लेकिन हमारा रिश्ता तो इस नए चलन से पहले का, बरसों पुराना था। मिलते रहे, तब भी तस्वीरें खिंचवाने का कोई मानस नहीं बना। ध्यान ही नहीं आया कि साथ में तस्वीर भी खिंचवानी चाहिए, याद के लिए या दुनिया को बताने के लिए।
जयंत भिसे जी से दुनिया को बताने जैसा रिश्ता भी नहीं था। सीमा जी को मैं वहिनी, मतलब भाभी, कहती थी। इस नाते जयंत भैया हुए। एक ही समुदाय के होने से मराठी भाऊ भी। रिश्ता भी कमोबेश वैसा ही था, पर कभी उन्हें जयंत दादा नहीं कहा। आवश्यकता भी नहीं हुई। औपचारिक पहचान से अनौपचारिक रिश्तों में संबंध बदलते गए। इंदौर छूटा। इंदौर के कई लोग, कई मित्र-रिश्तेदार, जाने-पहचाने चेहरे, लोग और उनसे जुड़े संबंध भी छूटे, पर जयंत जी से परस्पर आत्मीयता का अनूठा संबंध बना रहा। ऐसा भी नहीं था कि उनसे लगातार फोन पर बात होती हो, लेकिन ऐसा भी नहीं था कि मैं इंदौर जाऊँ और उनसे न मिलूँ। वे भी समय निकालकर मिलते।
ऐसा भी नहीं था कि हर वार-त्योहार पर उन्हें फोन जाता हो या उनका फोन आता हो, लेकिन जब भी कोई महत्वपूर्ण घटनाक्रम होता, या तो उनका मुझे या मेरा उन्हें फोन चला जाता। अवसरों की तलाश उन्हें खुद के लिए भी थी और दूसरों के लिए भी। वे मुझे बताते रहे कि मेरे लिए कहाँ, कौन-सा अवसर है और मुझे कौन-सा द्वार खटखटाना चाहिए। हो सकता है, वे ऐसा कई लोगों के लिए करते हों। हाँ, वे सानंद न्यास के अध्यक्ष थे। जब वे सचिव थे, तब भी सानंद न्यास उनके होने से ही जाना जाता था। नियमित आयोजनों की प्रेस विज्ञप्तियाँ, कार्यक्रम, उन कार्यक्रमों के आमंत्रण और उनकी समीक्षाएँ… इनसे परिचय का सिलसिला बढ़ा। महाराष्ट्र से दूर रहते हुए मेरी तरह कई लोगों का महाराष्ट्र से परिचय उनके जरिए ही घनिष्ठ हुआ होगा और उनसे घनिष्ठता भी मराठीपन की वजह से ही हुई।
उन्होंने सानंद को खड़ा किया। किसी ने उस संस्था को अमीरों का क्लब हाउस भी कहा, पर उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। सानंद पुस्तकालय और जत्रा की मूल संकल्पना उनकी ही थी। तब मेरे मन में भी विचार आया कि क्यों न इंदौर के मराठी पत्रकार प्रेस क्लब से अलग हटकर कहीं मिला करें। ऐसे ही विचारों का आदान-प्रदान हो और सतत संवाद बना रहे। इसी विचार से ‘सतत संवाद’ नाम देकर हम मिलने लगे। उस दौर के जिन मराठी पत्रकारों से इस वजह से राब्ता हुआ, उनके साथ का रिश्ता भी अलग ही आत्मीयता लिए आज तक बरकरार है।
हाँ… तो जयंत जी से संबंध बहुत घनिष्ठ थे… इतने कि उनके साउथ तुकोगंज के फ्लैट में उनके परिवार के साथ भोजन पर भी गई थी। शायद यह 25-26 साल पुरानी बात होगी और शायद उनसे परिचय इससे भी कुछ साल पुराना रहा होगा… मतलब, एक ऐसी मित्रता, जो अपनी परिपक्वता की आयु तक पहुँचकर विलीन हो गई। उनके जाने की पीड़ा है… पिछली बार मैं कब इंदौर आई थी, कब उनसे मिली थी… कितने दिन, कितने महीने हो गए… यही सब याद कर रही हूँ। यह वैराग्य घर कर रहा है। बीते कुछ सालों से इंदौर जाना भी कम हो गया है। अब लगता है कि जाऊँ तो सबसे मिल लिया करूँ… जाने कब, किससे, कौन-सी मुलाकात आखिरी हो जाए…
और याद आ गई अपनी यह कविता…
ज़रूरी सच
जो बचा है
उसे बचा रहने दो उनके लिए
जो इसी रास्ते से गुज़रेंगे
जो बाकी है होना
उसे भी छोड़ दो समय की गोद में
जो है और जो नहीं है उसके बीच
जो रह जाए बाकी
उसे ही ले चलो साथ
क्योंकि केवल वही है
आपके हिस्से का
बहुत छोटा लेकिन ज़रूरी सच।

***********

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »