दीपोत्सव : उत्सवों का इंद्रधनुष विषय पर वैश्विक हिंदी परिवार की संगोष्ठी आयोजित

5 नवंबर, 2026। केंद्रीय हिंदी संस्थान, अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद, वातायन-यूके तथा भारतीय भाषा मंच के संयुक्त तत्वावधान में वैश्विक हिंदी परिवार के साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत ‘दीपोत्सव : उत्सवों का इंद्रधनुष’ विषय पर ऑनलाइन संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ लेखिका स्वरांगी साने के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए दीपोत्सव की सांस्कृतिक विविधता और महत्त्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री ए. विनोद (राष्ट्रीय संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास) ने की। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में उन्होंने दीपक को ज्ञान का प्रतीक बताते हुए कहा कि दीपक का प्रकाश सीमित समय और स्थान तक रहता है, जबकि ज्ञान का प्रकाश स्थायी होता है। भाषा और साहित्य ज्ञान, संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचाते हैं। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी और विश्व तक पहुँचाने में साहित्य, सिनेमा तथा सोशल मीडिया की भूमिका पर बल दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील देवधर (कार्याध्यक्ष, महाराष्ट्र राजभाषा प्रचार समिति, पुणे) ने दीपावली को भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन का महत्त्वपूर्ण उत्सव बताया। उन्होंने महाराष्ट्र की विशिष्ट परंपराओं—दिवाली पहाट, दिवाली अंक और अभ्यंग स्नान—का परिचय देते हुए उनके सांस्कृतिक, साहित्यिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समृद्धि केवल पूजा से नहीं, बल्कि परिश्रम और कर्म से प्राप्त होती है।
वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष श्री अनिल शर्मा ‘जोशी’ ने भारतीय संस्कृति में दान, त्याग और परोपकार की परंपरा का उल्लेख करते हुए राजा बलि, कर्ण और सम्राट हर्षवर्धन के उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा’ के माध्यम से त्यागपूर्वक उपभोग का संदेश दिया तथा भारतीय परंपराओं में नारी के सम्मान को रेखांकित किया। उन्होंने त्योहारों के सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक पक्ष को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और हिंदी तथा भारतीय भाषाओं के प्रति समर्पित लोगों को वैश्विक हिंदी परिवार से जोड़ने का आह्वान किया।
बीज वक्ता डॉ. सोमा बंद्योपाध्याय (पूर्व कुलपति, बाबासाहेब आंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी एवं लेखिका) ने दीपावली को अंधकार से प्रकाश, असत्य से सत्य और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का प्रतीक बताया। उन्होंने उत्तर भारत की राम-परंपरा, बंगाल की काली पूजा एवं भूत चतुर्दशी, महाराष्ट्र की बलि प्रतिपदा और भाई फोटा, दक्षिण भारत की नरक चतुर्दशी तथा नेपाल के तिहार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं में भारतीय संस्कृति की एकता और समरसता दिखाई देती है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं के दीप जलाने का संदेश दिया।
विशेष वक्ता प्रो. संदीप सो. लोटलीकर (हिंदी विभागाध्यक्ष, पीईएस कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, फार्मागुडी, पोंडा, गोवा) ने गोवा में दीपावली की विशिष्ट परंपराओं का परिचय दिया। उन्होंने नरकासुर दहन, कुओं की पूजा, गाय-बैलों के पूजन तथा नरकासुर की प्रतिमाओं के सामूहिक निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दीपावली पर विभिन्न प्रकार के पोहे बनाने की परंपरा आपसी मेल-मिलाप और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देती है।
विमर्श सत्र में डॉ. पी. के. जयलक्ष्मी (प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं बहुभाषाविद्) ने दक्षिण भारत में दीपावली की परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने नरक चतुर्दशी, अभ्यंग स्नान, मुग्गुलु (रंगोली), दीपावली लेगियम और बलि पाड्यमी जैसी क्षेत्रीय परंपराओं का उल्लेख करते हुए पर्व के प्रेम, सद्भाव और एकता के संदेश को रेखांकित किया।
डॉ. मैथिली राव (शिक्षा पुरस्कार उच्चतर समिति सदस्य, केंद्रीय हिंदी संस्थान) ने त्योहारों को लोकजीवन, पारिवारिक संबंधों और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का माध्यम बताया। उन्होंने भारतीय त्योहारों में निहित प्रेम, सद्भाव, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिकता के भाव को बनाए रखने पर बल दिया।
डॉ. एन. लक्ष्मी (सह-आचार्य, हिंदी विभाग, जे. एल. एन. राजकीय महाविद्यालय, अंडमान-निकोबार) ने अंडमान-निकोबार में विविध भाषाओं और संस्कृतियों के लोगों द्वारा मिल-जुलकर त्योहार मनाने की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों की लोकपरंपराओं से परिचित कराने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शुश्री अर्पणा संत सिंह (संस्थापक एवं संपादक, गृहस्वामिनी पत्रिका) ने बिहार और झारखंड में दीपावली तथा छठ पर्व की परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छठ के खरना, 36 घंटे के निर्जला व्रत, संध्या अर्घ्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने छठ को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने वाला पर्व बताया।
शुश्री प्रीति साहू (शोधार्थी, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर) ने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन, लोकसंस्कृति और पारिवारिक संवेदनाओं का व्यापक उत्सव है। उन्होंने धनतेरस, नरक चतुर्दशी, बलि प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा और छठ पर्व के सांस्कृतिक महत्त्व को रेखांकित करते हुए प्रकृति संरक्षण, दान और कृतज्ञता के भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री गंगाधर वानोडे (सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं क्षेत्रीय निदेशक, केंद्रीय हिंदी संस्थान, हैदराबाद केंद्र) ने किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की दीपावली परंपराओं को एक सूत्र में पिरोते हुए संवाद को आगे बढ़ाया। अंत में श्री शिवम शर्मा (अनुवाद अधिकारी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
रिपोर्ट : अजय शर्मा
