यूरोप में दीपोत्सव : वैश्विक हिंदी परिवार की विशेष काव्य गोष्ठी आयोजित

13 नवंबर, 2026। वैश्विक हिंदी परिवार एवं गुरुकुल स्पेन के संयुक्त तत्वावधान में ‘दीप पर्व उत्सव : यूरोप में दीपोत्सव’ विषय पर विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूरोप के विभिन्न देशों में रह रहे हिंदी साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी काव्य-प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्त्व को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन सुश्री तितिक्षा शाह (यूके) ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री पद्मेश गुप्त (यूके), संरक्षक, वैश्विक हिंदी परिवार ने की। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में उन्होंने सभी कवियों की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि हर रोशनी के पीछे समर्पण और त्याग की कहानी होती है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों के मातृभूमि के प्रति प्रेम और जुड़ाव को रेखांकित करते हुए कहा कि वे भारत से दूर रहकर भी भारत को अपने भीतर संजोए रखते हैं। उन्होंने अपनी कविता ‘मेरी दिवाली’ के माध्यम से वंचित बच्चों और जरूरतमंदों के साथ खुशियाँ बाँटने को दीपावली का वास्तविक संदेश बताया।
मुख्य अतिथि सुश्री दिव्या माथुर (यूके), संस्थापक, वातायन ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए दीपावली अपनी जड़ों, संस्कृति और मातृभूमि से जुड़ने का विशेष अवसर है। उन्होंने अपनी बाल-कविता ‘सिया की दिवाली’ का पाठ किया, जिसमें पारिवारिक परंपराओं, रामकथा और त्योहार के उल्लास को अभिव्यक्त किया गया। साथ ही, पटाखों के प्रति सावधानी बरतने का संदेश भी दिया।
वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष श्री अनिल शर्मा ‘जोशी’ के सान्निध्य में कार्यक्रम आगे बढ़ा। उन्होंने सृजनशीलता को दीपक की लौ के समान बताते हुए कहा कि विचार और संवेदनाएँ ही व्यक्ति की रचनात्मक पहचान बनाए रखते हैं। उन्होंने अपनी कविता ‘शब्द एक रास्ता है’ का पाठ किया तथा आयोजन में योगदान के लिए स्वरांगी साने और तितिक्षा शाह का आभार व्यक्त किया।
काव्य गोष्ठी में कंदर्प मेहता (स्पेन) ने ‘दीप का असमंजस’ और ‘पाठक से प्रार्थना’ कविताओं के माध्यम से जीवन के द्वंद्व तथा शब्दों और संवेदनाओं के महत्त्व को प्रस्तुत किया। यूरी बोत्वीकिन (यूक्रेन) ने अपनी कविताओं में दीप, प्रकाश, प्रेम और जीवन के दार्शनिक पक्षों को अभिव्यक्त किया। डॉ. मोना कौशिक (बुल्गारिया) ने मिट्टी के दीपकों और घर-परिवार से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए स्थानीय कुम्हारों से दीपक खरीदने का आग्रह किया।
आरती बक्षी ‘आरु’ (इटली) ने अपनी कविता ‘मिट्टी के लिए’ में कुम्हारों और उनके परिवारों की पीड़ा को स्वर दिया तथा मिट्टी के दीपक खरीदकर उनके श्रम का सम्मान करने का संदेश दिया। डॉ. शिप्रा शिल्पी (जर्मनी) ने अपने गीत के माध्यम से प्रेम, सद्भावना, मानवीय गरिमा और एकता की भावना व्यक्त की। मनीष पाण्डेय ‘मनु’ (नीदरलैंड) ने अपनी कविताओं में माँ के स्नेह और बदलते पारिवारिक संबंधों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत करते हुए नई पीढ़ी को माता-पिता के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराया।
विश्वास दुबे (नीदरलैंड) ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से दीपावली के पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व को प्रस्तुत किया। डॉ. सुरेश पांडे (स्वीडन) ने ‘मन गई दीपावली’ कविता में आंतरिक प्रकाश और सकारात्मकता का संदेश दिया। मेघना बोस (स्पेन) ने ‘विदेश की दिवाली’ के माध्यम से प्रवासी जीवन में भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की भावना व्यक्त की। राजनंदिनी (स्पेन) ने दीप को ज्ञान, चेतना और आत्मबोध का प्रतीक बताते हुए उसके आध्यात्मिक एवं दार्शनिक महत्त्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुश्री पूजा अनिल (स्पेन) ने किया। अंत में मंजु यादव (स्पेन) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
रिपोर्ट : अजय शर्मा
