दिन विशेष कहानी : “वह आया था” – डॉ. कुसुम अंसल
उस समय आकाश गहरा नीला था, हवा बर्फीली और चीड़ के पत्तों की कमज़ोर महक से रुँधी हुई थी। हिमाच्छादित उस ऊँचे शिखर पर जहाँ तक दृष्टि जाती थी बस एक सफेद बर्फ की परत के अतिरिक्त कुछ भी दिखाई नहीं पड़ता था, न कोई पेड़ न कोई हरी-भरी झाड़ी-कुछ भी नहीं। हाँ कहीं-कहीं कोई गठील, पथराई-सी चट्टान बर्फ की चादर के बाहर सिर उठाए अवश्य दिख जाती थी। उस दिन तो सूरज भी जैसे वहाँ आने से कतरा रहा था। तभी तो एक धुंध भरा मद्धम प्रकाश जैसे-तैसे उस स्थान को रोशन करने में जुटा था। उस वातावरण से बेखबर बर्फ के एक टीले पर वह आलथी-पालथी मारकर बैठा हुआ था। उसके हाथ में लकड़ी का एक नुकीला-सा टुकड़ा था। वह टुकड़ा उस कार्य के लिए पर्याप्त नहीं था फिर भी वह जी जान से अपनी खुदाई में व्यस्त था। उस तेज़ हवा की ठिठुरन, गहरी ठण्ड, रुई की नर्म फुनगियों से गिरती बर्फ सभी से अनछुआ वह, अकेला ही तत्परता से अपनी खोज में तल्लीन-परिश्रमरत था। कभी-कभी उस लकड़ी के प्रहार की कमज़ोर-सी ध्वनि, वहाँ की थमी हुई हवाओं में छपछपाने लगती थी, ऐसे जैसे कोई उथले पानी में पैर रखता चला जा रहा हो।
“अरे…कौन हो तुम…क्या कर रहे हो यहाँ…?”
जाने कहाँ से सन्नाटे को तोड़ती एक आवाज़ हवाओं में तैरती उसके पास आकर ठहर गई।
उसने सिर उठाया, तो चेहरे पर एक पथराया-सा भाव था, वैसा जैसा
तपस्या भंग होने पर किसी समाधिस्थ संन्यासी का होता है….निर्विकार, शुष्क और शून्यत्व में धुला हुआ।
“मैं…अपनी सेना का एक जवान…”
“क्या कर रहे हो यहाँ, इतनी ऊँचाई पर, इतनी गहराई बर्फ में…अकेले?”
“तुम…तुम कौन हो यहाँ कैसे पहुँच गए?”
“मैं, मैं पहाड़ के उस दूसरे किनारे की तरफ से आया हूँ…वहाँ से जहाँ लोहे की कँटीली बाड़ सिर ताने खड़ी है…”
वह भी तो सिर ताने खड़ा था, पहले ने देखा, उसकी सेनानी वर्दी भी जगह-जगह से फटी हुई थी और जिस पर कहीं-कहीं खून के चकत्ते सूखकर काले पड़ चुके थे। चेहरा भी कैसा, जैसे राख मली गई हो, सलेटी, जिस पर पथराई-सी आँखें थीं परन्तु उन आँखों में जुगनू-सा एक जलता-बुझता स्थायी भाव थमा-सा रह गया था…क्या…पता नहीं क्यों?
आगंतुक ने भी पहले जवान को ध्यान से देखा उसका कोट भी ढेर सारे सुराखों से भरा था, कुछ वैसे सुराख जो गोलियों के आर-पार हो जाने से बन जाते हैं। उसका चेहरा भी तो जीवन्त नहीं लग रहा था, उस पर भी जैसे किसी ने कूची से गहरा पीला रंग पोत दिया था, जो बड़ा असंगत-सा था। परन्तु उसकी आँखों में भी एक न बुझने वाली चमक थी, जो उसके सारे अस्तित्व को एक रहस्यात्मक गर्माहट से भर रही थी।
पहले वाला मुड़कर फिर से अपनी खुदाई में लग गया। ‘खच्च-खच्च’ उसकी लकड़ी का बेकार किनारा अपनी नाकाम कोशिश में कार्यरत था। दूसरे वाले ने एक किनारे पर बर्फ के लम्बोतर टीले के पास बैठकर हाथों से थपथपाकर कुछ टटोला और फिर वहीं एक किनारे पर सिर झुकाकर बैठ गया। उसके हाथ में लोहे का एक कीला-सा था, जो खुदाई के काम आ सकता था, पहले वाले की तरह वह भी उस बर्फ की परत तले कुछ पाने की तलाश में खुदाई करने लगा। कुछ समय उन दोनों का खोदा-खादी में बीत गया, एक-दूसरे से बेखबर अपने-अपने अनुसंधान में व्यस्त रहे, फिर अचानक ही वे दोनों एक साथ उठे और एकाएक आमने-सामने खड़े हो गए।
“तुम क्या तलाश कर रहे हो यहाँ?” दूसरे ने पूछा।
“मेरा कुछ है यहाँ, जो दबा रह गया है।” दूसरे ने फिर पूछा।
“जानते तो होगे तुम, यह कारगिल का वही पहाड़ी इलाका है जहाँ कुछ महीने पहले लड़ाई हुई थी।”
“हाँ, जानता हूँ, मैं भी तो शामिल था उसमें।”
“अच्छा तो तुम भी क्या मेरी तरह शहीद…?”
“चलो अपना काम खत्म कर लें, वापस लौटना है मुझे किसी की नेकनामी का सवाल है।” दूसरा उसकी बात काटकर मुड़ गया था।
“अगर तुम्हारा काम खत्म हो जाए तो अपनी लोहे की कुदाली मुझे दोगे? मेरी लकड़ी तो काफी बेकार हो चुकी है…”
“ठीक है।” दूसरा वाला मुड़कर फिर से अपने काम में व्यस्त हो गया।
कुछ समय और निकल गया, पहले वाले की लकड़ी तब तक टूटकर दो टुकड़े हो चुकी थी, परन्तु उसकी खोज थी जो अभी तक पूरी गहराई में नहीं उतर पाई थी। वह उठकर खड़ा हुआ और लड़खड़ाते कदमों से चलता दूसरे के पास पहुँचा तो भौंचक्का रह गया। दूसरे वाले ने बर्फ से तराशकर जिसे निकाला था वह एक मृत सैनिक का जिस्म था, दूसरा आश्चर्य यह था कि उसका चेहरा कद, सभी कुछ हूबहू वैसा ही था जैसा वह खुद था। वैसे ही फटे तार-तार कपड़े चेहरा राख-राख जिस पर वैसी ही मेल खाती मुर्दनी छाई हुई थी।
“कौन है ये तुम्हारा, जुड़वाँ भाई?” कितनी समानता है इसकी तुम्हारे साथ और कपड़े भी तो…?
दूसरा कुछ नहीं बोला, उसने मुड़कर अपनी लोहे की कुदाली उसे पकड़ा दी।
“यही चाहिए था ना तुम्हें…लो अपना काम खत्म कर डालो।” उसकी आँखों के जुगनू तब भी चमचम कर रहे थे…कुछ पूछने की गुंजाइश नहीं थी।
“हाँ” पहले वाला कुदाल उठाकर अपने छोड़े हुए स्थान पर चला गया, इस बार खुदाई आसानी से मुकम्मल हो गई और वह जल्दी ही अपनी वांछित वस्तु पाने में सफल हो गया। उसने बर्फ की परत से खींचकर एक दोनाली बंदूक को बाहर निकाल लिया और जेब से रूमाल निकालकर बड़े प्यार से पोंछ रहा था। दूसरा जवान तब तक उसके बहुत निकट आ खड़ा हुआ, जाने कब से खड़ा था, ताज्जुब न तो उसे उसकी साँसों की गर्माहट से हुई थी, न ही उसकी परछाईं ने उसे छुआ था। वैसे ही सूरज का ढलना, उसके प्रकाश का होना, न होना उन दोनों के लिए अर्थवान था ही नहीं।
“कब से खड़े हो तुम?” पहले ने अपनी बंदूक उठाई और पहाड़ की ढलान की तरफ चलने लगा।
“बस अभी ही तो आया था।” दूसरे ने भी उसके साथ कदम मिलाये और वे दोनों पहाड़ के ढलान पर साथ-साथ उतरने लगे। पहले ने देखा, दूसरे के गले में एक लम्बी सुनहरी चेन थी, जिस पर स्वर्णिम अक्षरों में ‘ओम’ लिखा हुआ था और जो चमक भी रहा था।
“तुम्हें हासिल हो गया, जो तुम्हें चाहिए था?”
“हाँ।”
“और तुम्हें?”
“मुझे भी…” उसने अपनी गले में पड़ी चेन को बड़े स्नेह से छुआ और ‘ओम’ को उँगलियों से उठाकर आँखों से छुआया…
‘ओम’ पर विश्वास है तुम्हारा?”
“मैं नहीं जानता क्योंकि मैं हिन्दू नहीं हूँ।”
“क्या…” वह लड़खड़ाया, पैरों में कुछ फँस-सा गया था।
“संभलकर” दूसरे ने उसे बाँहों में थाम लिया…. ‘पैर बचाकर चलो, पता नहीं मेरे जैसे कितने जवान यहाँ अभी भी दफन हैं।’
“नहीं भाई, लड़ाई में शहीद हुए सभी जवान तिरंगे में लपेटकर ताबूतों में ले जाए जा चुके हैं ताकि उन्हें अपनी वीरता के लिए ‘परमवीर चक्र’ आदि से सम्मानित किया जा सके।”
“झूठ कह रहे तुम, मैं तो तब से यहीं हूँ…तुमने देखा तो था मुझे…मेरे मुल्क के लोग कहाँ ले गए हमें। इतनी मारकाट के बाद कौन-सा इन्कलाब आया? किसके हालात बदले-तुम्हारे मुल्क के या मेरे…?”
“इतनी बर्फ, ठण्डे धुएँ की सर्द रातों में कैसे रहते रहे तुम…इतने महीने बीत गए अब तो लड़ाई खत्म हुए?”
“चलों दिल बहलाने के लिए कोई और बात करें…मेरे कान बन्दूकों की आवाजें सुनते-सुनते फट चुके हैं, मेरी आँखें गोला बारूद के धुएँ से अन्धी हो चुकी हैं, जिस्म भी छलनी-छलनी हो चुका है…पर दिल में एक ख्वाब की मासूमियत अभी तक रुखसत नहीं हुई…बस वही जिन्दा है…”
“सँभलो…वीर जवान ठोकर नहीं खाते…” पहले ने कसकर दूसरे का हाथ पकड़ लिया…एक गहरी सर्द छुअन जो छुअन भी नहीं थी।
“हाँ, लड़खड़ाना कोई शहीदी फितरत नहीं है।”
“तुम्हें लगता है सैनिक सही कदम उठाते हैं?”
“उन्हें तो ऊपर से आए हुक्मरानों के ऐलान या ऑर्डर को मानना पड़ता है-अंजाम के बारे में सोचना उनका काम नहीं होता, हमारे लिए उस वक्त जंग एक जुनून होती है बस और कुछ नहीं…”
“तुम्हें नहीं लगता सारी साजिशें बाहरी होती हैं…नहीं तो क्या अन्तर है मुझमें और तुममें; अपमान, भाषा भी तो कितनी एक जैसी है, फिर क्यों हैं ये लड़ाइयाँ, मारकाट क्यों?”
“पता नहीं, क्यों सियासत दूसरी कौमों को मुर्दा समझने लगती हैं और फिर हमारा मुल्क तो खासतौर पर एक मज़हबी मर्ज़ का शिकार है। इसलिए ये लड़ाइयाँ खत्म होती हैं, और फिर शुरू हो जाती हैं।”
“हमारे लिए इन बातों का अब क्या फायदा…”
“हाँ, कोरे खयालात तो मुर्दों को ज़िन्दा नहीं कर सकते-खैर तुम बताओ, तुम्हारी यह बन्दूक बहुत पुरानी मालूम पड़ती है?”
“हाँ, मेरे दादा जी की है, उन्होंने मेरे पिता को दी थी और मेरे पिता के शहीद हो जाने पर मेरी माँ ने यह बन्दूक मुझे सौंप दी, लड़ाई के दौरान वहीं बर्फ में छूट गई थी, इसे ही तो वहाँ से लाने गया था, उतनी ऊँचाई पर…तीन पुश्तों का शहीदी दस्तावेज़ है यह मेरी दोनाली बन्दूक।” उसने बेहद प्यार से बन्दूक को छाती से लगा लिया… “और तुम दोस्त कितना खस्ताहाल हो, छलनी-छलनी और मज़े से चले जा रहे हो”-पहले ने उसके हाथ को नरमी से अपने हाथ में दबाते हुए कहा।
“मुझे, उस गाँव तक जाना है न, देखते नहीं यह सुनहरी चेन, मैं भी तो उतनी ऊँचाई पर इसे ही लेने गया था जाने कैसे मेरे गले में पड़ी रह गई, शायद इसलिए कि उसने अपने हाथों से पहनाई थी।” उसके व्यक्तित्व में कुछ था जो थम गया था, फिर वह मुस्कराया तो चेहरा, वैसा कुछ, जैसे पत्थरों में दरार पड़ जाती है।
अब तक वे दोनों ढलान से उतर गए थे। चीड़ और साल के वृक्ष अपनी शाखों पर पड़ी नरम बर्फ के फाहे उठाए उनके साथ-साथ चल रहे थे, थोड़ी दूर पर बस्ती के इक्का-दुक्का घर भी नज़र आने लगे थे जहाँ उनके रचे-बसे होने का, जीवन्त होने का प्रतीक थीं मद्धम-सी टिमटिमाती बत्तियाँ।
“क्या हम उसके बारे में बात कर सकते हैं?” पहले ने कहा।
“हाँ, क्यों नहीं?” दूसरे ने हसरत से कहा, “वह जो गाँव दिख रहा है न, वहाँ मैं अपनी ट्रेनिंग के दौरान चला जाता था, कभी खाना या जरूरत की चीजें खरीदने, कभी तो गश्त लगाने। मैंने तो उसे नहीं देखा था, पर उसने मुझे वहाँ छुपते-छुपते देख लिया था। बस फिर गाँव के उस कोने की एक अकेली कोठरी, मेरे छुपने और उससे मिलने की ख्वाबगाह बन गई। वह पाक औरत थी, दोस्त, पर उसे अपना हुस्न छुपाना नहीं आता था…वह खुद मुहब्बत की खातिर मेरे सामने बेनकाब हुई थी और मैं उसके खूबसूरत जिस्म को देखकर पागल हो गया था-उसने अपने घरवालों को कुछ नहीं बताया था, लेकिन मेरा वजूद, सरहद के उस पार मेरा मुल्क, मेरा मज़हब सभी कुछ हमारे रिश्ते को कबूल नहीं कर सकता था और उसके बाद जैसे ही लड़ाई का ऐलान हुआ मुझे भी अपनी फौज के साथ कारगिल की उन ऊँची चोटियों पर जाना पड़ा। सिपाही तो ज़ालिम दौड़ में शामिल होते ही हैं दोस्त, प्रेम, मोहब्बत उनका नसीब नहीं होती,” वह फिर ठहरकर अपनी जुगनू भरी आँखों से उस अपनी ख्वाबगाह को तलाश रहा था जो उनके प्रेम की गवाह थी।
“चलो मेरी बात छोड़ो, अब अपनी कहो, तुम कैसे पहुँच गए यहाँ…?” दूसरे ने ठहरकर उसके हाथ से अपने हाथ को छुड़ाते हुए कहा।
“मैं जब छोटा था न, तब से घर की दीवारों पर अपने पुरखों की काली सफेद तस्वीरें देखकर बड़ा हुआ था। मेरी माँ बताती थीं कि हमारा परिवार देश के स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान होता आया है-घर के पुरुष मेरे दादा के दादा, फिर मेरे पिता, वे सभी तो वीरगति को प्राप्त हुए जिसकी गवाही देते घर में बहुत से इनामी सर्टिफिकेट और सम्मान-पत्र शीशे के फ्रेम में मढ़ रखे थे। पहले दादी ने मेरे पिता को, फिर मेरी माँ ने मुझे अकेले ही पाल-पोसकर बड़ा किया। सारी उम्र तकलीफों और धनाभाव को सहकर भी वह मुझे देश के प्रति समर्पित होने का, बहादुरी का पाठ पढ़ाती रही। बस विरासत के रूप में बुज़ुर्गों की वीरता की दास्तानें और वह बन्दूक मुझे सौंप दी थी मेरी माँ ने, और अब जब कारगिल के इस युद्ध में इसे लेकर उतरा तो मेरे वीरगति पा जाने के बाद यह यहीं पड़ी रह गई। मेरे शरीर को तो उठा ले गए युद्ध से बचे हुए लोग अपने कौमी झण्डे में लपेटकर, ताकि मेरी माँ मेरी मृत्यु पर गर्व कर सके।”
“तो यह बन्दूक इसीलिए लिये जा रहे हो कि तुम्हारा बेटा तुम्हारे बाद इसे कन्धे पर उठाएगा…” दूसरे ने हमदर्दी से कहा।
“मेरी तो अभी तक शादी भी नहीं हुई।”
“हो जाएगी, इंशाअल्लाह, बेटा भी होगा…एक क्यों…तुम दो या चार पैदा करना…”
“पहले वाला हँसा…तो, चेहरे के पीलेपन में कुछ और गहराया, गहरी शून्यता तक जाता एक टूटा-सा भाव।”
“हौसला मत छोड़ो दोस्त…ख्वाब को मुकम्मल करना बड़ा ज़रूरी होता है….ख्वाब ही तो है जो इंसान को काँटेदार दीवार फलाँगकर इतनी दूर ले जाता है….इतनी ऊँचाई तक पहुँचा देता है…” उसने मुड़कर पीछे खड़े पहाड़ की ओर इशारा करते हुए कहा।
“जब आदमी मर जाता है तो…तो सपने भी तो मर जाते हैं दोस्त।”
“हाँ…मैं तो भूल ही गया था, कि हम दोनों ही ज़िन्दा नहीं हैं….सॉरी दोस्त।” वह दोनों एक-दूसरे के गले लग गए और फिर से हाथ पकड़कर चलने लगे।
तब तक वे दोनों बस्ती के निकट पहुँच गए थे। ‘दूसरा’, बस्ती के किनारे वाली छोटी-सी कोठरी की तरफ बड़ी फुर्ती से कदम बढ़ा रहा था, ‘पहले वाला भी अपनी बन्दूक उठाए, उसके पीछे-पीछे चला जा रहा था।’
कोठरी की खिड़की खुली थी, और उसमें से एक औरत के चीखने-चिल्लाने की दर्दीली आवाज़ आ रही थी। शायद इसलिए कि वह प्रसव-वेदना से कराह रही थी। उन दोनों ने खिड़की से झाँककर देखा, कमरे में दो औरतें और थीं जो लालटेन की मद्धम रोशनी में काफी क्रूर लग रही थीं, उन्होंने झम्मकझोर फिरन पहन रक्खे थे। उनके चेहरे पर झुर्रियों के अलावा माँग का सिन्दूर और माथे की बिन्दी जीवन्त थी। बस, वह घर-परिवार जिस धर्म को मानता था, वह जताने के लिए उस कोठरी का वह परिवेश पर्याप्त था। आले में जलता हुआ दीया। दीवार पर पुराना सीता और राम लक्ष्मण का कैलेण्डर फड़फड़ा रहा था। तभी चन्द्रमा की रोशनी ने खिड़की से उतरकर कराहती नवयौवना को नरमाई से छुआ और कोठरी के कच्चे फर्श पर बड़ी कोमलता से फैल गई…काँगड़ी के बुझते कोयले भी एकाएक चमक उठे…और बच्चे के रोने की आवाज़ कोठरी में गूंजने लगी।
“क्या कोई ऐसी तजवीज़, कानून नहीं है जो हमें इन हुक्मरानों से निजात दिला सके, दुश्मनी का, लड़ाइयों से बाहर निकल आने का रास्ता समझा सके। और मैं उसे उठाकर अपने मुल्क ले जा सकूँ।”
“शायद तुम भूल गए दोस्त तुम और मैं उस तजवीज़ और कानून की गिरफ्त से बाहर हैं।”
“ओह हाँ, मैं तो भूल ही गया था…उसके चेहरे को देखकर हमेशा की तरह सब कुछ भूल गया था…फिर…वह देखो…मेरा बेटा…मेरा चाँद-सा बेटा, काश मैं उसे गोदी में उठा सकता…!”
कोठरी में मोटी औरत जंग लगी कैंची से बच्चे की नाल काट रही थी…।
“ठहरो…दाई माँ, कैंची तो साफ लेकर आतीं, बच्चे को कोई बीमारी लग गई तो, कितनी पुरानी और जंग खाई है तुम्हारी कैंची।”
“कहाँ से लाती साफ कैंची, गाँव का सारा लोहा तो तोपें बन्दूकें बनाने के काम आ चुका है…और फिर यह हराम की औलाद, ब्राह्मण की बेटी मुसलमान आतंकवादी का बच्चा…क्या करेगी इसे जिलाकर, होती है तो होने दो बीमारी।” वह क्रूरता से बोली।
“चोप्प…” माँ ने उसके मुँह पर हाथ रख दिया, “नाम मत ले उसका, जाने कहाँ से आया था, हमारे मुँह पर कालिख पोत गया नामुराद…।”
जैसे ही घर की धड़कन सामान्य हुई ‘दूसरा’ चुपचाप भीतर गया…अपनी सोने की चेन बच्चे के गले में पहनाई…आँखें मूँदें पड़ी उस नवयौवना के माथे पर बड़ी हसरत से हाथ फेरा, तो साहस करके ‘पहले’ वाला भी उसके पीछे-पीछे भीतर गया…और अपनी बन्दूक बच्चे के कुलबुलाते शरीर के पास धरती पर टिका दी-और एक फौजी सलामी के बाद वह दोनों कोठरी के बाहर निकल आए।
“माँ… माँ… देखो वह आया था…” नवयौवना ने जैसे कुछ महसूस किया था।
“चोप्प” माँ ने हाथ का काम छोड़कर फिर से डाँटा उसे।
“नहीं देखो माँ…यह सोने की चेन…मैंने ही तो उसके गले में डाली थी…. वह आया था अपने बेटे को चेन पहना गया है…मैं जानती थी वह आएगा। ..वायदा था उसका।”
“पगला गई है, अखबार में मरने वालों की सूची में पढ़ा था मैंने उसका नाम।”
“झूठ कहती हो माँ, उस मुल्क का अखबार हमारे यहाँ तो पहुँचता ही नहीं।”
“तू चुप नहीं रहेगी, मैं बाहर देखती हूँ कौन आया था यहाँ, आया था तो मुझे पता क्यों नहीं चला?” इस बार माँ हैरान भी थी, सोने की चेन बच्चे के गले में चमक रही थी…और पास में रखी थी एक दोनाली बन्दूक भी। माँ के थके श्रमसाध्य चेहरे पर परेशानी और असमंजस का पसीना बह रहा था। उसने काँपते हाथों से कोठरी का दरवाज़ा खोला। बाहर रात गहरा गई थी। आस-पास के घरों और पेड़ों पर अँधेरा एक गहरी दमसाध चुप्पी लिये अपनी रहस्यात्मकता छुपाए पसर रहा था। जंगल सूने और पंछीविहीन थे। अपने को बेसहारा और बेचैन महसूस करते हुए वे सारे के सारे पंछी जाने कहाँ उड़ गए थे, कँटीले तारों की बाड़ के इस पार या उस पार, पता नहीं।
हैरान परेशान माँ ने अपनी मिचमिचाती आँखों से उसे ढूँढ़ने की कोशिश की पर आहट नहीं थी। अचानक उसने देखा कोठरी की दीवार से सटे हुए आदमकद राख की उस ढेरी को जो चेहराविहीन, फिर भी कुछ संप्रेषित करती हुई एक आकार विशेष में सिमटी हुई थी और उसके आस-पास एक बेहद दुर्बल-सा जुगनू जैसा जलता-बुझता प्रकाश जीवन्त था…नवयौवना भी लड़खड़ाते कदमों से बाहर आ गई थी…“वह आया था न माँ? मैं जानती थी वह अपना वायदा निभाएगा।” बेहोश होती बेटी को संभालती माँ, देख रही थी कि राख का ढेर तेज़ हवा में विलीन होता जा रहा था। खुशबूदार वह राख उनके चेहरे को छूकर उड़े जा रही थी परन्तु हाँ, खाली दीवार पर अब भी कुछ था, जो वहाँ थमा रह गया था। एक अनुभवगम्य, सच्चा, अनछुआ एहसास…प्रेम या प्रकाश….जिसका कोई धर्म नहीं होता और जिसे काँटेदार तारों की कोई बाड़ या जीवन, मृत्यु का कोई नियम अवरुद्ध नहीं कर पाता।
***************
डॉ. कुसुम अंसल की यह कहानी युद्ध में सीमा पर शहीद हुए दो सैनिकों के संदर्भ को लेकर है। जिसमें लेखिका ने यह सिद्ध करने का प्रयास किया है कि प्रेम का कोई धर्म नहीं होता और वह सैनिक हो या आतंकवादी, सभी युद्ध को नापसंद करते हैं। एक इंसानी भावना के तहत खुद को एक चैन-सुकून की जिंदगी जीने के लिए तैयार करना और फिर यह इच्छा अधूरी रह जाना—इस भाव को शब्दों का ताना-बाना बुनकर बहुत अच्छे ढंग से लेखिका ने प्रस्तुत किया है।” – मनोज अबोध
