हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन
नई दिल्ली। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ललित कला अकादेमी, संगीत नाटक अकादेमी एवं साहित्य अकादेमी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
रैली से पूर्व तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारों को आकाश में छोड़कर एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया। इसके पश्चात श्री राजीव कुमार, सचिव, ललित कला अकादेमी एवं निदेशक, संस्कृति मंत्रालय; श्री राजू दास, सचिव, संगीत नाटक अकादेमी तथा डॉ. वरुण गुलाटी, सचिव, साहित्य अकादेमी की गरिमामयी उपस्थिति में तिरंगा रैली का शुभारंभ हुआ।
रैली में दिल्ली एवं आसपास के विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ तीनों अकादमियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम का वातावरण दिखाई दिया।
“वन्दे मातरम्” की भावना को समर्पित यह तिरंगा रैली राष्ट्रीय गौरव और एकता का जीवंत उत्सव बन गई। आयोजन ने विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

