हिंदी राइटर्स गिल्ड कैनेडा का विशेष साहित्यिक आयोजन संपन्न, ‘सुनो माधवी’ का पाठ और ‘डिफेक्टिव’ का लोकार्पण बना आकर्षण का केंद्र

Report (68)

कनाडा, 19 सितंबर 2026 हिंदी राइटर्स गिल्ड कैनेडा द्वारा आयोजित विशेष साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हिंदी प्रेमियों के लिए यादगार अवसर बन गया। अमेरिका और कनाडा के साहित्यकारों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य के जीवंत मंच का रूप दिया।

Report (67)

कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ।
प्रथम सत्र: ‘सुनो माधवी’ के अंशों का पाठ
प्रथम सत्र में अमेरिका से पधारीं प्रतिष्ठित अनुवादिका एवं लेखिका वसुधा सहस्रबुद्धे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शैलजा सक्सेना ने किया। उन्होंने वसुधा जी के साहित्यिक एवं रचनात्मक योगदान से श्रोताओं को अवगत कराया।
इसके पश्चात वसुधा जी ने अपने चर्चित नाटक ‘सुनो माधवी’ के चयनित अंशों का पाठ किया। उनके सधे हुए पाठ ने उपस्थित साहित्यप्रेमियों को नाटक के कथ्य, संवेदनाओं और पात्रों की भावभूमि से गहराई से जोड़ा, जिसे श्रोताओं ने अत्यंत रुचि और एकाग्रता के साथ सुना।

द्वितीय सत्र: उपन्यास ‘डिफेक्टिव’ का लोकार्पण
जलपान के पश्चात दूसरे सत्र में टोरंटो की लोकप्रिय लेखिका एवं रेडियो प्रस्तुतकर्ता पूनम कासलीवाल के दूसरे उपन्यास ‘डिफेक्टिव’ का लोकार्पण किया गया।
इस सत्र का कुशल मंच संचालन संदीप सिंह ने किया। लोकार्पण सत्र में डॉ. कनिका वर्मा और सरस दरबारी ने उपन्यास पर समीक्षात्मक विचार रखे और इसकी विषयवस्तु, संवेदनशीलता और साहित्यिक पक्षों पर प्रकाश डाला।

तत्पश्चात लेखिका पूनम कासलीवाल ने अपनी लेखन-यात्रा और ‘डिफेक्टिव’ के सृजन की पृष्ठभूमि, अनुभव और सोच को श्रोताओं के साथ साझा किया।

समापन सत्र
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समीर लाल ‘समीर’ ने अपने सारगर्भित एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में साहित्य और हिंदी भाषा के प्रति निरंतर सक्रिय रहने तथा रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

साहित्य, रंगमंच, संवाद और सृजन से भरपूर यह आयोजन हिंदी भाषा के प्रति समर्पित लोगों की भागीदारी का सुंदर उदाहरण रहा, जिसने शब्दों को मंच दिया, रचनाओं को पाठकों से जोड़ा और हिंदी के प्रति प्रेम को और अधिक सशक्त किया।


प्रस्तुति: पूनम कासलीवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »