प्रवासी लेखिका शिखा वार्ष्णेय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर परिचर्चा

Repot (3)

21 नवंबर, प्रवासी भवन (नई दिल्ली) चर्चित एवं लोकप्रिय प्रवासी लेखिका शिखा वार्ष्णेय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित परिचर्चा में शिखा के लेखन, व्यक्तित्व और प्रवासी साहित्य की चर्चा हुई। कार्यक्रम का आरम्भ लेखिका के परिचय और उनको सम्मानित करने से हुआ। इस क्रम में वैश्विक हिंदी परिवार एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद की ओर से अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ द्वारा अभिनंदन किया गया।
समाजसेवी एवं सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी डॉ० शिखा दरबारी ने उनके पहले उपन्यास ‘अस्मि’ और उनकी कविताओं पर विस्तार से प्रभावी चर्चा की। ‘अस्मि’ की नायिका एला के अपने व्यक्तित्व को पहचानने और ख़ुद की संतुष्टि के लिए काम करने की चर्चा की। उन्होंने शिखा की कविताओं की भी चर्चा की। एक कविता में ‘पंख फैलाकर आसमान में उड़ने को बेताब’ इंसान का जिक्र है। दूसरी कविता के भाव थे कि राम मंदिर के लिए ज़मीन मिलने में इसीलिए देर हो रही है क्योंकि सीता जी को अपनी उपेक्षा के कारण भू समाधि लेनी पड़ी थी।
यह कविता शायद राम मंदिर बनने के पहले की थी। आगे शिखा शायद कोई कविता राममंदिर में चंदा चोरी के प्रकरण पर भी लिखें।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के अनुवाद अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने शिखा के यात्रा संस्मरण ‘देशी चश्मे से लंदन डायरी’ पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यात्रा संस्मरण में शिखा के लेखन की सहजता, व्यंग्य और पठनीयता की चर्चा की।
इसके बाद शिखा के लेखन और व्यक्तित्व पर ‘मैगी चर्चाओं’ का दौर शुरू हुआ। समय कम होने के कारण सभी वक्ताओं को दो से तीन मिनट में अपनी बात रखने का मौक़ा मिला। अनूप शुक्ल ने भी शिखा के लेखन पर बात करते हुए बताया कि हम शिखा के लेखन से तब से परिचित हैं जब वे ब्लॉगिंग में अपने लेखन की नेट प्रैक्टिस कर रहीं थीं। उनके ब्लॉग ‘स्पंदन’ की प्रोफाइल फोटो में वो हाथ में पेन लिए सोचते हुए सी बैठी थीं। उनके ब्लॉग की फ़ोटो याद करते हुए शिखा से रूबरू मिलते हुए लगता है -‘ये कोई और हैं, वो कोई और थीं।’
हम सबके पास बोलने के लिए ढेर मसाला था। बोलते भी। लेकिन सामने से कुशल संचालक तितिक्षा जी का डमरू की तरह हिलता हाथ कह रहा था अब बस करो। हम ‘थम’ गए।
इसके बाद कई लोगों ने संक्षेप में अपने विचार व्यक्त किए। लगभग सभी लोग शिखा की किताबें ‘अभी पढ़ नहीं पाये हैं ‘ घराने के थे। सभी ने यह वायदा किया कि वे जल्द ही उनकी किताबें पढ़कर उनके बारे में लिखेंगे। शिखा मुस्कराती हुई सबके नाम ज़रूर नोट कर रहीं होंगी।
दिव्या माथुर जी ने शिखा के लेखन और उनसे खूब बतियाते रहने की चर्चा की। उनकी बातचीत चर्चा सुनकर मुझे परसाई जी का श्रीकांत वर्मा जी पर लिखा संस्मरण याद आया जिसमें उन्होंने अपने बातचीत के किस्से का जिक्र करते हुए लिखा था :
“रात रात भर बातें की हैं! बात-बात पर रातें की हैं।”
बातचीत के साथ-साथ शिखा से सवाल-जबाब भी होते रहे। शुरुआत संचालक तितिक्षा के इस सवाल से हुई कि शिखा के लिए हिंदी लेखन क्या मायने रखता है। शिखा ने प्रभावी अंदाज़ में शुरुआत करते हुए बताया -‘हिंदी मेरे लिए इमोशन है, मेरी आत्मा है, मेरी जरूरत है।’
दुनिया में स्त्री की स्थिति पर अपनी राय रखते हुए शिखा ने कहा -‘ पूरी दुनिया में स्त्री की स्थिति एक जैसी है। स्त्री हर जगह एक है।’
सवाल जबाब के क्रम में शिखा ने अपने लेखन में अपने साथ जुड़े लोगों ( जो मंच पर मौजूद थे दिव्या माथुर, डॉ. शिखा दरबारी आदि के) ‘मैं हूँ न’ भाव वाले प्रोत्साहन की चर्चा की।
बातचीत के क्रम में शिखा ने अपनी किताबों के बारे में, ब्रिटेन में हिन्दी पर हो रहे काम के बारे में और स्कूल कॉलेज में हिंदी की स्थिति के बारे में चर्चा की।
बातचीत के दौरान सबसे अधिक चर्चा प्रवासी लेखन की वर्तमान स्थिति पर हुई। शिखा ने अपनी राय जाहिर करते हुए कहा -‘ उनको हिंदी लेखन के क्षेत्र में सभी का बहुत प्यार और प्रोत्साहन मिला है। कभी कोई समस्या नहीं हुई। वावजूद इसके उनको लगता है कि अपने देश में प्रवासी लेखन को उतना महत्व अभी नहीं मिला जितना मिलना चाहिए।
इसके बाद विमर्श वक्ता के रूप में डॉ. वरुण कुमार, प्रो० राकेश पाण्डेय, मनोज श्रीवास्तव अनाम ने प्रवासी साहित्य और उसके महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। एक मत यह भी आया कि प्रवासी साहित्य की पर्याप्त चर्चा होती है। प्रवासी लेखकों के भीतर कुछ ऐसा भाव भी होता है कि वे जो भी लिखें वह सब छपे और उसकी चर्चा हो। ऐसा नहीं होने पर उनको लगता है उनके साहित्य की चर्चा हुई।
नॉस्टेल्जिया प्रवासी लेखन का मुख्य तत्व है। विदेश में अपनी धरती और उससे जुड़े लोगों की याद तथा देश से दूर होने की टीस प्रवासी लेखन में (शायद शुरुआती) में दर्ज होती है।
बाहर रहते हुए वहाँ के जीवन में अपनाई गई चीजों और परिवेश का वर्णन प्रवासी लेखन में सहज रूप से आता है।
प्रवासी लेखकों की रचनाओं की एक-एक प्रति प्रवासी भवन में रखने की योजना पर चर्चा हुई। वाणी प्रकाशन के अरुण महेश्वरी जी ने अपने प्रकाशन से प्रकाशित की जाने वाली प्रवासी लेखकों की रचनाओं की चर्चा की।
पूरे कार्यक्रम का ऑननलाइन प्रसारण हो रहा था। देश-विदेश के कई साथी लगातार पूरे कार्यक्रम के दौरान आनलाइन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आख़िर में शिखा की छोटी बहन तनु वार्ष्णेय शर्मा ने लेखिका के बारे में कहा -“ वे अपनी दीदी की अधिकांश रचनाओं की पहली पाठिका रहीं हैं। उनके सुधार सुझाती रही हैं। कमियाँ बताती रही हैं। उनको अपनी दीदी के रोल मॉडल होने पर गर्व का भाव है।’
कार्यक्रम के आख़िर में फ़ोटो सेशन हुआ। डॉ० दर्शनी प्रिया ने प्रवासी लेखन पर बातचीत की। पूरी बातचीत उनकी वाल सुन सकते हैं।
शिखा के कार्यक्रम के बहाने कई लोगों से परिचय, बातचीत और मुलाकात हुईं।
दिव्या माथुर जी का लेखन पढ़ते रहे थे। उनको सुनने का मौक़ा पहली बार मिला।

कार्यक्रम के बाद स्वल्पाहार और उसके बाद प्रस्थान हुआ। शिखा वार्ष्णेय से 14 साल पहले हुई बातचीत में उनके रोल मॉडल के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा था -“किसी के जैसा होना मुझे पसंद नहीं।” शिखा भले किसी और के जैसा न होना चाहें लेकिन उनकी लेखन यात्रा ज़रूर कई लोगों उनके जैसा होने के लिए उकसायेगी।
ने ‘अस्मि ‘उपन्यास के बहाने कथा लेखन में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। उनके अब तक के लेखन की बधाई। आगे और ख़ूबसारा और प्रभावी लेखन करने के लिए शुभकामनाएं।

रिपोर्ट : फेसबुक साभार से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »