
विश्व रंग श्रीलंका 2025 का भव्य उद्घाटन भारत और श्रीलंका की साझा संस्कृति के विविध रंगों को समेटे रंगारंग शोभायात्रा के आयोजन से किया गया। इस अवसर पर श्रीलंका के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों–कलाकारों ने पारंपरिक लोक संगीत, शास्त्रीय संगीत और मनमोहक नृत्यकला की नयनाभिराम प्रस्तुतियों से उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। विश्व रंग शोभा यात्रा में ‘विश्व रंग आया है रंग हजारों लाया है’, ‘विश्व रंग जिन्दाबाद, जिन्दाबाद– जिन्दाबाद’ के गगनभेदी नारों ने सभी को रोमांचित कर दिया। विश्व रंग की रंगारंग शोभा यात्रा ने प्रेम, शांति, सद्भावना और मानवता का पैगाम पूरे विश्व को दिया।




विश्व रंग श्रीलंका में ‘विश्व में हिंदी’ सहित महत्वपूर्ण पुस्तकें हुई लोकार्पित
पुस्तक लोकार्पण के अंतर्गत 65 देशों में हिंदी की स्थिति का विस्तार पूर्वक आकलन करती पुस्तक ‘विश्व में हिंदी’ का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केंद्र द्वारा तैयार टैगोर के सांस्कृतिक निबंधों कै सहेज कर तैयार की गई पुस्तक ‘आनंदधारा’, दक्षिण भारतीय भाषाओं में हिंदी पर केंद्रित विश्व रंग संवाद पत्रिका के विशेषांक का लोकार्पण भी किया गया। विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, भारतीर उच्चायोग, कोलंबो, श्रीलंका द्वारा प्रकाशित ‘सिंहली–हिंदी शब्द कोश’ एवं श्रीलंका हिंदी समाचार पत्रिका (हिंदी दिवस विशेषांक) का लोकार्पण भी इस अवसर पर किया गया।

