नाद यात्रा ( मासिक सांगीतिक शृंखला )

इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, क्षेत्रीय केन्द्र, वाराणसी एवं संस्कार भारती, काशी महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मासिक सांगीतिक श्रृंखला ‘नाद यात्रा’ का सफल आयोजन हुआ। केन्द्र के निदेशक डॉ. अभिजित् दीक्षित ने नादयात्रा का उद्देश्य बताते हुये यह कहा कि यह यात्रा जीव से नादब्रह्म के सायुज्य की यात्रा है। इस कार्यक्रम में मुख्य प्रस्तुति के अन्तर्गत सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका श्रीमती चिन्मयी आठले ओक ने हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की मनोहारी बंदिशों का सस्वर गायन प्रस्तुत किया। अन्त में उनके द्वारा गाये भजनों ने श्रोताओं को मन्त्रमुग्ध कर दिया।वाद्य संगीत की प्रस्तुति में श्री बुधादित्य प्रधान ने सितार वादन के माध्यम से रागों की सूक्ष्मता एवं विस्तार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति में तकनीकी दक्षता एवं सौंदर्य का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। संगत कलाकारों में पं० राहुल भट्ट एवं श्री मोहित भादुड़ी ने तबला वादन द्वारा उत्कृष्ट ताल संयोजन प्रस्तुत किया, वहीं श्री हर्षित उपाध्याय ने संवादिनी पर सुसंगत सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री कृष्ण कुमार तिवारी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन बीएचयू संगीत विभाग के डॉ. कुमार अम्बरीष चंचल ने किया।
रिपोर्ट :– अनीता वर्मा
