‘दिशा’ की बैठक में पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम-अमेठी’ का लोकार्पण

अमेठी, 25 जुलाई 2026। अमेठी जनपद के विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद श्री किशोरी लाल शर्मा ने की। इस अवसर पर अमेठी जनपद की स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने वाली पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम-अमेठी’ का गरिमापूर्ण लोकार्पण किया गया। पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर जनपद के अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें गौरीगंज विधायक श्री राकेश प्रताप सिंह, एमएलसी श्री गोविंद नारायण शुक्ल, अमेठी विधायक श्रीमती महराजी प्रजापति, पूर्व एमएलसी श्री दीपक सिंह, जिलाधिकारी श्री संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुश्री ज्योति सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे। पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम-अमेठी’ के माध्यम से अमेठी जनपद के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, संघर्ष और ऐतिहासिक भूमिका को सामने लाने का प्रयास किया गया है। पुस्तक का लोकार्पण क्षेत्र के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानीय योगदान को व्यापक स्तर पर रेखांकित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर पुस्तक के लेखक ने माननीय सांसद श्री किशोरी लाल शर्मा एवं जिलाधिकारी श्री संजय चौहान के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उनके सहयोग एवं प्रयासों से पुस्तक का लोकार्पण ‘दिशा’ की बैठक के अवसर पर संपन्न हो सका। कार्यक्रम ने अमेठी के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को स्मरण करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प को भी सुदृढ़ किया।
