एक यात्रा: शहर के दिक्-काल में – डॉ. वरुण कुमार

दिल्ली आया हुआ हूँ। यहाँ आए तीन साल हो चले लेकिन अभी तक यहाँ के वासी होने का भाव मन में नहीं आया। अभी लगता है जैसे प्रवास में हूँ और कुछ दिन में वापस जाना है। वापस कहाँ? कलकत्ता? जो लगभग तीन दशकों तक मेरा कर्मक्षेत्र रहा? या फिर गाँव, जहाँ अब मेरा पुश्तैनी खेत-मकान कुछ नहीं बचा? या फिर मुंगेर, जहाँ अपनी किशोरावस्था से यौवनारंभ तक की जीवन यात्रा की और जहाँ सरकारी नौकरी में आने के बाद सिर्फ छुट्टियों में आने-जाने के सिवा रहना संभव नहीं हुआ, जहाँ पिताजी की एकमात्र निशानी — मकान बहुत दिन तक ढोते ढोते बिक गया। अब मेरा कोई अधिवास नहीं। निरंतर प्रवासी हूँ। अब तो वय के चौथेपन में आकर जीना भी प्रवास में होने-सा महसूस होने लगा है। दिल्ली भी बस पड़ाव है। हालाँकि नौकरी की आखिरी पदोन्नति लेकर दिल्ली आने और सेवानिवृत्ति के करीब पहुँचने के बाद अब लगता नहीं कि दिल्ली छूटेगी। लेकिन कहीं भी रहूँ, क्या फर्क पड़ता है –
“जब मयकदा छुटा तो फिर क्या जगह की कैद,
मस्जिद हो, मदरसा हो, कोई खानकाह हो।” (गालिब)
अपने गांँव से, शहर से निर्वासित – निरंतर निर्वासित। कोई महानगर आपको अपना बनाता भी तो नहीं – चाहे कोलकाता हो या दिल्ली। अब मैं अस्तित्ववादी अर्थो में भी निर्वासित हूँ – अपने आप से, अपने परिजनों से, अपने परिवेश से, अपने समय की रुचियों से, अपने वक्त की धाराओं से भी दूर। लगता है अपने स्व से भी दूर हूँ – अलग, अकेला।
इस वक्त भी सफर पर ही हूँ। दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स से पटपड़गंज की ओर। उसी पटपड़गंज की ओर जहां मनुष्य के निर्वासन का महान कथाकार रहता था। जिसने आजीवन संबंधों के टूटन की, मनुष्य के अकेलेपन की विडम्बना की, उसकी ‘आत्मा की खरोचों’ की कहानियाँ कहीं। निर्मल वर्मा। वह अब इस मर्त्यलोक से ही निर्वासित है। उसकी सहधर्मिणी बौद्धों का वैराग्य अपनाकर इस जगत से ही निर्वासन में है – निर्वासित की संगिनी का स्वयं का ही निर्वासन।
‘पट’-‘पड़’-गंज – पर्दा गिरने की पुरी। वहीं मेरे इस यात्रा-नाट्य का पट गिरेगा। रास्ते में गाड़ी के शीशे से बाहर दिखती हैं धूल लिपटी बनी-अधबनी इमारतें। कितना साधारण परिवेश है! लगता नहीं यह रास्ता ऐसे मंजिल की ओर ले जा रहा है जहाँ एक महान सर्जक आत्मा चिंतन और सृजन के असाधारण दौड़ लगाती थी। कहाँ गई वह आत्मा? किस लोक में? अपने पीछे छूट गए लोगों के स्मृति लोक में? क्रोचे ने कहा था, कला मुक्त करती है – Art liberates. क्या उसकी कृतियों ने अपने रचयिता को संसार से ही मुक्त कर दिया?
यात्रा छोटी है। शायद घंटे भर की। इतना समय भी भीड़ और सड़क पर जाम के कारण लगेगा, नहीं तो दूरी दस-बारह किलोमीटर से ज्यादा नहीं। गति धीमी हो तो मन स्थानों से संबंधित इतिहास और स्मृति की वीथियों में भटकने लगता है। विशेषकर दिल्ली जैसे ऐतिहासिक शहर में। यात्रा की विलम्बित लय निरंतर उत्सुक मन को ठहरने, रुकने, खेलने का मौका दे देती है। अंतस् में जैसे एक जोड़ी आँखें उग आती हैं – बाहरी आँखों को अंदर से देखती हुईं।
आँखों के सामने आ रहा है सराय काले खान का पुल – जमीन से सर्पिल आकार में उठता हुआ। ऊपर से दूर तक शहर का दृश्य दिखता है — दोनों तरफ घनी बस्तियाँ, उनके आगे यमुना का पुल, नीचे सँकरी धाराओं में बँटा यमुना का पानी, दोनों तरफ की रेती की दूर तक खाली जमीन, उसमें उगी वनस्पतियाँ, पेड़, पौधे, झाड़ियाँ, बिजली के खम्भे, बीच बीच में टीलों पर झोपड़ियाँ। पता नहीं इस पुल के दोनों तरफ घेरे ऊँचे क्यों रखे गए हैं। दूर का तो दिख जाता है, पास का पता नहीं चलता। ऐसा लगता है जैसे तांगे के घोड़े की तरह आँखों के दोनों तरफ पट्टियाँ बाँध दी गई हों। लगता है जमाना आगे बढ़ने के साथ आदमी को नियंत्रित करने की प्रवृत्ति भी बढ़ती जाती है — वही और उतना ही देखो जितना हम चाहते हैं।
जमाना भी इतनी तेजी से दौड़ रहा है कि पीछे की तरफ देखने की फुर्सत नहीं — प्रगति, विकास, आधुनिकता! कोई इतिहास के चिन्हों को देखेगा जो प्रतीक्षा करते हैं? किसी धैर्यवान जिज्ञासु की, किसी फुर्सत के पल की? कोई ठहरकर इनकी बात सुनेगा? इनको गाइड बनाकर अतीत की गलियों में घूमेगा?
फुर्सत मुझे भी ज्यादा नहीं है। जाम में धीरे-धीरे चल रही गाड़ी जितना भटकने का मौका देगी उतना ही। बस। दूर नहीं जाकर आसपास ही देखकर लौट आऊंगा।
सराय काले खान। शेरशाह सूरी के दौर के मशहूर पीर काले खान के नाम पर बना सराय। चौदहवी-पंद्रहवी सदी का समय। चांदनी चौक की गहमागहमी से दूर महरौली के शांत मनोरम स्थान में निर्मित। यहाँ यात्रियों-व्यापारियों के कारवाँ और मुगल दरबार में आने-जानेवाले शाही मेहमान रुका करते थे। आज इसकी गहमागहमी से यह फ्लाईओवर ही राहत देता है। वैसे दिल्ली में और भी काले खान हैं – एक काले खान का गुंबद साउथ एक्सटेंशन बाजार के पिछवाड़े में है, जिसे लोधी वंश के दौर में किसी मुबारक खान लोहानी ने बनवाया था। महरौली में भी एक काले खान की हवेली है जो खंडहर हो चुकी है। बहादुरशाह जफर के आध्यात्मिक गुरु काले खान की बताई जाती है। दिल्ली-६ के प्रसिद्ध बल्लीमरान, जहाँ गालिब साहब रहा करते थे, वहाँ भी एक जगह का नाम अहाता काले खान है। वक्त की धारा में कितने ही काले, कितने ही गोरे आए और बिला गए, तब भी आदमी की अमरता और स्थायित्व की तलाश जाती नहीं। और अमरता की भूख सिर्फ जीवितों की ही नहीं, मरे हुओं की भी हुआ करती है, तभी तो मेरे यात्रारंभ के स्थान सीजीओ कॉम्प्लेक्स की सड़क का नाम लोदी रोड है, जबकि लोदी वंश को गए सदियाँ निकल गईं और उसके निशान भी जर्जर, भग्न, समाप्तप्राय हो गए।
दिल्ली का इतिहास मुगल और अंग्रेज काल का ही ज्यादा दिखता है, हालाँकि इसका मूल शहर इंद्रप्रस्थ महाभारत काल का है। दिक और काल दोनों ही आयामों में जितना दूर जाएँ, दृश्यता कम होती जाती है। और वैसे भी मशीनी स्मृति के साधनों कम्प्यूटर और इंटरनेट के जमाने में चेतन स्मृति पर भार डालने की फुर्सत किसे है। इसीलिए अगर आज के युग को विस्मरण का युग कहा जाता है तो आश्चर्य नहीं।
पुल से उतरकर गाड़ी नीचे समतल जमीन पर चल रही है। अगल-बगल से गाड़ियाँ मानो धक्के देकर आगे निकल जाना चाह रही हैं। कितनी जल्दबाजी, कितनी अधीरता है। और सबसे ज्यादा हड़बड़ी लगता है दिल्ली को है। लोग जा रहे हैं, इधर से उधर, उधर से इधर। कहाँ पहुँचने के लिए? कहाँ जाने के लिए?
यमुना जी दिख रही हैं। इसकी पतली धारा की सतह पर दूर से भी उजले फेन के फाहे दिख रहे हैं। औद्योगिक अवशिष्ट का जहरीला फेन। दिल्ली की अथाह प्यास बुझाने के लिए वजीराबाद बैराज में इसका अधिकांश पानी उठा लिए जाने के बाद जो पानी बचता है वह शहर के नालों को समेटता हुआ खुद एक बड़े नाले जैसा प्रतीत होता है। कोरोना काल में उद्योग और गाड़ियाँ बंद होने के बाद यमुना का पानी तेजी से साफ होने लगा था। एक वक्त तो पीने लायक बन गया था। लेकिन अब फिर वही पहले वाली स्थिति वापस आ गई है। लगता नहीं कि यह गंगा के समान ही एक अत्यंत महान, पवित्र, पूज्य नदी है। गंगा और यमुना इन दो महत्वपूर्ण नदियों के दोआब में ही आर्यों की पुरातन गौरवशाली संस्कृति विकसित हुई। गंगा के तटों पर ज्ञान की साधना हुई तो यमुना किनारे प्रेम और भक्ति की रसधारा बही। यमुना का गहरा श्यामल जल कृष्णजी के साँवलेपन का प्रतीक हुआ करता था। इसके तटों पर चलती थी कृष्ण और गोपियों की लीलाएँ। यहीं की सुंदर लवंग लताओं की छाँव में कोमल मलय समीर में भौंरों के गुंजार और कोयल की कूक से गुंजित कुंजों में कृष्ण रमण करते थे –
“ललितलवङ्गलतापरिशीलनकोमलमलयसमीरे ।
मधुकरनिकरकरम्बितकोकिलकूजितकुञ्जकुटीरे॥” (जयदेव)
कवियों-भक्तों ने इसकी महिमा के गीत गाए। “तरणि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाए।” (भारतेंदु)। तरणि (सूर्य) की तनूजा (पुत्री) यमुना के तट पर तमाल वृक्षों की बहुतायत है। वे वृक्ष झुक-झुककर पानी में अपना सौंदर्य निहार रहे हैं या यमुना के पवित्र जल को प्रणाम कर रहे हैं। पुराणों में यमुना को सूर्य की पुत्री बताया गया है और यम को उनका भाई। उस सुदूर पौराणिक मिथकीय काल से निकलकर इतिहास के मध्यकाल में भी आएँ तो इसके किनारों पर तमाम मुगल बादशाहों के महल और हरम। मुगलों के आमोद-प्रमोद और विलास की कोई नदी रही तो यमुना ही। उन्होंने प्रेम का सर्वोच्च प्रतीक ताजमहल रचा भी तो यमुना के किनारे। मैं ढूँढ़ रह हूँ एक साभ्यतिक नदी के तट पर सैकड़ों-हजारों साल पुरानी स्मृतियों को। अतीत से जैसा विखंडन हमारा आज है, वैसा कभी पहले नहीं हुआ।
फिर भी, बस्तियों और मकानों की अटूट श्रृंखला और उनकी बेहिसाब सघनता से कुछ क्षणों के लिए राहत देता है यमुना के पाटों का फैलाव, उसकी विस्तृत खाली जमीन। ऊपर धूप में चमकता, आँखों को चुंधियाता खुला आकाश। इतना खुला आकाश भी यहींं दिखता है। इसके बाद तो इमारतों के व्यवधान आकाश को घेर लेंगे।
लेकिन अभी खुले आकाश का परिदृश्य चलेगा। अक्षरधाम का विशाल मंदिर दूर से दिखता है। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे की चौड़ी सड़क। गाड़ी उधर ही मुड़ रही है। पहले कुछ देर तक पार्कों का सिलसिला चलता है। यह पूरा क्षेत्र पहले यमुना का कछार ही रहा होगा। मंदिर का गेरुआ-धूसर रंग धूप में चमक रहा है। यह मंदिर अपने स्थापत्य से मुझे बहुत आकर्षित करता है। लेकिन इसमें अंदर जाने पर एक बेचैनी भी होती है – ईश्वर के लिए, एक दिव्य सत्ता के लिए तो ठीक है, लेकिन एक मनुष्य के लिए इतना बड़ा मंदिर? स्वामिनारायण कितने भी बड़े भक्त हों, थे तो आदमी ही। मनुष्य को सीधे सीधे ईश्वर बनाकर उसको विधि-विधानों सहित पूज देना एक अन्याय लगता है। धर्म को ठीक है तर्क की तुला पर नहीं तौला जा सकता लेकिन उसके अंदर भी एक तर्क-व्यवस्था होती है, अनुपात का बोध होता है। अपने यहाँ गुरु की चरण वंदना होती थी, लेकिन गुरु का मंदिर खड़ाकर के पूजना तो कभी किसी गुरुकुल या आश्रम में नहीं होता था। बुद्ध और महावीर की बात अलग है, वे नए धर्म के प्रवर्तक थे, दुनिया ने उन्हें अवतारों में परिवर्तित करके भगवान बना लिया। उनके मंदिर बने लेकिन मूल हिंदू धर्म में तो किसी मुनि, ऋषि, कवि (वाल्मीकि, कालीदास आदि) या भक्त का प्राचीन मंदिर नहीं है। लेकिन तब मुझे याद आता है शिरडी के साईं बाबा का मंदिर। वहाँ भी साईं बाबा की मूर्ति ही है। होती रहे, पर अपने धर्म में आधुनिक युग के ये विचलन मुझे बेचैन करते हैं। मनुष्य श्रद्धा की चीज हो सकता है, पूजा की नहीं।
मैं अतीत से कब वर्तमान में चला आया, पता नहीं चला। अब और नहीं सोचूंगा। बस विरक्त भाव से देखता रहूँग। पुनः शुरू हो गया है इमारतों का सिलसिला। मैं जगह को पहचानने की कोशिश करता हूँ। लेकिन शीशे के बाहर इमारतें, पोस्टर, खम्भे दौड़ रहे हैं। गाड़ी किसी सिग्नल से पहले धीमी होती है, एक साइनबोर्ड पढ़ने में आता है – उसपर ‘हकीकत राय’… और आगे कुछ लिखा है लेकिन बगल की गाड़ी आकर आगे के शब्दों को छुपा लेती है। शायद हकीकत राय पार्क होगा। लेकिन वह तो नानकपुरा की तरफ है। यह कोई और स्मारक होगा। गाड़ी यहाँ पर congestion में धीमी हो गई है।
हकीकत राय… इस नाम को देखकर निर्विकार रहना मुश्किल है। हाल में ही इसकी कथा पढ़ी। पढ़कर अफसोस और आक्रोश से भर गया। चौदह वर्ष की कच्ची उम्र में हकीकत राय का धर्मरक्षार्थ प्राणोत्सर्ग… इतिहास फिर मुझे अपनी ओर खींच रहा है।
पंजाब का स्यालकोट शहर, साल १७२८, व्यापारी बागमल और उनकी पत्नी कौराँ का अत्यंत कुशाग्रबुद्धि बालक। चार वर्ष की उम्र में ही इतिहास और धर्मग्रंथों का अध्ययन करने लगा था। उसे माता-पिता ने फारसी पढ़ने मौलवी के पास भेजा तो वहाँ भी अव्वल हो गया। वही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। एक काफिर का इतना तेज होना बाकी लड़कों को रास न आया। एक दिन बहस के दौरान उन्होंने माँ दुर्गा व अन्य देवी-देवताओं को अपशब्द कहे। हकीकत ने भी जवाब दिया तो लड़कों ने शोर मचा दिया कि इसने बीबी फातिमा को गालियाँ दीं है और मोहम्मद का अपमान किया है। उसके बाद हकीकत की गिरफ्तारी, इस्लाम कबूल करने या नबी की शान में गुस्ताखी के जुर्म में मृत्युदंड भुगतने की सजा, ऊपर के अदालत और रियासत के नवाब तक असहाय माता-पिता की भाग-दौड़। मुसलमान बन जाने के बारहा दबावों पर हकीकत ने बड़ा दार्शनिक सा सवाल पूछा कि मुसलमान बन जाने के बाद क्या कभी उसे मौत नहीं आएगी? हकीकत को नबी के कानून के अनुसार आधा जमीन में गाड़कर संगसार करने (पत्थर मार मारकर मार देने) की सजा दी गई। शायद जल्लाद को ही दया आ गई कि उसने पत्थर खाते-खाते बेहोश शरीर को देखकर तलवार से उसका सिर उड़ा दिया। उफ! कैसी क्रूरता थी! रोयाँ सिहर जाता है। आज भी इस क्रूरता का कोई उत्तर या इलाज नहीं है। मानव सभ्यता कितनी भी आगे बढ़ जाए, नबी के आदेश अपरिवर्तनीय हैं। काश नबी ने यह भी तय किया होता कि यदि उनके लोग दूसरे के देवी-देवताओं का अपमान करें तो उन्हें कौन सी सजा दी जाए। मेरी स्मृति में कौंध जाता है अभी हाल में ही एक शिया नेता के धर्म बदल लेने पर एक सांसद के मंच पर लगा पोस्टर, जिसमें लिखा था – “गुस्ताखे रसूल की कौन सजा, सर तन से जुदा, सर तन से जुदा।” प्रतिहिंसा की अनन्य क्षुधा-ज्वाला, जो सातवीं-आठवीं सदी में जली, वह आज भी जीभ लपलपा रही है।
मन उद्विग्न हो गया। मैं ध्यान खींचकर खिड़की के शीशे के बाहर लगाता हूँ। अशोका बैटरीज, किरण बुटीक, जैग्स लीगल, दुकान, मकान, पेड़, गलियाँ, बैंक एटीएम, पार्क, ओपन जिम…. कहीं चमकीला, कहीं धूसर रंग… कहीं उजड़ा, कहीं बना… अलग अलग रंग और आकार… गाड़ी से गुजरते हुए सब धीरे-धीरे एक निरर्थक एब्सर्ड की लड़ी के मनके जैसे लगते हैं। लगता है जैसे वर्तमान दृश्य होकर भी निराकार है, अर्थहीन है। इतिहास मानव स्मृति और मानव मन का संयोजन है, इसलिए अदृश्य, बीता हुआ होकर भी आकारयुक्त है, अर्थवान है। भविष्य अभी अनुच्चरित वाक्य की तरह है, अर्थ और आकार से परे।
“और कितना दूर है?” मैं चालक से पूछता हूँ।
“बस आ गए। दस मिनट और।”
“कोई गाना नहीं लगाया तुमने।” नीरस आदमी लगता है। भर रास्ते चुप ही रहा। मुझे बोलने वाले ड्राइवर अच्छे लगते हैं जो रास्ते के बारे में बताते रहें।
वह एक पंजाबी गीत लगा देता है – धाँय धपड़, ठन्न ठाँय, ओय कुड़िये, ओय सोणिए, ओय बलिये, ओय फलाने, ओय ढिकाने…
“कुछ दूसरा लगाओ।”
“एफ एम लगा दूँ सर?”
मैं किसी भी तरह से अब मूड बदलना चाहता हूँ। पटपड़ में क्या क्या काम करने हैं याद करने लगता हूँ। एफ एम पर प्रचार मेरा ध्यान भटकाता है।
मेरा एक दोस्त मुझपर व्यंग्य कसता है, “कितना सोचते हो। थकते नहीं?” मेरा जवाब होता है, अरे भाई, दिमाग है तो सोचेगा ही न। उसका काम ही है सोचना। नसों में दौड़ते दौड़ते रक्त कभी थकता है क्या?
कुछ क्षणों में गाड़ी समकोण का मोड़ लेती है। इस सड़क का नाम ही पटपड़गंज रोड है। मेरे यात्रा-नाट्य का पट अब गिरनेवाला है। एफ एम के उद्घोषक की अला-बला बकवास के बाद हारमोनियम, सितार और मेंडोलिन की आवाज मेरा ध्यान खींचती है।
“दीवारो-दर से उतरकर परछाइयाँ बोलती हैं,
कोई नहीं बोलता जब, तनहाइयाँ बोलती हैं।”
पंकज उधास की सिनेमा के गाने जैसी बेहद हलकी और सतही गजल गायकी। लेकिन बोल बड़े गहरे हैं।
मदर डेयरी का बूथ। मुथूट फाइनांस। एमआरएफ टायर। डीटीडीसी कूरियर। महेश इंस्टीच्यूट। दिशा इंगलिश स्कूल। रेशमा ब्यूटी पार्लर, छोटू लिट्टी वाले…
गाने में तबले की आवाज अत्यंत कर्णप्रिय लग रही है। आज तो उधास साहब गाने में बीच बीच में तान भी ले रहे हैं। तान हल्के ही हैं, मगर फीके नहीं।
गाड़ी धीरे धीरे गंतव्य के आगे रुक जाती है।
“सर, आ गया।”
मैं गाड़ी से उतरने का उपक्रम करता हूँ। एफ एम पर गजल का आखिरी शेर गूंज रहा है –
“सुनने की मोहलत मिले तो आवाज है पत्थऱों में
उजड़ी हुई बस्तियों में आबादियाँ बोलती हैं।”
*******************
