“स्वरों की दोस्ती” : डॉ. अशोक बत्रा

Ashok batra

एक दिन जब वर्णमाला की मीटिंग चल रही थी, तो सभी स्वर नाश्ते की मेज पर इकट्ठे हुए। उन्होंने दरवाजा बंद किया और मन की बात कहने लगीं।

आ बोला— कितनी बेहूदी बात है! हम सारी स्वर-ध्वनियाँ स्त्रियाँ हैं! हम स्वभाव से ही कोमल हैं, समर्पिता हैं! इन व्यंजनों का घर बसाती हैं, उन्हें जोड़कर रखती हैं, फिर भी हमें पुल्लिंग के दर्जे में रखा जाता है। कहते हैं— स्वर होते हैं! अरे भाई, स्वर होते नहीं, स्वर-ध्वनियाँ होती हैं। ऐसा ही होना चाहिए। आखिरकार हम स्त्रियाँ हैं। हमें स्त्रियों की कोटि में ही रखा जाए।

— वाह! वाह! वाह! वाह! स्वरों के हक में हम सब तुम्हारा समर्थन करती हैं।

अ बोला— देखो बहनो! यह तो हुई तालियाँ बटोरने वाली बात! पर सच यही है कि भाषा का कुनबा हमारे चलने से ही चलता है। हम इतनी समर्पिता हैं कि पूरी भाषा में सीमेंट या प्लास्टिक का काम करती हैं!

— वह कैसे? वह कैसे? ई बोली। समझाओ तो कैसे?

अ बोला— ई रानी! तुम तो निरी बेवकूफ हो। तुम समझती नहीं। ये व्यंजन नाम के जो छोकरे हैं न! इनकी आवाज भी हम ही हैं। ये बोलते भी हैं तो हमारी सहायता से! हमारे बिना तो ये लँगड़े-लूले हैं। हम चलाएँ तो ये चलते हैं, बोलें तो ये बाहर आते हैं, वरना बिल में घुसे खरगोश की तरह मुँह में ही दुबके रहते हैं।

“वाह! वाह!” आ और ई ने हवा में सीटी मारते हुए गाना गाया— हुआ हुआ! हो हो! हुआ हुआ! हो हो!

ई ने जोर से हँसी की रेलगाड़ी छोड़ दी— ही… ही… ही… ही…

ओ और ए ने युगल गान गाया— ओए! ओए! ओए! ओए! पूरे सभागार में यही संगीत गूँज गया— ओए! ओए! ओए! ओए!

अ बोली— मेरी बड़ी बहनो! मेरी सहेलियो! तुम सोचती बिल्कुल नहीं हो! हम न हों तो ये मूँछ वाले मर्द पुतले या बुत बनकर कंकाल की तरह झूल रहे होते! या खेत में खड़े नकली पुतले की तरह लहरा रहे होते!

यह सुनते ही फिर से हो-हुल्लड़ मच गया! ओए! ओए! ओए! ओए!

समर्थन पाकर अ बोला— अब मुझी को देखो! मैं हर व्यंजन के भीतर समा जाता हूँ। तभी ये व्यंजन चलते हैं। वरना तो ये लुंज-पुंज से खड़े के खड़े रहते। खड़े भी क्या, पड़े रहते। मैं ही वह ट्रॉली हूँ, जो उन्हें लाद-लादकर चलाती हूँ। किसी व्यंजन में इतनी ताकत है कि मेरा सहारा लिए बिना मुँह से बाहर भी निकलकर दिखाए! मैं चुनौती देती हूँ— क-वर्ग, च-वर्ग, ट-वर्ग, त-वर्ग और प-वर्ग में से कोई भी आए और मेरी या तुम्हारी सहायता लिए आवाज करके दिखाए! है कोई?

चुप्पी!

तालियाँ बजने लगीं। सभी अ की बात बड़े ध्यान से सुन रही थीं।

अ बोला— मैं सहारा देता हूँ तो क महाशय बाहर आते हैं। वरना अंदर तैयार बैठे रहते हैं, कमीज-पैंट पहनकर कि मैं आऊँ और उन्हें बाहर निकालूँ। तभी तो मेरे बिना क् के अंग-भंग रहते हैं। या तो उसका लहराता हुआ पैर कटा रहता है या उसके नीचे जैक लगा रहता है, जो इस क की कार के पहिए को जाम कर देता है। उसे आगे नहीं चलने देता। वह इंतजार करता रहता है कि हममें से कोई आए और उसका जैक छुड़ाकर उसे चलने लायक बनाए। उसके साथ जुड़ जाए, उसे बल दे, उसके शरीर को चलने की ताकत दे!

ऊ महाशय! समझो! जब तुम इसके पीछे लगकर सहारा देते हो, तभी यह क् या पैर कटा क, कू की आवाज बनता है। तुम्हीं इसकी ताकत हो, इसकी आवाज हो, इसकी ध्वनि हो, इसका स्वर हो, तुम ही इसका बल हो, संबल हो। फिर भी तुम इसके पाँव के नीचे पड़े रहकर भी खुश रहते हो। धन्य हो तुम! महान हो तुम! तुम इनकी चेतना हो!

तालियाँ! तालियाँ!

सब स्वर ऊ को कंधों पर उठा लेते हैं।

ए भावुक हो गया। वह सबको ए-ए कहकर बैठाने लगा। बोला— “बहनो, सुनो! मैंने तो कभी सोचा भी नहीं था कि हम कितनी महान हैं!”

फिर तालियाँ! ओए! ओए! का संगीत।

ए सबको फिर से चुप कराते हुए बोला— असली त्याग तो हमारी सबसे छोटी बहन अ का है। क्षमा करना, मैं उसे बहन कह रहा हूँ! हैं तो हम भी बहनें! पर इस नासमझ व्याकरणविद ने हमें मर्द बना रखा है। हम स्त्रियाँ बनकर ही खुश हैं।

देखो, इस अ का त्याग देखो! सारी वर्णमाला का भार यह अपने कंधों पर उठाए हुए है। यदि यह साथ छोड़ दे तो हिंदी की पूरी वर्णमाला गूँगी और लँगड़ी है। इस अ ने सबके भीतर प्रवेश किया हुआ है। फिर भी यह अपने लिए मान-सम्मान तो छोड़ो, अपने लिए कोई चिह्न, मात्रा या पहचान भी नहीं माँगती।

देखो! हम सबकी अपनी-अपनी पहचान है। कोई व्यंजनों के सिर पर झंडे-सी चढ़ी है (के, को), कोई अकेले नहीं, डबल सवारी कर रही है (कै, कौ)। कोई आगे से खींचकर उसे चला रही है (कि), कोई पीछे से धक्का दे रही है (की)। कोई चरणों में गिरी पड़ी है (कु, कू)। कोई जगह न मिले तो व्यंजन की नाभि में घुसकर उसे चला रही है (रु, रू)। कुछ भी हो, सभी बहनें अपनी निशानी जरूर रखती हैं, अपनी ध्वजा फहराना नहीं भूलतीं।

परंतु बहनो! इस अ को देखो! यह अपने लिए कोई निशानी नहीं माँगती, कोई पहचान नहीं माँगती, कोई मात्रा नहीं रखती। यह पूर्ण समर्पिता है— ‘आषाढ़ का एक दिन’ की मल्लिका की तरह! इसे सर्वस्व समर्पण में ही सुख है। इस सबसे प्यारी सर्वसमर्पिता, अत्यंत शुद्ध, पवित्र ध्वनि पर मैं बलिहारी जाती हूँ!

सबने नम आँखों से झर-झर आँसू बहाते हुए अ को कंधों पर उठा लिया और उसे दुलारने लगीं। तुम सचमुच महान हो! तुम्हारी हिंदी भाषा में कोई मात्रा नहीं, कोई जगह नहीं। फिर भी खुश हो! तुम माँ हो क्या? तुम दिखती भी नहीं! भगवान हो क्या?

अ गर्दन नीचे किए रही। लज्जा के मारे उसके गाल आरक्त हो गए। आँखों में आँसू!

बोली— तुम मुझे यूँ ही श्रेय दे रही हो, बहना! ये व्यंजन! ये छोकरे! ये पुरुष मेरे सहारे ही चलते हैं। ईश्वर ने मुझे इन्हीं के लिए बनाया है। मैं धन्य हूँ! परमात्मा ने मुझे इनका सुर बनने के लिए भेजा है। मैं इन सबमें स्वयं को देखती हूँ। ये भी जानते हैं कि मेरे बिना ये सब अधूरे हैं। इसलिए बहनो! हमारे परिवार वर्णमाला में ये सबसे पहले मुझी को रखते हैं। मैं संतुष्ट हूँ! संतुष्ट हूँ!!

इस भावपूर्ण मीटिंग में सभी सहेलियाँ छलछलाती आँखों से एक-दूसरे का मुँह देख रही थीं और मुग्ध हुई जा रही थीं।

अचानक विसर्ग ने उठकर कुंडी खोल दी। देखा— व्यंजन बेचारे लुंज-पुंज से भीतर निहार रहे थे, कान लगाए बैठे थे। वे सभी हनुमान जी की वानर-टोली के समान झाँक-झाँककर पूछ रहे थे— तुम सब सहेलियाँ अंदर क्या कर रही थीं? तुम जानती हो न! तुम्हारे बिना हम सूना जंगल हैं। जब से तुम अंदर बंद थीं, हम सभी बंदर बाहर बैठे तुम्हारी राह देख रहे थे। तुम्हारी आवाजें सुनने की कोशिश कर रहे थे, तुम्हारी राह देख रहे थे, तुम्हें सूँघ रहे थे। हममें से कइयों का तो दिल बैठा जा रहा था।

रीछ रूआँसा होकर बोला— कहीं तुम हमसे अलग होने का प्लान तो नहीं बना रही हो?

ई ने मधुर नयनों से उन वानरों को और निहारते हुए कहा— कैसी बातें करते हो री… री… रीछ भैया! तुम रहोगे रीछ के रीछ! अरे, तुम्हारे बिना हम भी अधूरी हैं। तुम्हारे भीतर मेरी बड़ी बहन ई और सबसे प्यारी नन्हीं बहन अ ही तो है, जिससे हम-तुम मिलकर रीछ बने हैं। रीछ, तुम अकेले थोड़े ही बन सकते हो!

यह सुनते ही फिर से पार्टी शुरू हो गई! रीछ कमर मटका-मटकाकर झूमने लगा। क, ट, प ने गटागट शरबत की बोतल पी डाली और ई, ऊ, ओ चटपटे गोलगप्पों पर टूट पड़ीं।

******************

डॉ. अशोक बत्रा
कवि एवं भाषाविद
पूर्व प्राचार्य
श्री लालनाथ हिन्दू कालेज, रोहतक (हरियाणा)
वर्तमान में — आवासन तथा शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति का मानद सदस्य
व्याकरण लेखन के 2005-6 का बेस्ट आथर अवार्ड )
राष्ट्रीय कवि संगम का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »