पाँच पुस्तकों के आधार पर प्रवासी साहित्य की पहचान, प्रासंगिकता और भारतीय साहित्य से उसके रिश्तों पर हुआ सार्थक विमर्श

21 नवंबर, नई दिल्ली। प्रवासी भवन में अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद, वातायन-यूरोप एवं वैश्विक हिंदी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘डायस्पोरा से संवाद’ कार्यक्रम में ब्रिटेन में हिंदी की पैरोकार और साहित्यकार शिखा वार्ष्णेय की पाँच पुस्तकों—‘स्मृतियों में रूस’, ‘अस्मि’, ‘पाँव के पंख’, ‘मन के प्रतिबिंब’ और ‘देशी चश्मे से लंदन डायरी’ पर विमर्श हुआ। इस अवसर पर उनके साहित्य की संवेदनशीलता, स्त्री चेतना, सामाजिक सरोकारों और प्रवासी अनुभवों पर गंभीर चर्चा हुई।

शिखा वार्ष्णेय की रचनाओं में स्त्री जीवन के विविध पक्षों, लैंगिक असमानताओं, स्त्री अस्मिता और व्यक्तिगत अनुभवों की बेबाक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। विशेष बात यह है कि वे जटिल और संवेदनशील विषयों, यहां तक कि समलैंगिकता जैसे मुद्दों पर भी बिना किसी दुराव-छिपाव के सरल भाषा में अपनी बात रखती हैं। उनके लेखन में सूत्रात्मक वाक्य और जीवन के अनुभव पाठक को सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि संसार के किसी भी क्षेत्र में रहने वाली स्त्री की मूल संवेदनाएं और संघर्ष एक जैसे हैं।
शिखा वार्ष्णेय की रचनाओं में स्त्री जीवन के विविध पक्षों, लैंगिक असमानताओं, स्त्री अस्मिता और व्यक्तिगत अनुभवों की बेबाक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। विशेष बात यह है कि वे जटिल और संवेदनशील विषयों, यहाँ तक कि समलैंगिकता जैसे मुद्दों पर भी बिना किसी दुराव-छिपाव के सरल भाषा में अपनी बात रखती हैं। उनके लेखन में सूत्रात्मक वाक्य और जीवन के अनुभव पाठक को सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि संसार के किसी भी क्षेत्र में रहने वाली स्त्री की मूल संवेदनाएँ और संघर्ष एक जैसे हैं।
संवाद के दौरान शिखा ने कहा कि वे खुद को भाग्यवान मानती हैं कि उन्हें देश-विदेश में खूब मान-सम्मान और प्यार मिला। लेकिन उन्होंने इस बात पर दुख प्रकट किया कि प्रवासी साहित्य को भारत में अब तक वह स्थान नहीं मिला, जिसका वह हकदार है। इस पर प्रवासी संसार पत्रिका के संस्थापक और संपादक राकेश पाण्डेय ने असहमति प्रकट करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रवासी साहित्य को भारतीय साहित्य जगत में यथोचित स्थान और सम्मान मिला है।
वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल शर्मा जोशी ने प्रवासी साहित्य के मूल तत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नॉस्टेल्जिया यानी अतीत और अपनी मिट्टी की स्मृतियाँ प्रवासी साहित्य की जड़ हैं, जिन्हें उससे अलग नहीं किया जा सकता। ‘देशी चश्मे से डायरी’ में विदेश के अनुभवों को भारतीय दृष्टिकोण से देखने की विशेष झलक मिलती है। शिखा के उपन्यास ‘’ में स्काई डाइविंग से शुरू होने वाली कथा और इस दौरान हादसे के बाद नायिका का अपने पैरों पर खड़े होने का संघर्ष स्त्री के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रभावशाली रूपक बनकर उभरता है।
जोशी जी ने प्रवासी साहित्य और भारत के रिश्ते को ‘गर्भनाल संबंध’ बताते हुए कहा कि दुनिया में घट रही घटनाओं और उनके भारत से जुड़ाव को समझने का सबसे विश्वसनीय माध्यम प्रवासी भारतीय हैं। वे विदेश की गतिविधियों और भारतीय दृष्टिकोण के बीच एक महत्त्वपूर्ण खिड़की का काम करते हैं। उन्होंने शिखा की व्यंग्यात्मक दृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि उनमें व्यंग्य पर संपूर्ण उपन्यास लिखने की क्षमता है।
कार्यक्रम का संचालन तितिक्षा शाह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से किया गया। वातायन की संपादक दिव्या माथुर सहित साहित्य, भाषा और संस्कृति से जुड़े अनेक लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सार्थक साहित्यिक विमर्श का रूप दिया।
रिपोर्ट : प्रदीप कुमार
