साहित्य संवाद में प्रत्यक्षा ने किया स्वरचित कहानी ‘बलमवा तुम क्या जानो’ का प्रभावशाली वाचन

21 नवंबर 2026- ‘वातायन’,गृहस्वामिनी, क्रिएटिव कल्चर और वैश्विक हिंदी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यक्रम साहित्य संवाद में इस बार हिंदी की प्रतिष्ठित लेखिका एवं कवयित्री प्रत्यक्षा के साहित्यिक व्यक्तित्व, रचनात्मक यात्रा और कथा-संसार पर केंद्रित रहा।कार्यक्रम में देश-विदेश के साहित्यकारों, लेखकों और हिंदीप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रत्यक्षा हिंदी साहित्य की चर्चित रचनाकार हैं। उन्हें हंस कथा सम्मान, सोनभद्र कथा सम्मान तथा इंडो-नार्वेजियन पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है। वे कृष्ण बलदेव वैद फेलोशिप और संगम हाउस रेजिडेंसी की फेलो भी रही हैं। साहित्य के साथ-साथ संगीत और लिबरल आर्ट्स में भी उनकी विशेष रुचि है। उनकी प्रमुख पुस्तकों में जंगल का जादू तिल तिल,पहर दोपहर ठुमरी, एक दिन मराकेश, तैमूर तुम्हारा घोड़ा किधर है, बारिशघर, तुम मिलो दोबारा आदि शामिल हैं।
कार्यक्रम का आरंभ प्रत्यक्षा द्वारा अपनी स्वरचित कहानी ‘बलमवा तुम क्या जानो’ का पाठ हुआ। अपनी विशिष्ट कथन शैली और सहज अभिव्यक्ति से उन्होंने कहानी के पात्रों, परिस्थितियों और भावनात्मक संसार को श्रोताओं के सामने जीवंत कर दिया। कहानी के वाचन ने श्रोताओं को आरंभ से अंत तक बाँधे रखा और उसके कथ्य तथा प्रस्तुति को लेकर साहित्यिक रुचि और जिज्ञासा पैदा की।
कार्यक्रम के संवादक भारत सरकार में अपर सचिव, लेखक एवं कवि राजीव कुमार ने अपनी सार्थक जिज्ञासाओं और विचारपूर्ण प्रश्नों के माध्यम से प्रत्यक्षा की साहित्यिक यात्रा, लेखन प्रक्रिया, रचनात्मक अनुभवों और उनकी साहित्यिक दृष्टि के विभिन्न पहलुएं सामने आई। संवाद के दौरान लेखिका ने अपने लेखन और रचना संसार से जुड़े अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम की समीक्षक डॉ. रोहिणी अग्रवाल,वरिष्ठ प्रोफेसर एवं हिंदी आलोचक ने अपनी गहन अध्ययन-दृष्टि से प्रत्यक्षा के साहित्य का विश्लेषण प्रस्तुत किया। दूसरी समीक्षक लेखिका एवं अनुवादक वंदना राग ने भी अपनी साहित्यिक और संवेदनशील दृष्टिकोण से उनकी रचनाओं के विविध पक्षों पर विचार व्यक्त किए। दोनों समीक्षकों की टिप्पणियों ने परिचर्चा को गंभीरता और वैचारिक विस्तार प्रदान किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली और कुशल संचालन भाषाविद और लेखक आचार्य राजेश कुमार ने किया। आयोजन की संकल्पना एवं संयोजन वातायन की संस्थापक एवं मुख्य संपादक दिव्या माथुर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन गृहस्वामिनी की संपादक अर्पणा संत सिंह ने प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि प्रत्यक्षा, दोनों समीक्षकों, संवादक, संचालक तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले वेबमास्टर शिवि श्रीवास्तव एवं तकनीकी सहयोगी डॉ. मोहन बहुगुणा का महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में ब्रिटेन से तितिक्षा शाह,शैली डॉ. रश्मि वार्ष्णेय, रेखा गुप्ता, मनोरमा पंत,संतोष कुमारी, डॉ दीक्षा गुप्ता ईश्वर सिंह यादव,डॉ. भारती सिंह,सरिता कुमारी, रीता रानी, जसवीर सिंह, अनिता रश्मि सहित अनेक साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी इस कार्यक्रम से जुड़े।, प्रतिभागियों ने कहानी वाचन और परिचर्चा में रुचि लेते हुए अपनी सहभागिता से आयोजन को जीवंत बनाया।
कार्यक्रम का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि साहित्यिक संवाद की ऐसी पहलें रचनाकारों के अनुभवों और विचारों को व्यापक पाठक समुदाय तक पहुँचाने के साथ-साथ हिंदी साहित्य में विचार-विमर्श और रचनात्मक आदान-प्रदान की परंपरा को भी सशक्त बनाती रहेंगी।
यह आयोजन प्रत्यक्षा के साहित्यिक संसार से परिचित होने, उनकी कहानी को उनके ही स्वर में सुनने और साहित्य के विभिन्न पक्षों पर विचार करने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुआ।अगला साहित्य संवाद 5 दिसंबर रात आठ बजे भारतीय समयानुसार आयोजित होगी।
