भारत अध्ययन की परम्परा पर 15 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारम्भ

वाराणसी में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र, क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी एवं भारत अध्ययन केन्द्र, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में “भारत अध्ययन की परम्परा : व्यक्ति, विचार और संस्थाएँ” विषय पर 15 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारम्भ 10 अगस्त 2026 को हुआ। उद्घाटन सत्र में नव नालंदा महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने भारत अध्ययन के लिए अंतर्विषयी दृष्टिकोण, संवाद, विमर्श एवं समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने की। कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परम्परा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में आधुनिक तकनीक की भूमिका को रेखांकित किया।
10 से 31 अगस्त 2026 तक हाइब्रिड माध्यम से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देशभर के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं भारत अध्ययन में रुचि रखने वाले प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। कार्यशाला के दौरान प्रो. अवधेश प्रधान, डॉ. पुनीत कुमार राय सहित अनेक विद्वानों के विशेष व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल भारतीय ज्ञान परम्परा के विविध आयामों को समझने, शोध को प्रोत्साहित करने तथा ज्ञान-संवाद को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
