नाशिक में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ एवं जिला हिंदी प्रचार समिति कार्यकारिणी का गठन

Repot (2)
Report (55)

नाशिक – दिनांक 9 सितंबर 2026 बुधवार को नाशिक जिला हिंदी प्रचार समिति कार्यकारिणी के गठन हेतु तथा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हिंदी पखवाड़े के उद्घाटन समारोह का आयोजन डॉ. गुजर सुभाष हाई स्कूल हिंदी मिडियम एंड जूनियर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस, देवलाली कैम्प, नाशिक में किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, पुणे के कार्याध्यक्ष डॉ. सुनील देवधर जी, राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के कार्यकारिणी सदस्य एवं समिति के सोलापुर मंत्री संगठक डॉ. बंडोपंत पाटील जी, कोषाध्यक्ष मधुमिलिंद महिंदळे जी के मार्गदर्शन में नाशिक जिले के, हिंदी अध्यापकों के लिए विशेष समारोह का आयोजन किया गया।
प्रारंभ में समिति पदाधिकारी डॉ. सुनील देवधरजी, डॉ. बंडोपंत पाटील जी, श्री. मधु मिलिंद महिंदळे जी शंकर एज्युकेशन सोसायटी के सचिव श्री. रतन चावला जी एवं नाशिक जिला संगठन मंत्री डॉ बन्सीलाल गाडीलोहार जी तथा उपस्थित मान्यवरों के करकमलों से सरस्वती पूजन अर्चन और माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात समिति के पदाधिकारियों का स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर देवलाली कैम्प केंद्र में राष्ट्रभाषा कोविद की परीक्षा में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करनेवाली छात्रा तृप्ति तिवारी का और राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा की विभिन्न परीक्षाओं के लिए योगदान देने वाले विभिन्न विद्यालयों के 18 हिंदी प्रचारक हिंदी अध्यापकों का मान्यवरों के द्वारा सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. सुनील देवधर जी ने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों एवं हिंदी अध्यापकों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के साथ मातृभाषा शिक्षा की आवश्यकता को स्पष्ट करते हुए राष्ट्रभाषा हिंदी के महत्व और उपयोगिता को विश्लेषित किया।
डॉ. बडोंपंत पाटील जी ने हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए उसके प्रचार प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया।
अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में श्री. रतन चावला जी ने हिंदी अध्यापकों को बधाई देते हुए हिंदी भाषा के लिए कार्य करने का आवाहन किया।
इस कार्यक्रम का प्रास्ताविक और सूत्रसंचालन श्रीमती अनीता पवार जी, शिल्पा भोसले जी ने, मान्यवरों का स्वागत डॉ. बन्सीलाल गाडीलोहार जी ने तथा आभार ज्ञापन दिपाली जाधव जी ने किया।

समारोह के द्वितीय सत्र में नाशिक जिले के हिंदी अध्यापकों की विशेष सभा आयोजित की गई। प्रारंभ में डॉ. सुनील देवधर जी ने हिंदी अध्यापकों को मार्गदर्शन करते हुए समिति से जुड़ने का आग्रह किया और समिति के कार्यप्रणाली से सभी उपस्थितों को परिचित कराया।

तत्पश्चात डॉ. बंडोपंत पाटील जी ने राष्ट्रभाषा प्रचार समिति वर्धा और पुणे की विभिन्न गतिविधियों और विभिन्न परीक्षाओं के संदर्भ में मौलिक मार्गदर्शन किया।
डॉ.बन्सीलाल गाडीलोहार जी ने नाशिक जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए सभा में प्रस्ताव रखा और औपचारिक रूप से उपस्थित सभी शिक्षकों के आमसहमति के साथ श्री.मोहन चकोर को अध्यक्ष के पद हेतु चयन किया गया। उपाध्यक्ष पद हेतु श्री.विनोद हिरे, सौ.राजश्री ससाणे जी का चयन किया गया। शीघ्र ही जिला संगठन मंत्री डॉ.बन्सीलाल गाडीलोहार और जिला अध्यक्ष मोहन चकोर जी के मार्गदर्शन में नाशिक जिला राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति, नाशिक सभा का आयोजन कर औपचारिक कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहन चकोर जी का, उपाध्यक्ष श्री.विनोद हिरे जी और सौ.राजश्री ससाणे जी का समिति के कार्याध्यक्ष डॉ.सुनील देवधरजी, सोलापुर मंत्री संगठक डॉ.बंडोपंत पाटील जी और कोषाध्यक्ष श्री.मधु मिलिंद महिंदळे जी के द्वारा पुष्प देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नाशिक जिले के हिंदी प्रेमी, अध्यापक, प्रधानाचार्य, प्राचार्य तथा विभिन्न तहसील के प्रतिनिधि उपस्थित थे। राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »