विद्यार्थी उत्कर्ष मंडळ का 73वाँ वार्षिक स्नेहसंमेलन उत्साहपूर्वक संपन्न

मुंबई, 26 जुलाई 2026। दक्षिण मध्य मुंबई में शिक्षा, कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत सेवाभावी संस्था ‘विद्यार्थी उत्कर्ष मंडळ’ का 73वाँ वार्षिक स्नेहसंमेलन रविवार को प्रभादेवी स्थित रविंद्र नाट्य मंदिर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले 125 से अधिक विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था की सष्टिपूर्ति के अवसर पर मंडळ के पूर्व प्रमुख श्री विवेक धुरी का भी विशेष रूप से सम्मान किया गया। इसके पश्चात संस्था के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित एवं अभिनीत दो अंकी नाटक ‘फेकम फेक’ का मंचन किया गया। किरण गावडे द्वारा लिखित और ऋषी परब द्वारा निर्देशित इस नाटक ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से खूब सराहना बटोरी। समारोह की अध्यक्षता मुंबई के उपमहापौर श्री संजय घाडी ने की, जबकि मराठी सिने-नाट्य जगत के लोकप्रिय अभिनेता श्री सिद्धार्थ जाधव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की प्रस्तावना मंडळ प्रमुख श्री गोविंद हळदणकर ने रखी। अतिथियों का स्वागत एवं परिचय उप मंडळ प्रमुख श्री नरेश विचारे ने कराया, जबकि आभार प्रदर्शन सह मंडळ प्रमुख श्री प्रशांत वाणी ने किया। कार्यक्रम का कुशल सूत्र संचालन शिक्षण प्रमुख श्री संकेत शिर्के एवं श्री हार्दिक सकपाळ ने किया। इस अवसर पर संस्था की वार्षिक पत्रिका ‘शारदा स्मृती’ तथा ‘प्रणाम’ हस्तलिखित का भी विमोचन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा, साहित्य, कला और संस्कृति के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी। विद्यार्थियों के सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा यह वार्षिक स्नेहसंमेलन संस्था की समृद्ध परंपरा और सामाजिक सरोकारों को रेखांकित करते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
