प्रेरणा दर्पण एवं साहित्य 24 के संयुक्त आयोजन में डॉ. योजना साह जैन का भव्य अभिनंदन

नई दिल्ली। प्रेरणा दर्पण साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच तथा साहित्य 24 के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक शाम डॉ. योजना साह जैन के नाम’ का भव्य आयोजन 2 अगस्त 2026, रविवार, सायं 4:00 बजे भगत चंद्रा हॉस्पिटल सभागार, पालम-द्वारका फ्लाईओवर के निकट, नई दिल्ली में संपन्न हुआ।

यह विशेष आयोजन अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त हिंदी साहित्यकार डॉ. योजना साह जैन के अभिनंदन समारोह के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजक संस्थाओं के संरक्षक, वरिष्ठ कवि एवं लेखक डॉ. चंद्र मोहन भगत ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कवयित्री, लेखिका एवं पूर्व आकाशवाणी उद्घोषिका श्रीमती अल्का सिन्हा तथा सारस्वत अतिथि के रूप में (प्रो.) डॉ. प्रसन्नांशु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. चंद्र मोहन भगत, अल्का सिन्हा एवं संस्था के वरिष्ठ सदस्यों ने डॉ. योजना साह जैन का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर डॉ. योजना साह जैन अपनी माताजी, पति, पुत्री एवं भतीजी के साथ उपस्थित थीं।

अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. योजना साह जैन ने जर्मनी सहित विभिन्न देशों में हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपनी चर्चित कविताओं का प्रभावशाली पाठ भी किया। अपने संबोधन का समापन उन्होंने प्रसिद्ध सिंधी सूफी कलाम ‘दमादम मस्त कलंदर’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से किया, जिसने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके उपरांत काव्य-पाठ का क्रम आरंभ हुआ, जिसमें मंचासीन अतिथियों, अध्यक्ष एवं आमंत्रित कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ किया। श्रोताओं ने पूरे उत्साह के साथ करतल ध्वनि द्वारा सभी रचनाकारों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट, प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय योगदान, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, साहित्यिक चेतना के प्रसार, रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई दिशा प्रदान करने तथा समाज में सकारात्मक सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉ. योजना साह जैन को “विश्व साहित्य–संस्कृति गौरव सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया।

समारोह में डॉ. योजना साह जैन के परिवार से मीना साह, वैभवी जैन एवं प्रफुल्ल साह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन प्रसिद्ध कवि एवं शायर अभिषेक तिवारी ने किया। अंत में आयोजक संस्थाओं के संस्थापक हरिप्रकाश पाण्डेय ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। साहित्य, सम्मान और सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत यह आयोजन उपस्थित सभी जनों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »