अनुवाद उपकरण एवं प्रशासनिक हिंदी पर रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

Uu

बेंगलुरु: जैन (मानद विश्वविद्यालय), स्कूल ऑफ साइंसेज के हिंदी परिषद द्वारा 2 नवंबर 2026 को ‘अनुवाद उपकरण एवं प्रशासनिक हिंदी : रोजगारपरक प्रशिक्षण’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में सुश्री नर्मदा कुमारी, वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी, प्रधान महालेखाकार कार्यालय (लेखापरीक्षा-I), बेंगलुरु, कर्नाटक उपस्थित रहीं।

Jjl


कार्यशाला में सुश्री नर्मदा कुमारी ने विद्यार्थियों को आधुनिक अनुवाद तकनीकों, डिजिटल भाषाई उपकरणों तथा प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने भारत सरकार की प्रमुख भाषाई पहलों ‘भारती’ (बहुभाषी अनुवाद सारथी) एवं ‘भाषिणी’ (BHASHINI) की कार्यप्रणाली और उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही शब्दकोश-आधारित, उदाहरण-आधारित, नियम-आधारित तथा न्यूरल मशीन अनुवाद जैसी विभिन्न अनुवाद प्रणालियों की जानकारी दी।
प्रायोगिक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को ट्रांसलेशन मेमोरी, त्वरित अनुवाद, टेक्स्ट-टू-टेक्स्ट, स्पीच-टू-टेक्स्ट एवं टेक्स्ट-टू-स्पीच जैसी डिजिटल सुविधाओं का परिचय कराया गया। साथ ही, अनुवाद के दौरान मूल दस्तावेज़ के प्रारूप को बनाए रखने, फाइल साझा करने तथा अनुवाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रियाओं को समझाया गया। वक्ता ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि तकनीकी उपकरणों की सहायता के बावजूद अनुवाद की शुद्धता, संदर्भगत उपयुक्तता एवं गुणवत्ता के लिए मानवीय समीक्षा और सत्यापन आवश्यक हैं।
इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों सहित कुल 102 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक अनुवाद तकनीकों एवं प्रशासनिक हिंदी के प्रयोग से परिचित कराने के साथ-साथ अनुवाद और बहुभाषी संचार के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक रही। इसने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता विकसित करने तथा अनुवाद एवं भाषा संबंधी कौशल को भविष्य के व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

Photos- https://drive.google.com/drive/folders/1QgqcFgAsEUusyZCynzEpBfball0B1AqV

रिपोर्ट : डॉ. राखी. के. शाह, हिंदी परिषद् जैन विश्वविद्यालय, बेंगलूरु

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »