वैश्विक हिंदी परिवार एवं गृहस्वामिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गोष्ठी में दीपावली और छठ महापर्व की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्ता हुई अभिव्यक्त

वैश्विक हिंदी परिवार एवं गृहस्वामिनी के संयुक्त तत्वावधान में दीपोत्सव के अवसर पर एक विशेष साहित्यिक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बिहार और झारखंड की कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से दीपावली एवं छठ महापर्व की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्ता को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति, लोकपरंपरा और स्त्री-सृजन का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ संचालिका सारिका भूषण के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह मंच भौगोलिक दूरियों को पार कर साहित्यकारों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है। आयोजिका अर्पणा संत सिंह ने सभी का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड में दीपोत्सव का उल्लास धनतेरस से आरंभ होकर दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ महापर्व तक विभिन्न रूपों में दिखाई देता है। यह पर्व भारतीय लोकसंस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, लोकआस्था और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिटेन की वरिष्ठ साहित्यकार एवं ‘लेखनी’ पत्रिका की संपादक शैल अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सिंगापुर से जुड़ी साहित्यकार शार्दूला नोगजा उपस्थित रहीं। वैश्विक हिंदी परिवार की अंतरराष्ट्रीय समिति की सचिव एवं साहित्यकार स्वरांगी साने का भी विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ।
अध्यक्षीय वक्तव्य में शैल अग्रवाल ने सभी रचनाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज सभी ने अपने-अपने काव्य-दीप जलाकर वातावरण को साहित्यिक आभा से भर दिया है। उन्होंने भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने देश को उसकी संपूर्णता में जानना और अपनाना आवश्यक है। दीपावली को उन्होंने स्वच्छता, पवित्रता और आत्मशुद्धि का पर्व बताया। उन्होंने अपनी कविता ‘जल मेरे दीप अभी और जल’ की पंक्तियों के माध्यम से जीवन में स्नेह, उत्साह और सकारात्मकता की लौ बनाए रखने का संदेश दिया। अंत में दीपक के त्याग और परोपकार की भावना पर आधारित एक क्षणिका सुनाते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए और अंधकार से डरने के बजाय अपने भीतर प्रकाश बनाए रखना चाहिए।
मुख्य अतिथि शार्दूला नोगजा ने सभी कवयित्रियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए बताया कि वे मूलतः मधुबनी, बिहार की निवासी हैं और पिछले बीस वर्षों से सिंगापुर में रह रही हैं। बिहार की लोकसंस्कृति, आँगन, ओसारा और दीपावली से जुड़ी कविताओं को सुनकर उन्हें अपने मायके और पुराने परिवेश की स्मृतियाँ ताजा हो गईं। उन्होंने गोपालदास नीरज की प्रसिद्ध पंक्तियों—‘जलाओ दिए पर रहे ध्यान इतना, अँधेरा धरा पर कहीं रह न जाए’—का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी रचनाओं का मूल भाव यही है कि प्रकाश केवल अपने घर तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने ‘दे नहीं पाए तिमिर में’ कविता के माध्यम से स्त्री के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और स्वतंत्र व्यक्तित्व को सशक्त स्वर दिया। इसके बाद दीपावली की मंगलकामना से जुड़ी कविता सुनाई, जिसमें ‘नीले सरोवर में पीले कमल’ की सुंदर कल्पना के माध्यम से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और प्रसन्नता की कामना की।
इसके पश्चात स्वरांगी साने ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंच लक्ष्मी के साथ-साथ सरस्वती का भी मंच है, जहाँ ज्ञान, कला और साहित्य का समन्वय दिखाई देता है। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए नालंदा, तक्षशिला और गुप्तकालीन स्वर्ण युग का स्मरण किया। उन्होंने बिहार और झारखंड की कवयित्रियों की रचनात्मकता तथा गहरी संवेदनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने आयोजन को ‘दीप से दीप जोड़ने’ का प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम साहित्यकारों को जोड़ने और वैश्विक हिंदी परिवार का विस्तार करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपनी ग़ज़ल के माध्यम से प्रेम, विश्वास, अपनत्व और निरंतर प्रयास की भावना को अभिव्यक्त किया।
काव्य गोष्ठी में पटना की डॉ. सुमेधा पाठक ने ‘तमन्ना थी’ और ‘घरौंदे बनाए हैं’ शीर्षक से कविताएँ प्रस्तुत कीं। उनकी रचनाओं में जीवन की आकांक्षाओं, संवेदनाओं और संभावनाओं का सुंदर चित्रण हुआ। सेवानिवृत्त शिक्षिका एवं साहित्यकार सरिता कुमारी ने ‘दीपोत्सव में घरनी’ कविता के माध्यम से घर-परिवार को सँवारने वाली गृहिणी के समर्पण, संघर्ष और भावनाओं को अभिव्यक्त किया। पटना की साहित्यकार रिचा वर्मा ने ‘मिट्टी का दिया’ और ‘छठ’ कविताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, कुम्हारों की आजीविका, लोकआस्था और छठ पर्व से जुड़ी स्मृतियों को स्वर दिया। डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने ‘काश’ और ‘इस दिवाली’ कविताओं में प्रेम, समर्पण, आत्मीयता तथा मन की कटुता और ईर्ष्या को दूर कर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों के दीप जलाने का संदेश दिया।
धनबाद, झारखंड की रिंकू दुबे वैष्णवी ने दीपावली पर आधारित छंदबद्ध गीत प्रस्तुत किया। बीसीसीएल के राजभाषा विभाग में अनुवादक के रूप में कार्यरत रिंकू दुबे ने अपनी रचना में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, दीपों की जगमगाहट और भारतीय त्योहारों की विविधता का सुंदर चित्रण किया। उनकी प्रस्तुति में सांस्कृतिक एकता, प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव का भाव प्रमुखता से उभरा।
रांची की साहित्यकार अनीता रश्मि ने ‘ताखे पर दिया’ शीर्षक से कविता और एक अन्य कविता का पाठ किया। उनकी रचनाओं में श्रमिकों और उपेक्षित वर्गों के जीवन में आशा, प्रेम और विश्वास का प्रकाश पहुँचाने की प्रेरणा थी। उन्होंने छोटे से दीपक और उसकी बाती के माध्यम से संघर्ष, साहस और सकारात्मकता का संदेश दिया। डॉ. विनीता कुमारी ने ‘मन का दीप’ कविता में मन को निर्मल बनाने, सामाजिक भेदभाव मिटाने और सभी के जीवन में खुशियाँ भरने की बात कही। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का आग्रह भी किया। रांची की अधिवक्ता एवं साहित्यकार रूपा कुमारी ने ‘इस दिवाली मैंने कुछ सीखा है’ कविता के माध्यम से दीपक से परोपकार, रंगोली से जीवन में विविधता, फूलों से प्रसन्नता और मिठाइयों से प्रेम बाँटने की प्रेरणा दी।
रिपोर्ट : अजय शर्मा
