वैश्विक हिंदी परिवार, तमिलनाडु की दीपावली विशेष काव्य गोष्ठी में भारतीय भाषाओं, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का संगम

Logo

वैश्विक हिंदी परिवार के तमिलनाडु प्रांत की ओर से दीपावली के अवसर पर ‘दीप पर्व : अतीत से वर्तमान तक’ विषय पर विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में तमिलनाडु के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से दीपावली की सांस्कृतिक परंपरा, बदलती जीवनशैली, पारिवारिक आत्मीयता, सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ए. भवानी ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं कवियों के स्वागत और अभिनंदन के साथ किया।

डॉ. भवानी ने कार्यक्रम की सूत्रधार नर्मदा कुमारी का परिचय देते हुए बताया कि वे भारत सरकार के टीएजी के एजीएस कार्यालय में वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी एवं सक्रिय भाषाकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा और अनुवाद संबंधी विषयों पर अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित की जाती हैं। भारतीय भाषाओं को जोड़ने के उद्देश्य से वे वैश्विक हिंदी परिवार की हिंदीतर प्रांत संयोजक के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

नर्मदा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली के अवसर पर भाषा की लौ को आगे बढ़ाने और एक-दूसरे से जुड़ने का यह सुंदर प्रयास है। वैश्विक हिंदी परिवार हिंदी सहित भारतीय भाषाओं, साहित्यकारों, नवोदित रचनाकारों और युवा पीढ़ी को तकनीक के माध्यम से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भविष्य में विभिन्न राज्यों के साहित्यकारों के सहयोग से इस अभियान को और व्यापक बनाने की बात कही। डॉ. भवानी और राजलक्ष्मी जी के भाषा-साहित्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने अपनी स्वरचित कविता ‘एक दिया तुम जला देना’ का पाठ किया। कविता में अंधकार दूर करने, देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने तथा भाषायी वैमनस्य मिटाकर एकता की लौ जलाने का संदेश दिया गया।

इसके पश्चात् वरिष्ठ साहित्यकार राजलक्ष्मी जी ने ‘दीपावली उजालों का पर्व’ कविता प्रस्तुत की। उन्होंने दीपावली को प्रकाश, खुशियों, पारिवारिक मिलन और भारतीय संस्कृति का महत्त्वपूर्ण पर्व बताया। अपनी रचना में सैनिकों के बलिदान, उनके माता-पिता के त्याग और किसानों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके सम्मान में दीप जलाने का आह्वान किया। उन्होंने कामना की कि हर घर में उजाला हो, कोई भूखा न रहे और समस्त विश्व के कल्याण के लिए दीप प्रज्वलित हों।

मदुरै से जुड़ी कवयित्री चंद्रा जी ने ‘पर्व : अतीत से वर्तमान तक’ शीर्षक से अपनी कविता सुनाई। उन्होंने बचपन की दीपावली और वर्तमान समय में मनाए जाने वाले दीपोत्सव की तुलना करते हुए पुराने समय की तैयारियों, घरों की सफाई, पकवान बनाने, नए कपड़े सिलवाने, रिश्तेदारों के एकत्र होने और बच्चों की खुशियों का जीवंत चित्रण किया। वर्तमान समय में मोबाइल और टीवी की बढ़ती व्यस्तता तथा रिश्तों में घटती आत्मीयता पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने पारिवारिक मेल-मिलाप और त्योहारों की पुरानी खुशियों को बनाए रखने का संदेश दिया।

अंबासमुद्रम से जुड़ी मीना कुमारी सिंह ने ‘दीप पर्व : अतीत से वर्तमान तक’ कविता के माध्यम से दीपावली के बाहरी वैभव और मनुष्य के भीतर छाए अकेलेपन के बीच का अंतर रेखांकित किया। उन्होंने प्रेम, दया, धैर्य, ज्ञान और आत्मविश्वास के दीप जलाकर ईर्ष्या-द्वेष से ऊपर उठने तथा इंसानियत का प्रकाश फैलाने का संदेश दिया।

पद्मजा रामानंदन ने ‘दिवाली की पावन बेला’ कविता में दीपावली की तैयारियों, माँ के हाथों से बने पकवानों की सुगंध, बच्चों के उत्साह और दीपों से सजे आँगन का सुंदर चित्रण किया। साथ ही आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते दिखावे, पारिवारिक संवाद की कमी और रिश्तों में बढ़ती दूरियों पर चिंता व्यक्त की। उनकी कविता ने त्योहारों को केवल बाहरी सजावट तक सीमित न रखकर पारिवारिक आत्मीयता के साथ मनाने की प्रेरणा दी।

कोयंबटूर से जुड़े संतोष कुमार जेमी की कविता ‘त्रेता युग से आज तक’ का पाठ किया गया। इसमें दीपावली की सांस्कृतिक विरासत, रामायण के प्रसंगों, पुराने समय की सादगी, सामूहिकता और पारंपरिक उत्सव-परंपराओं को रेखांकित किया गया। उन्होंने आधुनिकता के प्रभाव में त्योहारों के घरों तक सीमित होने तथा दान-पुण्य और सामाजिक सहभागिता में कमी आने पर चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर भारतीय भाषा मंच, तमिलनाडु के क्षेत्रीय संयोजक सेल्वराज जी भी कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने तमिल भाषा में दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए अपनी कविता प्रस्तुत की। उनकी रचना के भावों की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि भाषा भिन्न होने पर भी भावनाएँ सभी को एक सूत्र में जोड़ती हैं।

डॉ. प्रेमा ने ‘दीपोत्सव : हिंदी की ज्योति’ कविता के माध्यम से दीपों के प्रकाश को प्रेम, संस्कार और आशा का प्रतीक बताया। उन्होंने हिंदी भाषा के मधुर शब्दों से लोगों के हृदय जोड़ने, तमिलनाडु की धरती पर हिंदी का सम्मान बढ़ाने तथा साहित्य और संस्कृति की ज्योति को विश्वभर में फैलाने का संदेश दिया। उनकी कविता में वैश्विक हिंदी परिवार के प्रयासों की सराहना के साथ प्रेम, शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश प्रमुख रहा।

इसके पश्चात् अनिल जोशी (अध्यक्ष, वैश्विक हिन्दी परिवार) ने ‘सीता को सोने का मृग चाहिए’ शीर्षक से अपनी कविता सुनाई। रामायण के स्वर्णमृग प्रसंग को आधार बनाकर उन्होंने मानवीय इच्छाओं, मोह और उनके परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कविता में सीता की सोने के मृग की इच्छा, राम का वन में जाना, लक्ष्मण के प्रति संदेह और अंततः सीता-राम के वियोग के प्रसंगों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अनावश्यक इच्छाएँ जीवन की सहज खुशियों को भी संकट में डाल सकती हैं। कविता की अंतिम पंक्ति—‘आपको क्या चाहिए?’—ने श्रोताओं को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।

डॉ. पद्मिनी ने ‘दीप पर्व : अतीत से वर्तमान तक’ कविता में दीपावली के बदलते स्वरूप का चित्रण किया। उन्होंने मिट्टी के दीयों, सरसों के तेल, घरों में बनने वाले पारंपरिक पकवानों और हाथ से लिखे शुभकामना-पत्रों की स्मृतियों को आधुनिक एलईडी लाइटों, ऑनलाइन मिठाइयों और सोशल मीडिया संदेशों से जोड़कर देखा। उन्होंने आधुनिकता के साथ पर्यावरण-संरक्षण और पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

सरला जी ने एक मुक्तक के साथ अपनी कविता प्रस्तुत की। उन्होंने अमावस्या की रात में एक छोटा-सा दीप जलाकर अंधकार मिटाने का संदेश दिया। अपनी कविता में मिट्टी के दीयों, कुम्हारों की आजीविका, खिल-बताशों, रंगोली और परिवार के सामूहिक उत्सव का उल्लेख किया। उन्होंने आधुनिक साधनों के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय प्रेम और संस्कारों को बचाए रखने की बात कही। उनकी पंक्तियाँ—‘दीप भले ही बदल गए मगर दिलों में प्यार बाकी है’—विशेष रूप से सराही गईं।

महेश्वरी जी ने ‘दीप पर्व : अतीत से वर्तमान’ कविता में दीपावली के पौराणिक और सामाजिक पक्ष को प्रस्तुत किया। भगवान राम के अयोध्या लौटने के प्रसंग से शुरुआत करते हुए उन्होंने मन के रावण को समाप्त करने का संदेश दिया। तनाव, लोभ, ईर्ष्या, द्वेष, अहंकार और क्रोध को मनुष्य के भीतर का अंधकार बताते हुए उन्होंने आत्मशुद्धि और सद्भाव का आह्वान किया। साथ ही, पुराने समय और वर्तमान में त्योहार मनाने के तरीकों में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली का मूल उद्देश्य आज भी खुशियाँ बाँटना और प्रकाश फैलाना ही है।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ए. भवानी ने भी अपनी कविता के माध्यम से दीपावली के अतीत की स्मृतियाँ साझा कीं। उन्होंने मिट्टी के दीयों की सुगंध, घरों में बनते पारंपरिक पकवानों, संयुक्त परिवार की आत्मीयता, पड़ोसियों के साथ मिलकर त्योहार मनाने और भगवान राम की अयोध्या वापसी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तकनीक और सोशल मीडिया के इस दौर में भी दीपावली का मूल संदेश प्रेम, एकता, सुख-शांति और सद्भाव ही है। उन्होंने वैश्विक हिंदी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मंच के माध्यम से तमिलनाडु के कवियों को एक साथ जोड़ने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अवसर मिला है।

अंत में नर्मदा कुमारी ने सभी कवियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार के नए सदस्यों से जुड़ना और उनकी रचनाएँ सुनना सुखद अनुभव है। उन्होंने भारतीय भाषाओं और हिंदी के लिए मिलकर कार्य करने तथा भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक आयोजनों से जुड़े रहने का आह्वान किया। डॉ. ए. भवानी ने अनिल जोशी जी, नर्मदा कुमारी, सेल्वराज जी सहित सभी अतिथियों, कवियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

रिपोर्ट : अजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »