भगवती देवी और श्री रामजीलाल स्मृति समिति द्वारा राजनौता के सेठ मदनलाल विजयवर्गीय सरकारी स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थी पुरस्कृत


राजनौता गाँव की विभूति स्वर्गीय श्रीमती भगवती देवी – श्री रामजीलाल स्मृति समिति द्वारा उनकी याद में सेठ मदनलाल विजयवर्गीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजनौता (कोटपूतली-बहरोड़) के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शील्ड , प्रमाण पत्र और राशि देकर पुरस्कृत किया गया । तत्पश्चात वैश्विक हिन्दी परिवार, राजस्थान के तत्वावधान में एक साहित्य गोष्ठी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य 6 -12 वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का अभिनंदन एवं उन्हें प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नगद पुरस्कार, शील्ड, प्रमाण पत्र तथा शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री सरजीत सिंह की विशेष भूमिका रही । कार्यक्रम में आयोजित वक्ताओं के उद्बोधन सत्र में श्री नरेश शांडिल्य, श्री अनिल जोशी, श्री सरजीत सिंह शेखावत, श्री राम स्वरूप रावतसरे, श्री राजकमल मिश्रा एवं संकल्प आईएएस कोचिंग के राजस्थान चैप्टर के प्रमुख श्री रामबाबू गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किए। श्री रामबाबू गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी हेतु अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं सही मार्गदर्शन के महत्व पर बल दिया।
इस क्रम में श्री अनिल शर्मा जोशी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति निरंतर जुड़ाव बनाए रखने तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ कवि श्री नरेश शांडिल्य ने अपनी जड़ों से जुड़ने को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया । विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय ने स्कूल के स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों के अवसरों पर आने के लिए भी इन विद्वानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया । कार्यक्रम के अंतिम चरण में रचना गोष्ठी (कविता पाठ) का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा राजस्थानी एवं हिन्दी कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया गया। इस अवसर पर श्री अनिल जोशी ने अपने पूजनीय माता-पिता को समर्पित तीन भावपूर्ण कविताओं का पाठ किया। श्री नरेश शांडिल्य के दोहे , श्री राम स्वरूप रावतसरे जी की क्षणिकाएँ , श्री कल्याण सिंह शेखावत की राजस्थानी कविताओं का पाठ एवं कमलकांत शर्मा, शिवम “विशेष” गिरधर सिंह “गिरधर” एवं नरेश जांगिड़ “जिज्ञासु” ने अपनी कविताओं को उपस्थित हुए श्रोताओं ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से श्रीमती सरोज जैमिनी, श्रीमती उषा शर्मा एवं श्रीमती सरोज शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं साहित्य प्रेमियों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम के संयोजक श्री रामजीलाल जी के प्रपौत्र बालीवुड अभिनेता श्री संकल्प जोशी ने किया । श्री कल्याण सिंह शेखावत , श्री राम स्वरूप रावतसरे, श्री संतोष शर्मा और श्री शिवम ने विशेष रूप से कार्यक्रम में योगदान किया । सभी के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बन गया।
