पश्चिम विहार में कारगिल विजय दिवस एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

26 जुलाई 2026, नई दिल्ली। पश्चिम विहार, नई दिल्ली में आर्य समाज एवं क्षत्रिय विकास संगठन के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में देशभर से आए सुप्रसिद्ध कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कवि सम्मेलन में काव्य पाठ करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि एवं कार्यक्रम संयोजक श्री जय सिंह आर्य, आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट के संयोजक डॉ. जे.पी. सिंह, श्री सुरेंद्र जैन एवं श्रीमती आशा जैन द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ राष्ट्रीय कवि डॉ. राधेश्याम मिश्र, वरिष्ठ कवयित्री डॉ. कीर्ति काले, वीर रस के वरिष्ठ कवि डॉ. अनिल वाजपेयी, श्री भुवनेश चौहान ‘चिंतक’, प्रोफेसर सीमा अग्रवाल सहित देश के अनेक जाने-माने कवियों का पावन सान्निध्य एवं स्नेह प्राप्त हुआ। कवियों ने अपनी ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और वीरता की भावना का संचार किया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने कवियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कारगिल विजय दिवस और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती को समर्पित यह कवि सम्मेलन साहित्य और राष्ट्रभक्ति का सुंदर संगम बनकर उपस्थित जनों के लिए स्मरणीय रहा।
