मीरापुर में साहित्यकार विष्णु प्रभाकर की 115वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित

मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश। हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित विष्णु प्रभाकर जी की 115वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली मीरापुर में उनके परिवार की ओर से एक भव्य एवं गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य और संस्कृति से जुड़े अनेक लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ होने के पश्चात विष्णु प्रभाकर जी के सुपुत्र श्री अतुल प्रभाकर ने एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उनके जीवन, परिवार और साहित्यिक यात्रा से उपस्थित जनों को परिचित कराया। उन्होंने विष्णु प्रभाकर जी की पारिवारिक वंशावली पर प्रकाश डालते हुए उनके समृद्ध साहित्यिक अवदान और हिंदी साहित्य में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। समारोह के दौरान विष्णु प्रभाकर जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखने का भी अवसर प्राप्त हुआ। वक्ताओं ने उनके साहित्यिक जीवन, मानवीय संवेदनाओं और हिंदी साहित्य को दिए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विष्णु प्रभाकर जी की स्मृतियों को संजोने और उनके साहित्यिक अवदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए श्री अतुल प्रभाकर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। यह भी कामना की गई कि वे और उनका पूरा परिवार इसी प्रकार विष्णु प्रभाकर जी की स्मृति और साहित्यिक विरासत को चिरस्थायी बनाने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहें।
