काव्य-संग्रह ‘मैं तेरी बाँसुरी बनूँ’ का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह आयोजित

नोएडा। सुप्रसिद्ध कवयित्री एवं साहित्यकार अलका शर्मा के नवीनतम काव्य-संग्रह ‘मैं तेरी बाँसुरी बनूँ’ का लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं कविता सम्मेलन 30 अगस्त को गोल्फ कोर्स क्लब, सेक्टर-38, नोएडा में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात भाषा वैज्ञानिक एवं साहित्यकार श्री महावीर सरन जैन ने की। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं साहित्यकार श्री सी. बी. सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रसिद्ध कवि श्री नरेश शांडिल्य, पूर्व उपसचिव, हिन्दी अकादमी, दिल्ली श्री ऋषि कुमार शर्मा तथा सुप्रसिद्ध कवि श्री मनोज अबोध उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि, पत्रकार एवं प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने किया।
अध्यक्षीय वक्तव्य में महावीर सरन जैन ने कहा कि अलका शर्मा की कविताओं में संवेदना, जीवनानुभव और भाषा का सुंदर संतुलन दिखाई देता है। उनका काव्य पाठक को आत्मीयता से जोड़ते हुए मानवीय मूल्यों की ओर ले जाता है।


मुख्य अतिथि सी. बी. सिंह ने कहा कि कविता समाज की संवेदनशील चेतना को स्वर देने का सशक्त माध्यम है। ‘मैं तेरी बाँसुरी बनूँ’ में जीवन के विविध रंगों और भावनाओं की प्रभावी अभिव्यक्ति हुई है।
नरेश शांडिल्य ने कहा कि अलका शर्मा की रचनाओं में सहजता और भावप्रवणता विशेष आकर्षण है। उनकी कविताएँ पाठक के मन में देर तक अपनी उपस्थिति बनाए रखती हैं।
ऋषि कुमार शर्मा ने कहा कि संग्रह में समकालीन जीवन के साथ भारतीय संवेदना का सुंदर समन्वय है। कवयित्री ने सरल भाषा में गहरी अनुभूतियों को अभिव्यक्त किया है।
मनोज अबोध ने कहा कि अलका शर्मा की कविता में आत्मीयता और सामाजिक सरोकार साथ-साथ चलते हैं। उनका यह संग्रह हिन्दी कविता को समृद्ध करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर श्री रमेश प्रसून, डॉ. आलोक बेजान, डॉ. मनोज कामदेव, श्री जगदीश मीणा, श्री अनिल मीत, श्री बाबा कानपुरी, श्री भूपेंद्र राघव, श्रीमती निर्देश निधि, श्रीमती शोभा सचान, श्रीमती राज रानी भल्ला, श्रीमती पूजा श्रीवास्तव, डॉ. राजेश श्रीवास्तव राज, श्रीमती सोनिया अक्स सोनम, श्रीमती संगीता अहलावत, श्रीमती अदिति अस्थाना, श्रीमती जाह्नवी सिंह, श्री विजय कुमार सिंह एवं श्री रविन्द्र गर्ग सहित अनेक कवियों ने काव्य-पाठ किया। समारोह का आयोजन देवप्रभा प्रकाशन, गाजियाबाद की ओर से किया गया। इस अवसर पर सभी को अंगवस्त्र, मोतियों की माला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिलाष शर्मा, कनिका, नीतिका, अरविन्द भाटी, गौड़ साहब आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »