रमा त्यागी ‘एकाकी’ की पुस्तक की समीक्षा : मनोज अबोध

समीक्षित कृति: एक उदास दिन का गीत (काव्य)
रचनाकार: रमा त्यागी ‘एकाकी’
प्रकाशक: वीएलएमएस पब्लिकेशन्स(प्रा)लि
बी-59ए,गुलाब बाग, उत्तम नगर, नई दिल्ली-59
पृष्ठ:128 मूल्य:400₹ समीक्षक: मनोज अबोध
“एक उदास दिन का गीत: स्त्री-मन के अनकहे यथार्थ का आख्यान”

रमा त्यागी जी के कविता-संग्रह ‘एक उदास दिन का गीत’ को पढ़ते हुए एक बात विशेष रूप से उभरती है कि यह केवल उदासी, प्रेम और विरह का संग्रह नहीं है। इसके भीतर एक स्त्री का पूरा जीवन है—उसके सपने, रिश्ते, सामाजिक विडंबनाएँ, आत्मसम्मान, संघर्ष, प्रतीक्षा और टूटकर भी न टूटने की जिजीविषा।
संग्रह की भूमिका में त्रिलोक कौशिक जी ने भी इस बात को रेखांकित किया है कि रमा जी की कविताओं में स्त्री की अस्मिता और जीवन के प्रति उसकी अटूट निष्ठा दिखाई देती है।
काव्य-संग्रह में 78 सुंदर और भावपूर्ण कवितायें संग्रहीत हैं । रमा जी के इस संग्रह ‘एक उदास दिन का गीत’ पर अपनी बात रखते हुए मैं सबसे पहले यही कहना चाहूँगा कि इस पुस्तक का शीर्षक जितना उदास दिखाई देता है, इसके भीतर जीवन के संघर्ष और जिजीविषा के उतने ही प्रखर स्वर मौजूद हैI मेरी दृष्टि में यह संग्रह किसी एक स्त्री की निजी पीड़ा का दस्तावेज़ भर नहीं है, बल्कि स्त्री-मन के अनेक अनकहे अनुभवों और सामाजिक यथार्थ का काव्यात्मक आख्यान है।
इस संग्रह की एक महत्वपूर्ण कविता है—‘स्त्रियाँ सजा देती हैं’। इसमें कवयित्री ने स्त्री के घरेलू जीवन, उसकी जिम्मेदारियों, उपेक्षाओं और उसके मिटते हुए व्यक्तित्व को जिस बेबाकी से अभिव्यक्त किया है, वह ध्यान खींचता है।
स्त्री रसोई में
आग पर सिर्फ़ खाना नहीं पकातीं,
वे धीमी आँच पर करेलों के साथ
पकाती हैं अपने अरमानों को!
पूरियों के साथ तलती हैं
अपनी भावनाओं को।
वे बच्चों के टिफ़िन में
सिर्फ़ खाना नहीं डालतीं,
वे हर कौर के साथ
पोषित करती हैं उनमें संस्कारों को
एक ओर स्त्री घर के कोने-कोने को सजाती है, दूसरी ओर उसी घर में अपने सपनों और पहचान को समेटती चली जाती है। कवयित्री का यह कथ्य केवल भावुकता नहीं, एक गंभीर सामाजिक प्रश्न बन जाता है।
एक और कविता “पैबंद “ की पंक्तियाँ देखिए :-
थक गई हूँ ज़िन्दगी…
तुझमे पैबंद लगाते-लगाते
अब लग गये इतने पैबंद
कि जगह नहीं बची कोई!
इस कविता में कवयित्री ने रिश्तों और जीवन को बचाए रखने की कोशिश में अपने ऊपर लगे भावनात्मक घावों और समझौतों को ‘पैबंद’ के प्रतीक से व्यक्त किया है। आगे कविता में मान, सम्मान, समर्पण, सहनशीलता, दर्द और हमदर्दी के पैबंदों का उल्लेख आता है।
रमा जी की कविताओं का एक दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष प्रेम और विरह है। ‘तुम चुप रहे’, ‘प्रतीक्षा में’, ‘जुदाई कितनी सुंदर’ और ‘फिर आऊँगी’ जैसी रचनाओं में प्रेम केवल मिलन की आकांक्षा नहीं, बल्कि स्मृति, प्रतीक्षा और आत्मिक समर्पण का अनुभव बनकर आता है। मुझे विशेष रूप से उनकी कविता ‘एक नदी की यात्रा’ का भाव-संसार आकर्षित करता है, जहाँ नदी का सागर में समाहित होना एक तरह से अपने अहं का विसर्जन और आत्मिक परिपक्वता का प्रतीक बन जाता है।
इस संग्रह की एक और उल्लेखनीय विशेषता है—इसकी अभिव्यक्ति की सहजता। कवयित्री जटिल शब्दावली या अलंकारों के प्रदर्शन के बजाय सीधे मन से संवाद करती हैं। उनकी कई छोटी कविताएँ भी अपने सीमित आकार में व्यापक अर्थ समेटे हुए हैं।
हाँ, एक पाठक के रूप में मुझे यह भी लगता है कि कुछ प्रेमपरक रचनाओं में भावों और प्रतीक्षा की पुनरावृत्ति दिखाई देती है। कहीं-कहीं भाव की तीव्रता को थोड़ा संयमित किया जाता तो कविता का प्रभाव और गहरा हो सकता था। लेकिन यही आत्मीयता और भावुक सचाई इस संग्रह की पहचान भी है।
अंत में ‘चिड़िया रोई’ कविता का उल्लेख करना चाहूँगा।
भटक रही है
आज अनंत आकाश में।
सूरज की तपती धूप में,
क्षितिज छूने की चाह में।
चहकती थी
जो कभी चूँ-चूँ करती,
आज उदास है, आह भरती!
गर्म तपते रेगिस्तान में !
यह चिड़िया केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि सपनों, संघर्षों और बार-बार गिरकर उठ खड़े होने वाली स्त्री का प्रतीक बन जाती है।
मैं कहना चाहूँगा कि ‘एक उदास दिन का गीत’ वास्तव में उदासी का गीत होते हुए भी जीवन से पलायन का गीत नहीं है। यह टूटन के बीच अपने अस्तित्व को बचाए रखने और फिर से उड़ने का साहस जुटाने वाली कवयित्री की आवाज़ है।
रमा जी को इस सार्थक कृति के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ।
********************
