दिन विशेष कविता : “दूज का चाँद” – डॉ. रेखा देशमुख

दूज का चाँद उगते ही
एक पंछी अपना घर भूल गया,
पंखों में बसे अँधियारे को
रेशमी स्पर्श याद आ गया।
कोई भी साथ नहीं था,
फिर भी पदचिह्न उभर आए,
एक दूर तलक चली गई,
दूजी मौन-व्रत धर लौट आई।
सूने कुएँ की गहराई में
आकाश निश्चल सोया था,
जल के निःशब्द अधरों पर
किसका नाम तैर रहा था।
चाँद की कोर घुल गई
भोर के धुँधलके में,
कोई जागता ही रह गया
खोए हुए चाँद की दिशाभ्रमित राहों में…
***********
