दिन विशेष प्रवासी रचना में अनुराधा ग्रोवर की काव्य रचनाएँ
कवयित्री अनुराधा अपनी कविताओं में अपने व्यक्तिगत अनुभवों और भावों-अनुभावों को स्वर देते हुए अपने व्यक्तित्व को बेहतर ढंग से रूपायित करती हैं. प्रकृति के साथ साहचर्य में उनकी रचनाधर्मिता निखर कर सामने आती है. पाठक इन कविताओं तथा नज़्मों के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें और वैश्विक हिंदी परिवार के इस उपक्रम को प्रोत्साहित करें! – डॉ. मनोज मोक्षेन्द्र, संपादक

कविताएँ
१. इक दोपहर
पीपल की छाया तले मिली थी इक दोपहर….
मैली-कुचली, कुछ सकपकाई-सी दोपहर….
सर पर सूरज रख, दिन बेचने निकली दोपहर…
पेट सहलाती, जीभ घुमाती, भूखी-प्यासी-सी दोपहर…
कब घर जाएगी, किरणों को क्या खिलाएगी…
यही सोचती, माँ जैसी थकी-थकाई-सी दोपहर…
शाम को बासी रोशनी कौन खरीदेगा…
पत्थर पे सिर रखकर, ख़ुद पथराई-सी दोपहर…
बुझती आँखें मगर कड़क सुनहरी…
ग़रीब के घर में चुंधियाई-सी दोपहर…
चाँद पियक्कड़, मुँह औंधे गिर के सो जाएगा…
अपनी क़िस्मत को कोसती, कसमसाई-सी दोपहर…
जब नई-नवेली सुबह थी,
लोग पानी की, मुँह दिखाई, दिया करते थे…
ये कहाँ दिन-रात के जाल में अटकी,
खिसियाई-सी दोपहर…
२. बहुत देर कर दी
कभी कभी अपने अतीत से बातें करने को जी चाहता है…
अतीत की उन्ही गलियों में भटकूँ …
देखूं हर कहानी को फिर से पनपते हुए…
वही रेगिस्तान सी गर्म मिट्टी की जलन …
वही चंचल छाँव का भ्रम…
वही आड़े तिरछे रास्ते और…
हर रास्ते के अंत में एकाएक मोड़…
मोड़ पे झूझती, गिरती पड़ती ढलानें…
मैं एक एक क़दम रुक रुक के चलती हूँ …
और ढलान से सीधे जा कर वो घर के निशान…
जिसकी कच्ची मिट्टी की दीवारें
कब की डेह चुकी हैं…
और मैं अब आई हूँ…
एक आलसी हवा का झोंका मेरे पास आया…
मानो कुछ कहना चाह रहा हो…
या शायद इंतज़ार कर कर के थक चुका था…
एक सदी से आज़ाद होना चाहता था…
झोंका हवा का नाराज़ था…
खाली घर, बंद दरवाज़ा…
मेरे अतीत के वो लोग कहाँ है…
कहाँ है मेरे वो लोग…
मैने अपनी घड़ी में वक़्त देखा…
चार बाज के च्वालिस मिनिट…
इतने ही बजे की तो ट्रेन थी…
बाबूजी छोड़ने आए थे स्टेशन पर …
स्टेशन की धक्का मुक्की में…
मैने देखा ही नही…
बाबूजी की आँखों में उफनते हुए धुंधले बादल थे…
जो मां की आँखों में जा कर बरसे होंगे…
वो गरम झोंका हवा का नही…
मेरी माँ की आहों का था…
अंगीठी में रखी दुआओं का था…
माँ ने एक बार खत में रोटी और गुड भेजा था…
उन्ही दिनों शहर में चीटियाँ भी बहुत हुईं…
मैने कहा भी था… ये कोई नही खाता यहाँ…
बाबूजी ने फिर भी एक थैला भर के लौकी भिजवाई…
मैं और बाबूजी, दोनो ज़िद्दी…
और मैं अब आई हूँ…
देर से ही सही … घर वापिस आई तो हूँ …
मुझे बुलाओ…
पुचकारो…
पुकारो मेरा नाम…
माँ के नाम पे सूखी तुलसी …
और बाबूजी के नाम का बोर्ड …
दोनो टूटे दाँतों से मुस्कुराते हैं …
तुझे देर हो गयी घर आते आते…
बिटिया, बहुत देर…
३. एक औरत
पुराने मंदिर के पीछे… बंजर पेड़ के नीचे…
धूप से लड़ते हुए… जूतों के ढेर से भिड़ते हुए …
एक गंदे कपड़े से वो … साफ़ जूते पोंछ रही थी…
थैले से झाँकती दिन भर की जमा नींद …
और पास पड़े कम्बल में उम्र भर की ऊनींदी रातें …
जिस्म क्या बाक़ी था …
एक ढाँचे पर मानो झुर्रीदार भूरी चद्दर …
कलाई पर धागे से बंधी … एक आध मुट्ठी सांसें …
और गुदा हुआ मटमैला सा इक नाम
मगर ज़ीस्त ज़िंदा थी अभी …
जूते चमकाती चमकाती, खद धूल से सनी हुई वो औरत …
जाने क्या बुदबुदाती जाती थी…
मुझे दूर से उसके चेहरे की लकीरों में …
रह रह कर एक उम्मीद नज़र आती रही थी …
नज़्म
१. चाबियाँ
ताले सारे वक़्त के साथ गुम हो गए…
चाबियाँ रह गईं बे-सवाल जवाबों की तरह…
जिन शिकायतों पर कभी सुनवाई न हुई…
वो ख़ुद बैठी हैं कटघरे में मुजरिमों की तरह…
ख़बर है कि इमारतें ढह गईं जिस्म के शोर से…
शहर के शहर नापाक हुए हैं तेरे इरादों की तरह…
उसूल से तो मोहब्बत भी हराम है दोस्तों…
इश्क़ है तो फिर जियो काफ़िरों की तरह…
हज़ार ख़त के जवाब में बस एक दिलासा आया…
अभी एक और उम्र जलाओ, चिराग़ों की तरह…
२. जाने कैसे कट रही है ज़िंदग़ी
लक्ष्य से हट रही है ज़िंदगी…
जाने कैसे कट रही है ज़िंदगी…
जो आया, पिछला हिसाब माँग रहा है…
कितने हिस्सों में बँट रही है ज़िंदगी…
दिन, महीने, साल बढ़ते जा रहे हैं…
और लोग कहते हैं घट रही है ज़िंदगी…
वक़्त के मुजरिमों की तलाश जारी है…
कटघरे की सफ़ाई रट रही है ज़िंदगी…
नीलामी होगी चाँद की, चाँद अब घर न आएगा…
रात के आख़िरी घूँट गट रही है ज़िंदगी…
बॉर्डर पे सुना है बमबारी बंद हो गई है…
किसी सनकी फ़ौजी-सी फिर भी, डट रही है ज़िंदगी…
परिचय:
अनुराधा एक बहुआयामी और बहुभाषी कलाकार हैं, जिनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति का विस्तार नाट्य लेखन, निर्देशन, अभिनय और कविता तक है। उनकी कविता और कहानी कहने की शैली तीक्ष्ण, विशिष्ट और एक दार्शनिक-रोमांटिक दृष्टि से परिपूर्ण है, जिसने जीटीए के थिएटर समुदाय में समझदार दर्शकों और प्रतिष्ठित हस्तियों से सराहना प्राप्त की है। वर्ष 2011 से सक्रिय रही कवयित्री के रूप में, उनकी रचनाएँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं और अनेक प्लेटफॉर्मों पर प्रकाशित होती रही हैं, जो उनकी सतत् साहित्यिक उपस्थिति को दर्शाती हैं। अनुराधा समकालीन चुनौतियों से जुड़े अनकहे भावों-अनुभावों को अपनी कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सांस्कृतिक संवाद इनकी कहानियों का अहम हिस्सा हैं। वह हिंदी के अतिरिक्त, अंग्रेज़ी और पंजाबी में भी लिखती हैं तथा इन सभी भाषाओं में अपने भावों और अनुभवों को सूक्ष्मता से व्यक्त करती हैं।
**********************
