दिन विशेष युवा लेखन में सत्य प्रकाश ‘ध्रुव’ की कविताएँ
१. जंगल
जंगल,
तुम पेड़ नहीं हो,
तुम धरती की वह साँस हो
जिसे हमने
कभी गिनना ज़रूरी नहीं समझा।
तुम बहुत पहले से यहाँ हो,
इतने पहले
कि तुम्हें याद भी नहीं
पहला कुल्हाड़ा
कैसे तुम्हारे भीतर उतरा था।
तुम्हारी छाया में
इतिहास नहीं लिखा गया,
बस जीवन पनपता रहा
धीरे,
बिना शोर,
जैसे अस्तित्व को
किसी प्रमाण की ज़रूरत न हो।
जंगल,
आज तुम्हारे बारे में
योजनाएँ बन रही हैं
नक्शों पर,
मीटिंगों में,
उन हाथों के बीच
जिन्होंने कभी
मिट्टी को छुआ तक नहीं।
कोई कहता है
यह खाली ज़मीन है,
कोई कहता है
इसे उपयोग में लाना चाहिए।
मैं सोचता हूँ,
जीवित चीज़ों को
खाली कहना
हमने कब सीख लिया?
तुम्हारे कटने की आवाज़
इतनी सामान्य है
कि उसे
ज़रूरत कह दिया जाता है
जैसे किसी पुरानी याद को मिटाना
सिर्फ़ जगह बनाना हो।
जंगल,
तुम्हारे बिना
हवा सिर्फ़ चलती नहीं,
भटकती है
और पक्षियों की आवाज़ें
सिर्फ़ गूंज बनकर रह जाती हैं।
कोई नहीं कहता
कि तुम्हारे होने से
मिट्टी अपने भीतर
नमी बचाए रखती है,
कि तुम्हारी जड़ों में
अब भी वह अँधेरा है
जहाँ से रोशनी जन्म लेती है।
यह जो संतुलन है
यह किसी आदेश का नहीं,
तुम्हारी चुप्पी और हलचल का
एक साथ होना है,
जिसे तोड़ते समय
हम अपने ही भविष्य से
एक रिश्ता कम कर देते हैं
और उसे भी
विकास कह देते हैं।
तुम कोई संपत्ति नहीं,
बल्कि वह स्मृति हो
जिसे खो देने पर
मनुष्य अपने ही आरंभ को
भूल जाता है।
और जब सब कुछ तय हो जाएगा
कितना बचाना है,
कितना काटना है
तब भी तुम
कहीं न कहीं उगते रहोगे,
चुपचाप,
जैसे कोई प्रतिरोध
जो दिखता नहीं
लेकिन हारता भी नहीं।
२. बस तुम
दुनिया में
बहुत-सी चीजें
जरूरी हैं।
रोटी,
काम,
घर,
जिम्मेदारियाँ
सब अपनी जगह।
लेकिन
इन सबके बीच
एक इच्छा
बार-बार लौटती है।
तुमसे मिलूँ।
बिना किसी वजह के,
बिना किसी तैयारी के,
बस तुम्हारे सामने
कुछ देर बैठूँ।
शायद प्रेम
यही है
बहुत-सी जरूरतों के बीच
किसी एक व्यक्ति का
जरूरत से आगे
जरूरी हो जाना।
३. बूढ़ा पिता
वह अब
पहले जितना
चल नहीं पाता।
हाथ काँपते हैं,
आँखें धुँधली हैं,
लेकिन घर के खर्च का हिसाब
आज भी याद है।
जिस बेटे को
उँगली पकड़कर चलना सिखाया,
अब उसी के सामने
अपनी ज़रूरतें
धीरे-धीरे बताता है।
वह दवा माँगता है
तो बेटे की परेशानी देखता है।
और चुप हो जाता है।
जिसने पूरी उम्र
परिवार का सहारा बनकर बिताई,
वह बुढ़ापे में
सहारा माँगने से
क्यों डरता है?
*********
नाम: सत्य प्रकाश ध्रुव
जन्मतिथि: 21 फरवरी 2004
शैक्षणिक योग्यता: दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी में स्नातकोत्तर
साहित्यिक परिचय:
देश की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में रचनाओं का नियमित प्रकाशन दूरदर्शन, आकाशवाणी, साहित्यतक तथा अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर काव्य-पाठ साहित्यिक ई-पत्रिका ‘वर्तनी’ के संपादक ।
प्रमुख सम्मान:
- बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा सम्मान।
- राजभाषा विभाग, बिहार सरकार द्वारा सम्मानित।
- चाणक्य फाउंडेशन द्वारा दिनकर सम्मान।
- विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित।
पता : HOUSE NO 47-B, BLOCK C-2,
GROUND FLOOR, BUDH VIHAR PHASE-1,
DELHI – 110086
मोबाइल : 9625797484
