मॉरीशस में रामचरितमानस के व्यापक प्रभाव के चलते रामायण सेंटर में हर वर्ष तुलसी जयंती बहुत उत्साह से मनाई जाती और बड़ी संख्या में भक्तजन इसमें शामिल होते हैं। इस वर्ष 31 जुलाई 2025 को तुलसी जयंती के पावन अवसर पर मॉरीशस स्थित रामायण सेंटर में “मॉरीशस की साहित्यिक सुगंध” पुस्तक का लोकार्पण किया गया। यह पुस्तक मॉरीशस के 40 से अधिक रचनाकारों की 64 रचनाओं का संकलन है जिसमें कविता, कहानी, लघु कथा, संस्मरण, निबंध, शोध आलेख आदि शामिल हैं। मॉरीशस में भारतीय उच्चायोग में द्वितीय सचिव (हिंदी एवं संस्कृति) के पद पर रह चुकीं सुनीता पाहूजा द्वारा संपादित और मॉरीशस में बसी हिंदी की सक्रिय साहित्यकार अंजू घरभरन द्वारा सह संपादित इस पुस्तक का लोकार्पण मॉरीशस गणराज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री माननीय श्री महेंद्र गोंदिआ जी, मॉरीशस में भारतीय उच्चायुक्त महामहिम श्री अनुराग श्रीवास्तव जी तथा रामायण सेंटर की अध्यक्ष डॉ. वीनू अरुण जी के कर-कमलों द्वारा किया गया।

माननीय मंत्री जी ने मॉरीशस की साहित्यिक सुगंध को एक महत्वपूर्ण पुस्तक बताते हुए इसके लोकार्पण पर बधाई देते हुए कहा कि यह एक साहित्यिक कृति से कहीं अधिक एक सांस्कृतिक प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि सुनीता पाहूजा ने हमारे अस्तित्व की सुगंध को शब्दों में पिरोया है।  

श्री अनुराग श्रीवास्तव जी ने पुस्तक लोकार्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि मैं आशा करता हूं कि मॉरीशस की यह साहित्यिक सुगंध विश्व भर में फैले। 

डॉ. वीनू अरुण जी ने इसे एक अत्यंत सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से सुनीता जी ने भारत और मॉरीशस की संस्कृति और साहित्य को जोड़ने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »