नई दिल्ली, 14 सितंबर 2025 को हिंदी दिवस के उपलक्ष में देश का सुप्रसिद्ध चैनल और पत्रिका ट्रू मीडिया के तत्वावधान में एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन गुरुग्राम में किया गया। इस अवसर पर चर्चित लेखिका डॉ. अपर्णा थपलियाल की दो महत्वपूर्ण कृतियों काव्य संग्रह “उत्स” तथा बाल साहित्य “नानी की अटारी से कविता की पिटारी” का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ दोहाकार श्री नरेश शांडिल्य ने की। मुख्य अतिथि के रूप में गुरुग्राम की शान श्री राजपाल यादव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध ग़ज़लकार डॉ. संजय जैन तथा ट्रू मीडिया के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। मंच संचालन का दायित्व डॉ. उर्वी ऊदल ने अपने मनमोहक और प्रभावी अंदाज़ में निभाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात लेखिका डॉ. अपर्णा थपलियाल ने मंचासीन अतिथियों को अंग वस्त्र और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत दोनों पुस्तकों का लोकार्पण बड़े ही उत्साह और उल्लास के बीच सम्पन्न हुआ। लोकार्पण के पश्चात उपस्थित विद्वानों और साहित्यकारों ने पुस्तकों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा लेखिका की रचनात्मकता और सृजनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर ट्रू मीडिया के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने डॉ. अपर्णा थपलियाल को “विद्या वाचस्पति” और “कुरुक्षेत्र साहित्य रत्न सम्मान” से अलंकृत किया। और सुर संगम की तरफ़ से स्मृति चिह्न भेंट किया और डॉ. संजय जैन व सुश्री उर्वी उदल द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट साहित्यकारों सर्वश्री सुनील शर्मा, ज्ञानेंद्र प्रयागी, पीके शायर, रश्मि ममगई, अखिलेश पुरोहित, निधि सिंह, उर्वी ऊदल और अशोक कुमार को भी अंग वस्त्र और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित साहित्यकारों ने अपनी- अपनी कविताओं का वाचन किया, जिससे सभागार में उपस्थित श्रोताओं का मन भावविभोर हो उठा। हर कविता पर साहित्य प्रेमियों ने जोरदार तालियाँ बजाकर कवियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, स्वर्ण लता शर्मा, स्वप्निल एस. कुमार, अनिल जोशी, आकांक्षा थपलियाल, मैत्रेयी थपलियाल, मास्टर आर्य जोशी और विकास बौंठियाल की विशेष उपस्थिति रही, जिनके आगमन से समारोह की शोभा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम के अंत में लेखिका डॉ. अपर्णा थपलियाल ने सभी सम्मानित अतिथियों, साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी दिवस पर यह आयोजन उनके लिए अविस्मरणीय है और यह उन्हें और अधिक रचनात्मक योगदान के लिए प्रेरित करेगा। इस प्रकार ट्रू मीडिया द्वारा आयोजित यह भव्य समारोह साहित्य और हिंदी भाषा के गौरवशाली उत्सव के रूप में इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »