
अमेरिका में दीपावली का उत्सव

नंदिता सयाम, अमेरिका
भारत का सबसे प्रमुख और रोशनी से जगमगाने वाला पर्व दीपावली अब केवल भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में, विशेषकर अमेरिका में बसे भारतीयों द्वारा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। अमेरिका में रहने वाले भारतीय इस त्योहार को अपने देश की परंपराओं को याद करते हुए बहुत हर्षोल्लास से मनाते हैं।
दीपावली का पर्व अमेरिका में एकता, प्रेम और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाने वाला अवसर बन गया है। भारतीय मंदिरों में दीपावली के अवसर पर विशेष सजावट की जाती है। मंदिरों को रंगीन रोशनी, फूलों की मालाओं और दीयों से सजाया जाता है। मंदिरों में लक्ष्मी-गणेश जी की विशेष पूजा आयोजित की जाती है। भक्तजन सुंदर वस्त्र पहनकर परिवार सहित मंदिरों में पूजा-अर्चना करने आते हैं। कई स्थानों पर हवन और आरती का भी आयोजन किया जाता है जिससे वातावरण आध्यात्मिक और पवित्र बन जाता है।
दीपावली के दिन घरों में भी खास तैयारियां की जाती हैं। लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, रंगोली बनाते हैं और दरवाजों पर तोरण सजाते हैं। महिलाएं पारंपरिक मिठाइयां और नमकीन जैसे लड्डू, गुजिया, चकली, मठरी, समोसे आदि बनाती है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर दीप जलाते हैं और आतिशबाजी करते हैं। बच्चों के लिए यह त्यौहार बहुत ही आनंददायक होता है क्योंकि उन्हें नए कपड़े, मिठाइयां और पटाखे मिलते हैं।
अमेरिका के कई शहरों में भारतीय समुदाय सामूहिक दीपावली उत्सव का आयोजन करता है। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक नृत्य, गीत, नाटक और पारंपरिक भारतीय भोजन का आयोजन होता है। कई जगहों पर दीपावली मेला भी लगाया जाता है, जहाँ भारतीय परिधान, आभूषण, सजावटी वस्तुएं और स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होते हैं।
दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश की, बुराई पर अच्छाई की, और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। अमेरिका में भारतीय जब इसे मनाते हैं, तो वे केवल अपनी संस्कृति का उत्सव नहीं मनाते, बल्कि यह संदेश भी देते हैं कि प्रेम, प्रकाश और सकारात्मकता की ज्योति हर हृदय में जलती रहनी चाहिए।
अमेरिका में भारतीय एक खाली जगह पर पटाखे फोड़ते हैं । सभी साथ में पटाखे जलाकर, उसके अवशेष को पानी डालकर बुझाते हैं, और समेटकर रखते हैं।
मंदिर फूलों और मोमबत्ती, के दीयों से सजाया जाता है. मदिर में हवन ज़रूर होता है और रात में बहुत पटाखे जलाये जाते हैं।
इस प्रकार दीपावली का पर्व अमेरिका में भारतीयों को अपनी जड़ों से जोड़ने और अपनी संस्कृति को गर्व के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। रोशनी, मिठाई और खुशियों से भरा यह पर्व हर भारतीय के जीवन में नई ऊर्जा और उम्मीद की किरण लाता है।
न्यू जर्सी के अक्षरधाम मंदिर में दिवाली के पटाखों का मज़ा लीजिये।
