आकाशवाणी के स्वर्णिम 90 वर्ष : “स्पेक्ट्रम : AIR@90 – ए म्यूज़िकल ओडिसी” सांस्कृतिक उत्सव पर्व सम्पन्न

8 जून 2026 को आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संसद मार्ग स्थित रंग भवन ऑडिटोरियम में आयोजित “स्पेक्ट्रम : AIR@90 – ए म्यूज़िकल ओडिसी” भारतीय संगीत, लोक परंपराओं और आकाशवाणी की समृद्ध विरासत का अद्भुत उत्सव बन गया। सुर, संगीत, संस्कृति और भारतीयता से ओतप्रोत इस भव्य आयोजन ने उपस्थित श्रोताओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर एक बात विशेष रूप से हृदय को स्पर्श करती है कि आकाशवाणी दिल्ली के सहायक निदेशक आदरणीय श्री रामावतार बैरवा ने अपने सौम्य व्यवहार, निष्पक्ष कार्यशैली और साहित्य-संस्कृति के प्रति समर्पण से आकाशवाणी को प्रतिभाओं के लिए और अधिक आत्मीय एवं सुलभ बनाया है। एक समय था जब सामान्य कवि और रचनाकार के लिए आकाशवाणी में अपनी रचनाओं का प्रसारण मात्र एक सपना माना जाता था, किंतु श्री बैरवा जी के नेतृत्व में आज प्रतिभा को पहचान मिल रही है, योग्य रचनाकारों को बिना किसी अनुशंसा के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और साहित्य-साधकों के लिए आकाशवाणी के द्वार सहजता से खुले दिखाई देते हैं। उनके व्यक्तित्व में प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ संवेदनशीलता, विनम्रता, सहृदयता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का दुर्लभ गुण सहज ही दिखाई देता है। वे केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति के सच्चे संरक्षक के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। मुझे भी उनके स्नेह एवं विश्वास के कारण आकाशवाणी के विभिन्न कार्यक्रमों— साहित्यिकी, चर्चा-परिचर्चा, साक्षात्कार तथा 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस पर आयोजित विश्व के सबसे बड़े सर्वभाषा कवि सम्मेलन में सिंधी भाषा के अनुवादक कवि के रूप में मुझे सहभागी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके लिए मैं उनके प्रति हृदय की गहराइयों से कृतज्ञ हूँ। उनके स्नेहिल आमंत्रण पर इस ऐतिहासिक समारोह का सहभागी बनने का अवसर मिला। कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सत्कार तथा प्रत्येक छोटी-बड़ी व्यवस्था पर उनकी सजग दृष्टि यह सिद्ध कर रही थी कि श्रेष्ठ नेतृत्व केवल आदेश नहीं देता, बल्कि स्वयं व्यवस्था की आत्मा बनकर उसे सफल बनाता है। समर्पित आकाशवाणी परिवार का परिश्रम भी इस सफलता में स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
साहित्यकारों, कलाकारों और रचनाकारों से आत्मीय मिलन ने इस सांस्कृतिक उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
आकाशवाणी के स्वर्णिम 90 वर्ष केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और जन-जन के विश्वास की 90 वर्षों की गौरवगाथा हैं। आदरणीय श्री रामावतार बैरवा जी को उनके प्रेरक व्यक्तित्व, निष्पक्ष कार्यशैली और प्रतिभाओं के प्रति सम्मानपूर्ण दृष्टिकोण के लिए सादर अभिनंदन। आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्षों पर संपूर्ण आकाशवाणी परिवार को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ।

रिपोर्ट :— डॉ. शंभु पंवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »