दिन विशेष : काव्य विधा में पीयूष कांति जी की काव्य-रचनाएँ

Piyush kaanti (2)

गीत

जगमगाती आ गई दीपावली
सब जगह है छा गई दीपावली

देखिये बाजार की रौनक जरा
हैं अंधेरा आज सहमा और डरा
हो रही रोशन अंधेरी हर गली
जगमगाती आ गई दीपावली

सब जगह अब स्वच्छता का वास है
भर गया चहुं ओर नव उल्लास है
हर जगह लगने लगी चंगी-भली
जगमगाती आ गई दीपावली

बन रहे घर-घर नये पकवान हैं
आ रहे घर में नये सामान हैं
पत्नियां लगने लगी गुड़ की डली
जगमगाती आ गई दीपावली

हमने मन में प्रण हेै अब यह ले लिया
प्रेम का है बालना ऐसा दिया
ज्योति जिसकी अब रहे हरदम जली
जगमगाती आ गई दीपावली

अब प्रदूषण मुक्त अपना देश हो
इस दिवाली का नया इक भेष हो
रात जगमग और हवा हो संदली
जगमगाती आ गई दीपावली

मुक्तक

(1)
दीप नैनों के अगर झिलमिल करें, तो है दिवाली
आप मुस्काने अधर पर जब धरें, तो है दिवाली
रजनीगंधा, मोगरे, मधुमालती के गंध जैसी
आपके तन से सुगंधें जब झरें, तो है दिवाली

(2)
रावण का वध करके आए राम, दिवाली मनी अवध में
रावण क्या था मन ही तो था, डूबा अहंकार के मद में
अपने मन में भी है रावण , मगर न इससे डरना होगा
रोज दिवाली मन सकती है, रावण का वध करना होगा

********************

लेखक परिचय

पीयूष कांति

अंग्रेज़ी साहित्य में स्नातकोत्तर (पटना विश्वविद्यालय), सम्प्रति राज्य सभा सचिवालय, भारतीय संसद में संयुक्त निदेशक (राजभाषा)।

ओज/वीर रस के मंचीय कवि, ग़ज़ल, गीत और मंच-संचालन में सिद्धहस्त। जनतंत्र टीवी, संसद टीवी, भारत एक्सप्रेस सहित विभिन्न राष्ट्रीय चैनलों पर काव्य-पाठ। संस्थापक-संयोजक, एस जी होम्स साहित्य मंच।

प्रमुख कृतियाँ — ‘तिश्नगी रह गई’ (ग़ज़ल संग्रह), ‘कहकशां’ (साझा ग़ज़ल संग्रह) का संपादन।

गोपाल सिंह नेपाली सम्मान, साहित्यम् शब्द सारथी सम्मान, कायाकल्प साहित्य भूषण सम्मान (2026) सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »