दिन विशेष : युवा लेखन के अंतर्गत धरमवीर ‘धरम’ की काव्य रचनाएँ
मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले से ताल्लुक रखने वाले और वर्तमान में दिल्ली के मुखर्जी नगर के निवासी धरमवीर ‘धरम’ हिंदी के एक प्रतिष्ठित वीर रस कवि, ओजस्वी मंच संचालक और प्रेरक वक्ता हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग से जेआरएफ (JRF) क्वालिफाइड एवं पीएचडी शोधार्थी धरम वर्तमान में परमाणु ऊर्जा विभाग में राजभाषा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वे ‘युगांतर फाउंडेशन’ के संस्थापक, ‘राष्ट्रीय कवि संगम’ की विश्वविद्यालय इकाई के संयोजक तथा एमआईटीएस (MITS) यूनिवर्सिटी की हिंदी समिति जैसी कई प्रतिष्ठित संस्थाओं में अध्यक्ष व सलाहकार के रूप में सक्रिय हैं।
उनके काव्य-संसार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उनकी रचनाओं में केवल राष्ट्रभक्ति और वीर रस का ओज ही नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन, वेदांत, जीवन की क्षणभंगुरता का गहरा बोध और मानवीय प्रेम की संवेदना भी अत्यंत सहजता से गुंथी हुई दिखाई देती है—जहाँ एक ओर वे “मुरली भी, गीता और सुदर्शन धरते हैं” कहकर सांस्कृतिक स्वाभिमान जगाते हैं, वहीं दूसरी ओर “इस जगत का मूल केवल प्यार पर है” और “उम्र जितनी भी बची हो प्यार कर लो” जैसी पंक्तियों के माध्यम से आध्यात्मिक शांति व प्रेम का अमर संदेश भी देते हैं।

१.
एक दिन संकल्प में अनुरक्त होकर
जब तुम्हारे हाथ भी छू न सकूँगा
और तुमसे उम्र के चौथे पहर में
मौन ही रह जाऊंगा फिर क्या कहूंगा
उस समय तुम उम्र के बंधन हटाकर
देह के संसर्ग का सुख भूल जाना
मैं प्रतीक्षारत तुम्हारे प्रेम का हूं
जिंदगी के उन क्षणों तक लौट आना
२.
साकार यह संसार लेकर क्या करूंगा
मैं पुनः अवतार लेकर क्या करूंगा
विश्व के हर सत्व में मैं बह रहा हूं
वेद और वेदांत में यह कह रहा हूं
ब्रह्म माया या जगत का रूप लेकर
इस चराचर में सदा से लय रहा हूं
फिर जगत आधार लेकर क्या करूंगा
मैं पुनः अवतार लेकर क्या करूंगा
अब धरा यह मानवों के भार पर है
और गीता के समूचे सार पर है
तुम संभलकर अंत में यह जान लेना
इस जगत का मूल केवल प्यार पर है
कुछ समय सत्कार लेकर क्या करूंगा
मैं पुनः अवतार लेकर क्या करूंगा
३.
कितनी चतुराई से निर्णय लेते हो
हाय फिर भी विधना ने क्या दिखलाया
राजा होने पर भी हरिश्चन्द ने तब
कैसे दिन देखे थे आखिर क्या पाया
यह सारा है खेल तमाशा नौटंकी
इसमें कुछ गंभीर नहीं होने जैसा
मिलने पर तो राम तुम्हें मिल सकते हैं
किंतु नहीं है कण भर भी खोने जैसा
दुनिया के कितने विचार और दृष्टि हो
अंतिम सबका सार एक ही मिट्टी है
तथ्य समझने से जीवन मिल सकता है
जगती का आधार एक ही मिट्टी है
४.
हर कदम डरकर रखोगे कब तलक,
मन को कष्टों से भरोगे कब तलक,
कब तलक भागोगे अंधी दौड़ में,
व्यर्थ सांसों को करोगे कब तलक।
कब तलक जीवन समर चालें चलेगा,
एक दिन सब राख होकर के जलेगा,
धन, अकड़ता, शक्ति, सुंदरता गलेगी,
और शौहरत का भी ये सूरज ढलेगा।
इसलिए तुम प्रेम की बौछार बनकर,
जिंदगी में कुछ सुनहरे रंग भर लो,
लोग हंसकर रो पड़ेंगे नाम सुनकर,
उम्र जितनी भी बची हो प्यार कर लो।
५.
हम न विषाद में जीते, न घबराते हैं,
विपरीत परिस्थिति में हिम्मत दिखलाते हैं।
मुरली भी, गीता और सुदर्शन धरते हैं,
मानवता न मर जाए इसी से डरते हैं।
यह राष्ट्र शौर्य में प्रथम, त्याग में अव्वल है,
मिट्टी जननी है माई, हृदय गंगाजल है।
बंधुत्व सिखाया है जिससे सभ्यता बची,
उत्सवधर्मी जनजीवन की भव्यता बची।
भव्यता संस्कृति संस्कार संरक्षित हैं,
अन्य विश्व के देश इसी से वंचित हैं।
यह मिली धरोहर, गर्वित यह अभियान मिला,
हर युग, पीढ़ी का तन मन धन बलिदान मिला।
जो मिला इसी को आगे बड़ी लकीर करें,
श्रम से बुद्धि से जुटे, प्रेम और धीर धरें।
मिलकर जीवन सौंपे हम इस परिपाटी को,
तब विश्व करेगा नमन भारती माटी को।
************
