दिन विशेष प्रवासी रचना : “एमी का प्रणय (कहानी)” – कादम्बरी मेहरा
कादम्बरी की यह कहानी प्रत्यक्षत: पाश्चात्य और पौर्वात्य संस्कृतियों के बीच अंतर को चिह्नित करती है। लेखिका अपनी भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठता प्रतिपादित करती है और पश्चिमी आदतों और रीतियों का मखौल उड़ाती है। चाहे वह शिक्षण-संस्थान हो या विवाह जैसी संस्था, दोनों में भारतीय संस्कृति श्रेष्ठतर है। कहानी दिलचस्प है, हमारे वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से आपकी सार्थक प्रतिक्रियाएं निवेदित हैं। – डॉ. मनोज मोक्षेन्द्र, संपादक

अविनाश तो रोज़ कहते थे कि यह लैम्बेथ भी कोई पढ़ाने की जगह है। लंदन का सबसे पिछड़ा हुआ कोना जहां सब देशी-विदेशी आ बसते हैं दुनिया के हर शहर से। सबको लंदन में काम की तलाश रहती है। कौंसिल के फ्लैटों में अटे हुए परिवार। न इनका एक धरम, न भाषा और न पढ़ने लिखने की अभिलाषा। नित्य लाना और नित्य खाना। आशा तंग आ चुकी थी। उसकी क्लास में आधे बच्चे मंद विकास से पीड़ित थे। उनकी निजी समस्याएँ उनके मानसिक विकास को अवरुद्ध किये हुई थीं। उनकी रिपोर्टें बनाते बनाते सारी शाम निकल जाती थी।
मगर बिल्ली के भाग्य से छींका टूटा। शिक्षा विभाग ने एक प्रस्ताव रखा कि जो वरिष्ठ अध्यापिकाएं अवकाश लेना चाहें, ले सकती हैं। आशा ने तुरंत अर्जी लगा दी और शांति से घर बैठ गई। पर, काम की व्यस्तता भी एक लत होती है। कुछ महीनों के आराम के बाद घर में मन नहीं लगा। यदा-कदा चले जाने में क्या हर्ज है। अब एजेंसी की ओर से अक्सर कहीं न कहीं पढ़ाने चली जाती है।
उस दिन लैम्बेथ के सबसे बदनाम स्कूल में जाना पड़ा। था तो माध्यमिक शिक्षा संस्थान जहां छठी कक्षा तक के बच्चे पढ़ते थे। मगर अक्सर अखबार की सुर्ख़ियों में इन नन्हे कचिया बालकों के चाकू आदि रखने के समाचार छपते थे। या कोई ड्रग पैडलर स्कूल की चार दीवारी के पास पकड़े जाने का समाचार होता था। सुबह ट्रैफिक ख़राब था। ट्यूब ट्रेन बंद थी। आशा ने टैक्सी बुलाई। जैसे-तैसे समय से पहुँच गई। छठी कक्षा यानि १० से ११ वर्ष तक के बच्चों को पढ़ाना था। उनकी अध्यापिका ने ही आशा का स्वागत किया।
“मेरा नाम एमी है। आज मुझको एक इंटरव्यू के लिए जाना है। इसलिए आपको आना पड़ा।”
“मैंने कभी छठी कक्षा को नहीं पढ़ाया। मेरे ग्राहक नन्हें-मुन्ने रहे हैं। काफी शरारती हो जाते हैं सुना है।”
एमी आश्वासन देती हुई बोली, “वैसे तो यह स्कूल काफी सुर्ख़ियों में रहा है मगर अभी इसमें चारों तरफ टेली कैमरा लगवा दिए गए हैं। अतः पिछले दो वर्षों से शिष्टाचार की कोई समस्या नहीं है। मैं आखिरी घंटे में आ जाऊंगी। “
दिनभर का काम आदि दिखाकर एमी चली गयी। आशा घबरा रही थी मगर बच्चे बेहद शांत और अनुशासित थे। दिनभर कोई समस्या नहीं आई। आखिरी घंटा इतिहास का था।
आशा ने कभी इतिहास नहीं पढ़ाया था मगर अपने ज्ञान भण्डार से खोज-बीन कर उस विषय को सलटाने में दिक्कत नहीं आई। ११ वर्ष की आयु में द्वितीय महायुद्ध के विषय में पढ़ाया जाता है। पाठ सम्बन्धी प्रश्नो का उत्तर लिखने के बाद बच्चो को नाज़ी चिन्ह का चित्र खींचना था और उसका तात्पर्य बताना था। लगभग सभी ने अपनी योग्यतानुसार टेढ़ा-मेढ़ा स्वास्तिक बनाया और उसका अर्थ लिखा। जातिवाद और नफरत।
आशा से नहीं रहा गया। अभी आधा घंटा बाकी था।
“ बच्चों कॉपियां बंद कर दो। वैसे भी यह कहानी सुनाने का समय है मगर मुझको कुछ बतलाना है जो शायद तुम बहुत बड़े हो जाने पर भी नहीं पढ़ पाओगे।”
झटपट मेजें साफ़ हो गईं। बस्ते सिमट गए। सब उत्सुकता से सुनने को तैयार बैठ गए। आशा ने बोर्ड पर सीधा क्रॉस बनाया फिर उसकी भुजाओं को दाहिनी ओर मोड़कर लकीरें खींचीं।
संग-संग उनकी व्याख्या भी चलती रही। कैसे दाहिना हाथ नक़्शे में पूर्व दिशा को दर्शाता है? पूर्व दिशा यानि उगता सूरज। अब इन भुजाओं को केंद्र से जोड़ दो। क्या चित्र बना।
एक साथ कई अचंभित स्वर निकले “विंडमिल” !
“ठीक। विंडमिल का काम क्या है?” कई अटकलें। कई उत्तर।
“किस तरह चलता है?”
“हवा चलने से घूमता है।”
“हाँ सही है। इसके घूमने से अंदर लगी चक्की चलने लगती है और उस चक्की से अनाज पीसा जाता था जिसकी हम ब्रेड बनाते हैं। यह चिन्ह तमाम प्रकृति के अनवरत घूमते रहने का प्रतीक है। यह अनवरत गतिशीलता पूरे ब्रह्माण्ड में किसने बनाई? हम उस शक्ति को नहीं जानते मगर वह हमसे ऊपर है यह सत्य है। उसको अनेक युगों में अनेक नाम अनेक विचारकों ने दिए। मगर यह अब विज्ञान ने सिद्ध कर दिया है कि ब्रह्माण्ड स्वचालित है जिसे किसी इंसान ने नहीं बनाया है।
“बहुत पहले से अनेक स्थानों के लोग इस चिन्ह का प्रयोग करते आ रहे हैं। जो कुछ हमारे सामने घटा है उसके रिकॉर्ड को हम इतिहास कहते हैं। मगर बहुत कुछ जो हो चुका है, वह धरती के गर्भ में दब गया। पृथ्वी पर भूचाल आते हैं, नदियाँ अपना पंथ बदल लेती हैं। लगभग सभी मानव-समूह नदियों के अंचल में अपनी बस्तियां बनाते थे। जब बाढ़ें आती थीं और नदियाँ रास्ता बदलती थीं तब वह बस्तियां डूब जाती थीं। डेन्यूब नदी के अंचल में खुदाई के बाद एक ऐसी सभ्यता मिली जिसके अवशेषों में यही चिन्ह मिला। इससे हिटलर ने अपने-आप को आर्य जाति का और सबसे प्राचीन संस्कृति का बताया।
“बच्चो जिस देश से मैं आई हूँ वहां यह चिन्ह भगवान् का प्रतीक है। आर्य जाति के लोग वहीँ रहते हैं। मेरे भी वंश को आर्य जाति का माना जाता है। हम सूरज की पूजा करते हैं। यह हमारा पवित्र चिन्ह है। इसका नाम ‘स्वास्तिक’ हमारी भाषा का है। स्व माने खुद, या सेल्फ। अस्ति माने एक्सिस्ट अर्थात् जो स्वयं है। हमारे पवित्र ग्रंथों में इसकी बहुत व्याख्या की गयी है। मगर मोटे तौर पर मैं तुमको समझा रही हूँ। रोज अपना कोई भी काम शुरू करने से पहले मैं स्वास्तिक बनाती हूँ। इसमें मेरी प्रार्थना छुपी रहती है, अच्छे दिन के लिए। हिटलर ने इसका प्रयोग किया मगर कुछ बदलाव के बाद। उसने इसको उल्टा घुमा दिया ताकि यह एक विशाल शिकारी पंजे के जैसा लगे और इसको इतना बुरा अर्थ दे डाला अपने कर्मो से, कि अब पश्चिम में उसे मिटाना संभव नहीं है मगर याद रखना यह आधी दुनिया में पूजित भी है।”
एक अकेली ताली की आवाज़ गूँज गयी। एमी वापिस आ चुकी थी और ऑफिस में बैठी थी जहां टेली कैमरा से स्क्रीन पर अपनी क्लास को देख सकती थी। उसने यह पूरी व्याख्या सुनी। आशा ने बच्चों की ओर नज़र रखी हुई थी। वे मंत्र-मुग्ध सुन रहे थे। कुछ ने प्रश्न करने शुरू किये कि तभी एमी आ गयी। घर जाने की तैयारी एक मिलिट्री अंदाज़ में करवाई और घंटी बजते ही बच्चों ने कुर्सियां अपनी मेजों पर रख दीं। बाई-बाई कहा और दिन ख़तम हो गया।
एमी ने आशा को गले लगा लिया। बोली उसने सारा लेक्चर सुना था और यह संज्ञान उसके लिए भी नया था। “कितने दुःख की बात है कि इतने गूढ़ अर्थ से भरे आदिकालीन चिन्ह को हिटलर ने इस प्रकार दूषित किया। तुम पर क्या बीतती है मैं समझ सकती हूँ। इतिहास में बहुत-कुछ अक्षम्य है। “
आशा कुछ झेंप गईं। एमी ने कहा, “चलो मैं तुमको अपनी कार में तुम्हारे घर छोड़ दूँ।”
“अरे नहीं मेरा घर शहर से बाहर की तरफ पड़ता है। दूर है।”
पर, उसने फिर पूछा कि कहाँ है। बताने पर वह हंस पड़ी। “यकीन मानो, मैं भी वहीँ रहती हूँ। तुमसे दो गली छोड़कर।”
रास्ते में आशा ने पूछा, “कैसा रहा तुम्हारा इंटरव्यू।”
“ठीक था। सितम्बर में नयी जगह शुरू करूंगी।”
चार बजते न बजते वह एमी की छोटी सी गोल्फ में बैठी थी। एमी ने लम्बा रुट चुना। इस वक्त मुख्य सड़कें स्कूल ट्रैफिक से फँसी होती हैं। फिर भी बीस मील का सफर। एक घंटा तो लग ही जायेगा। गाड़ी चलते हुए एमी कहने लगी कि उसने पहले कभी किसी भारतीय महिला से बातचीत नहीं की थी। आशा के बहुत ज्ञान वर्धक भाषण ने उसकी बहुत सी जिज्ञासाओं को जगा दिया है। क्या वह कुछ प्रश्न पूछ सकती है? आशा उससे कम से कम दुगुनी उम्र की थी। सहज आत्मविश्वास के साथ सहर्ष राजी हो गयी।
एमी ने पूछा
“क्या आपकी शादी हुई है।“
“हाँ। करीब ३० वर्ष पहले भारत में।“
“आपने खुद अपने पति को चुना होगा तभी इतने वर्ष काट लिए। आप खुश हो?”
“हाँ, क्यों नहीं? मगर मेरे पति का चुनाव मेरे माता-पिता ने किया था।“
“हाउ टिपिकल!“ एमी ने व्यंग्य से कहा। तिस पर आशा ने दृढ़ता से समझते हुए उसका खंडन किया।
“मुझे पता है, तुमलोग हम भारतीयों की शादी को एक ड्रामा मानते हो। मगर ऐसा नहीं है। दरअसल, बहुत-कुछ जांच-परख कर शादियां होती हैं। तुम अभी जीवन में प्रवेश करने वाली हो। शादी की सबसे बड़ी कठिनाई शादी के बाद पता चलती है और वह है दो व्यक्तियों का आपसी फ़र्क। शादी से पहले सब सुनहरा लगता है। दो युवा अपनी पसंद ढूंढते हुए एक हो जाने का निश्चय कर लेते हैं, मगर फर्क और असमानताएँ एक संग, एक छत के नीचे रहते हुए उजागर होती हैं। शादी का उल्लास, मिलन की ख़ुशी आदि सब धरी रह जाती है जब एक-एक करके तुम्हारी पिछली ज़िन्दगी, या बैकग्राउंड खुलने लगती है। तब, प्यार दरकने लगता है। इसलिए, हम अपनी जात-बिरादरी में शादियां करते हैं, ताकि समानताएं अधिक से अधिक हों।“
“क्या तुम अपने बच्चों की भी इसी तरह शादी करोगी?”
“मेरी दो बेटियां हैं और उनकी शादी हो चुकी है।“
“तुमने करवाई?”
“छोटी वाली ने अपनी पसंद का व्यक्ति हमें बता दिया था। वह दोनों एक ही जगह काम करते थे। हमने उसके परिवार को बुलाकर उनकी मर्जी पूछी। वे लोग खुश थे। तो शादी हो गयी।“
“और बड़ी बेटी?”
“उसके लिए हमने खोज-बीन की।“
“ क्यों? क्या उसने खुद से कोई नहीं खोजा? या, वह तुम्हारे नियंत्रण में थी बड़ी होने के नाते।“
आशा हंस पड़ी।
“वह बात नहीं। देखो, उसका स्वभाव अधिक गंभीर है। वह अपनी पढ़ाई में ही ध्यान देती थी। जल्दी ही उसने फ़ेलोशिप भी कर डाली। एक बार जॉब में लग गयी तो सुबह जाना और शाम को सीधे घर आना। जॉब पर बस दो चार बन्दे। कहाँ ढूंढने जाती? हमारा कोई लम्बा चौड़ा सोशल दायरा नहीं है। इसलिए, हमें लोगों से पूछताछ करनी पडी। हमारे मंदिर में एक लिस्ट छपती है जिससे विवाह-योग्य युवकों का पता मिल जाता है। मैरिज ब्यूरो की तरह समझ लो। ऐसे ही किसी ने हमें ढूंढ़ लिया। उनके बेटे से हम मिले तो ठीक लगा। हमने उनको एक-साथ घूमने-फिरने की इजाज़त दे दी थी। कुछ दिन के बाद दोनों ने एक दूसरे को पसंद कर लिया। अगर ना पसंद आता उसे, तो हम फिर कोशिश करते कहीं और।“
“क्यों नहीं तुमने उसको अपने से ढूंढने के लिए स्वतन्त्र छोड़ दिया। जब होती तब हो जाती। तुम दूर रहतीं।“
“नहीं एमी। उसकी उम्र शादी की हो गयी थी। हमने उसको अपना करियर बनाने की छूट दी, जॉब भी लग गयी थी। अब मैंने बेटियां शेल्फ पर सुखाने के लिए तो नहीं पैदा की थीं, आखिर। मेरा भी तो फ़र्ज़ बनता था कि उसको सेटल करूं। अब उसको एक बेटा भी है।
अचानक चुप्पी छा गयी। आशा ने सोंचा ये विदेशी लड़की शायद निरुत्तर हो गयी है। पर, नहीं। उसके नाक सुड़कने की आवाज़ आई। देखा तो वह चुपचाप आंसू बहा रही थी।
“क्या हुआ? तुमको इसमें कुछ बुरा लगा क्या? गाड़ी रोक लो।
आशा को लगा उसे उतर जाना चाहिए। एमी ने गाड़ी तो एक ओर लगाकर रोक ली मगर उसका बायां हाथ आशा की टांग पर टिका था। उसके दबाव में आग्रह था। आशा किंकर्तव्यविमूढ़ बैठी रही। एमी का रोना गंभीर हो गया था। आशा के सामने ग्लव बॉक्स में पानी की बोतल नज़र आई। उसने निकाल कर एमी के सामने बढ़ाई। कांपते हाथ से एमी ने पानी पीया। आशा ने टिश्यू दिए; आँखें पोंछने के बाद वह कुछ स्वस्थ हुई। निःश्वास लेकर बोली, ”काश मेरी माँ भी ऐसी ही सोचती!”
“वह चलने को उद्यत हुई तो आशा ने फिर रोक दिया। “कुछ मुझसे कहकर हल्कापन लगे तो शेयर करने में हर्ज़ नहीं है। मैं सिर्फ तुमको जानती हूँ।“
“मैं अपने माँ-बाप की एकलौती बेटी हूँ। बहुत पहले पिता जी हम माँ-बेटी को छोड़कर दूसरी पत्नी के संग रहने चले गए थे। घर-बार सब हमें दे गए थे। मेरी माँ ने मुझे प्रेम से पाला। उसको पिताजी से कोई शिकायत नहीं थी। न वह दुखी हुई, न रोई-गाई। भगवान पर अटूट विश्वास रखती है। उसी की मर्जी पर सब छोड़ दिया। मैं उसी की तरह पढ़ाई में तेज थी। डेनिस से मैं यूनिवर्सिटी में मिली थी। बहुत हँसोड़, बातचीत में चतुर व्यक्ति था। मेरा टीचर था। मेरे काम से बहुत प्रभावित था। मैं आर्ट और लिटरेचर की डिग्री कर चुकी थी। उसी ने सुझाया कि मुझे इंटीरियर डिज़ाइन करना चाहिए क्योंकि इसमें बहुत पैसा है। चार साल हम संग रहे। मगर अब अचानक वह दूसरी लड़की के संग…” कहते-कहते वह, फूट-फूट कर रोने लगी। हिचकियों के बीच उसने आशा के शब्दों को दोहराया। “मैं शेल्फ पर ही रखी रह गयी। ठीक अपनी माँ की तरह।“
आशा प्रत्युत्तर में क्या कहे, समझ नहीं सकी। वह बोली, ”काश मेरी माँ भी मेरे लिए कोई पार्टनर ढूंढ देती जो सदा के लिए मुझे अपना लेता बिना देखे-जाने। उसने तो ढूंढ ली। मैं कहाँ जाऊं? सच बोलूं तो मेरा विशवास ऐसा टूटा है कि उसको फिर से किसी पर जमाना शायद संभव न हो सकेगा।“
गाड़ी चलने लगी मगर उसके आंसू बहते रहे। घर आनेवाला था। आशा ने प्यार से कहा।
“शायद वह लालची था। मेरी नज़रों में उसको इंटीरियर डिज़ाइन की डिग्री के बाद तुम्हारा महज़ एक टीचर बन जाना नहीं सुहाया।“
एमी बात काटकर बोली, ”बिल्डर इंडस्ट्री में कैसे-कैसे भेड़िये बैठे हैं! तुम्हारे उत्तर से अधिक तुम्हारे सीने को ताकते हैं। तुम्हारी टांगों की लम्बाई और पिंडलियों की चमक देखते हैं। पढ़ाई-लिखाई निल। मैं ग्रामर स्कूल की पढ़ी, संस्कारों वाली इज़्ज़तदार माँ की बेटी कैसे वहां जाती? मेरा अनुभव मैं ही समझती हूँ। फिर, डेनिस खुद भी तो टीचर है।“
“वही तो…शायद, वह खुद जो न कर पाया उसकी भरपाई चाहता था अपनी पत्नी से। अपने को कम मत समझो। उसने अपना रास्ता बदला है। तुम्हारे आगे भी सारा जहां है। याद रखो, इससे अच्छा ही देगा ऊपरवाला। वह तुम्हारा सहारा लेकर क्विक मनी की दुनिया में प्रवेश चाहता था। यानि उसमें खुद का दम नहीं था।। जरूरी नहीं कि उसको तुमसे अच्छी ही मिली हो।“
“अच्छी-बुरी नहीं पता, मगर सुना है अपना एडवर्टाइज़मेंट का बिज़नेस करती है।“
“लो तुम खुद ही देख लो। मेरा जजमेंट सही है कि नहीं?”
एमी कुछ विस्फारित नेत्रों से आशा का मुँह ताकने लगी। फिर दूर गगन को ताकने लगी। उसके माथे की त्यौरियां बता रही थीं की उसने ऐसा कभी सोंचा ही नहीं। सिर्फ खोये हुए को रोती रही थी–हताशा में।
एमी आशा की बांह सहला रही थी। उसके चेहरे पर शांति थी।
*************************
कादम्बरी मेहरा : जीवन परिचय एवं साहित्यिक योगदान
- जन्म एवं शिक्षा
कादम्बरी मेहरा का जन्म वर्ष 1945 में हुआ। उन्होंने वर्ष 1965 में भारत से अंग्रेजी साहित्य में एम.ए. की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद इंग्लैंड जाकर उन्होंने वर्ष 1979 में पी.जी.सी.ई. (शिक्षण संबंधी योग्यता) तथा वर्ष 1985 में गणित में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
- पेशेवर जीवन एवं अध्यापन
कादम्बरी मेहरा ने इंग्लैंड की मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था में लगभग 30 वर्षों तक अध्यापन कार्य किया। ब्रिटिश समाज में रहते हुए भी उन्होंने अपनी मातृभाषा हिंदी और साहित्य से गहरा जुड़ाव बनाए रखा। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे हिंदी भाषा और साहित्य की सेवा में निरंतर सक्रिय रहीं।
- प्रमुख साहित्यिक कृतियाँ एवं रचनात्मक योगदान
कादम्बरी मेहरा मुख्य रूप से कहानीकार के रूप में जानी जाती हैं। उनके प्रमुख प्रकाशित कहानी-संग्रह हैं—
- कुछ जग की
- पथ के फूल
- रंगों के उस पार
इसके अतिरिक्त, देश-विदेश की प्रतिष्ठित हिंदी पत्र-पत्रिकाओं में उनकी कहानियाँ प्रकाशित होती रही हैं। उनकी रचनाओं में आम आदमी के जीवन-संघर्ष, प्रवासी जीवन के अनुभवों और मानवीय संवेदनाओं का सजीव चित्रण मिलता है।
- प्रमुख सम्मान एवं पुरस्कार
हिंदी साहित्य में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है। प्रमुख सम्मान इस प्रकार हैं—
- एक्सेल नेट, कानपुर सम्मान – 2005
- भारतेंदु हरिश्चंद्र सम्मान – उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ द्वारा 2009 में।
- पद्मानंद साहित्य सम्मान – कथा यू.के. द्वारा 2010 में।
