दिन विशेष कथेतर : जौनपुर का माधोपट्टी गाँव —आईएएस अफसरों की फैक्टरी है – रजनी मिश्रा
लेखिका रजनी मिश्रा इस रिपोर्ट में एक गाँव के बारे में बताती हैं कि इस गाँव के हर घर में आईएएस और आईपीएस अफसरों का ‘उत्पादन’ होता है। कहने में यह बात विचित्र-सी लगती है; लेकिन, यही सत्य है। पाठक और विशेषकर युवा पाठक इस ख़ास रिपोर्ट को अवश्य पढ़ें और वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से प्रस्तुत इस प्रेरक आलेख से प्रेरणा लें। – डॉ. मनोज मोक्षेन्द्र, संपादक

यह लेख उन बच्चों द्वारा जरूर पढ़ना और पढ़ाना चाहिये जो अपनी असफलता और कड़ी मेहनत न कर पाने का रोना परिस्थितियों, सुविधाओं, अवसरों या छोटी जगह होने का रोना रोते हैं। बड़े-बुजुर्ग लोग कहते रहे हैं कि अच्छी संगति में रहना चाहिए और अच्छे वातावरण में रहना चाहिए तथा जैसी आपकी संगति होगी, जैसा वातावरण होगा–आप वैसे ही बनेंगे।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का माधोपट्टी गांव ‘अफसरों वाला गांव’ के नाम से मशहूर है। कहा जाता है इस गांव में सिर्फ आईएएस और आईपीएस अफसर ही जन्म लेते हैं। 75 घरों वाले पूरे गांव में 47 आईएएस है, जो उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों में अपनी सेवायें दे रहे हैं। स्वतंत्रता से पहले से ही यहां के लोग प्रशासनिक सेवाओं में जाने लगे थे। जिला मुख्यालय से 11 किलोमीटर दूर पूर्व दिशा में स्थित इस गांव के लगभग हर घर में कोई न कोई आईएएस और पीसीएस अफसर है। न केवल प्रशासनिक सेवाओं में, बल्कि गांव से निकले होनहार भाभा एटॉमिक सेंटर, इसरो, मनीला और इंटरनेशनल बैंक जैसे संस्थानों में ऊंचे-ऊंचे पदों पर तैनात हैं। सिरकोनी विकास खण्ड के माधोपुर पट्टी गांव में त्यौहारों पर गांव की हर गली में लाल-नीली बत्तियों वाली गाड़ियां ही नजर आती हैं।
माधोपट्टीई गांव की आबादी करीब 800 है, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या राजपूतों की है। माधोपुर पट्टी गांव का एक बड़ा-सा प्रवेश द्वार गांव के खास होने का अहसास कराता है। यह गांव देश के दूसरे गांवों के लिए आदर्श (रोल मॉडल) है। खास बात यह है कि इस गांव में कोई भी कोचिंग इंस्टीट्यूट न होने के बावजूद, यहाँ के युवा अपनी कड़ी मेहनत और लगन से बुलंदियों को छू रहे हैं। माधोपट्टी के एक शिक्षक के मुताबिक, गाँव के युवा इंटरमीडिएट से ही आईएएस और पीसीएस की तैयारी शुरू कर देते हैं।
माधोपट्टी गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने आईएएस परीक्षा पास कर अनोखा रिकॉर्ड बनाया था। वर्ष 1955 में परिवार के बड़े बेटे विनय सिंह ने सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास की थी। रिटायरमेंट के समय वह बिहार के मुख्य सचिव थे। भाई छत्रपाल सिंह और अजय कुमार सिंह भी 1964 में आईएएस बने थे। फिर 1968 में सबसे छोटे भाई शशिकांत सिंह ने यूपीपीएससी की परीक्षा पास की थी। पांचवां आईएएस भी इसी परिवार से मिला। 2002 में शशिकांत का बेटा–यशस्वी यूपीएससी की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 31वीं रैंक हासिल कर आईएएस बना था।
माधोपट्टी गांव के बेटे ही नहीं बेटियों और बहुओं ने भी गांव का मान बढ़ाया है। वर्ष 1980 में आशा सिंह, 1982 में ऊषा सिंह, 1983 में इंदू सिंह और 1994 में सरिता सिंह आईपीएस चुनी गई थीं। इसके अलावा, अलग-अलग क्षेत्रों में गांव की बहू-बेटियों ने नौकरी हासिल की है।
आजादी के पहले से ही माधोपट्टी गांव के लोगों का प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। साल 1914 में मोहम्मद मुस्तफा हुसैन डिप्टी कलेक्टर बने थे जो मशहूर शायर रहे वामिक जौनपुरी के पिता थे। वहीं, स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1952 में इंदु प्रकाश सिंह गांव के पहले आईएएस अफसर बने जो फ्रांस सहित कई देशों में राजदूत रहे। वर्ष 1955 में आईएएस विनय कुमार सिंह बिहार के मुख्य सचिव रहे।
***********************
