दिन विशेष : गीत – शशिकांत

शशिकांत जी दिल्ली के वरिष्ठ गीतकार एवं ग़ज़लकार हैं ।
5 जून 1959 को जन्मे शशिकांत के दो ग़ज़ल संग्रह और एक बाल गीत संग्रह व एक गीत संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने कई पुस्तकों का संपादन भी किया है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की पत्रिका “अक्षरम संगोष्ठी” की संपादकीय टीम में भी वे 12 वर्षों तक सक्रिय रहे हैं । बहुत से साझा संकलनों में उनकी रचनाएं प्रकाशित हैं।
राष्ट्रीय स्तर के अनेक कवि सम्मेलनों के साथ-साथ वह ब्रिटेन के प्रमुख शहरों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलनों में भी भाग ले चुके हैं।

आज प्रस्तुत हैं अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित श्री शशिकांत के दो सुंदर गीत-

Shashikant

१. मन कितना रोया है

इतना कुछ पाने की ख़ातिर, कितना कुछ खोया है।
क्या बतलाएँ, तन्हाई में, मन कितना रोया है।।

दिन भर तो सपनों के पीछे, कहाँ-कहाँ यह भागा।
अनजानी ख़ुशियों की ख़ातिर, रात-रात भर जागा ।।
नाहक़ शोर-शराबे से यह, कच्ची नींद न जागे।
नन्हें बच्चे-सा थककर मन, अभी-अभी सोया है।।
इतना कुछ पाने की ख़ातिर, कितना कुछ खोया है।
क्या बतलाएँ तन्हाई में, मन कितना रोया है ।।

केवल कह देने भर से, कब रिश्ते मिट जाते हैं।
जिन्हें भूलना चाहें अक्सर, याद वही आते हैं।।
लाख सही धुँधली अंकित है, अब तक इक परछाई ।
अश्कों से सौ बार हृदय का, यह दर्पण धोया है।
इतना कुछ पाने की ख़ातिर, कितना कुछ खोया है।
क्या बतलाएँ तन्हाई में, मन कितना रोया है ।।

जुटा न पाए ख़ुद की ख़ातिर, हम फ़ुर्सत के पल दो।
सारा जीवन रहे खोजते, जाने हम किस-किस को।।
अब निढाल हो सोच रहे हैं, हाय हुआ क्या हमसे।
कैसा कैसा बोझ उम्र भर, तन-मन पर ढोया है ।।
इतना कुछ पाने की ख़ातिर, कितना कुछ खोया है।
क्या बतलाएँ तन्हाई में, मन कितना रोया है।।

२. दर्द न मिलता यदि जीवन में

दर्द न मिलता यदि जीवन में, मैं ये गीत नहीं कह पाता।

यह तो पीड़ा ही है जिसने, आज मुझे मुझसे मिलवाया।
औरों के दुख समझ सका मैं, उनको निकट स्वयं के पाया।।
मिली न होती अगर पीर यह, कैसे मैं निज में रह पाता।
दर्द न मिलता यदि जीवन में, मैं ये गीत नहीं कह पाता।

जग का यह पथराव सहन कर, बन जाता मैं भी इक पत्थर ।
मर जाती मेरी मानवता, जग की निष्ठुरता सह सह कर ||
नेह न मिलता अगर तुम्हारा, कैसे मैं यह सब सह पाता।
दर्द न मिलता यदि जीवन में, मैं ये गीत नहीं कह पाता।

मंज़िल दूर, राह थी मुश्किल, निकल पड़ा मैं निपट अकेला।
रैन अँधेरी, पथ पथरीला, पग-पग सौ कष्टों को झेला।।
साथ न होता अगर तुम्हारा, मैं न आज मंज़िल गह पाता।
दर्द न मिलता यदि जीवन में, मैं ये गीत नहीं कह पाता।

*******************

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »