दिन विशेष कविता : “प्रलय प्रकाश” – रजनी गिरवलकर

Rajni girwalkar

कहाँ दीपक मिटाता अँधियारा है?
वह तो लाता कुछ कुछ प्रकाश है
जो अंधियारा हर जगह, हर तरफ है
बस उसे एक उजियारे की आस है।
 
ढूंढ रहे हम एक राह को
जो मन की बोझलता से अवरुद्ध है
वहां भी जलाओ तुम एक दीपक
जो नया मार्ग और पथ का दर्शक हो ।
 
कौन-कौन, कहां-कहां, कब-कब खोज रहा है
एक वह अनजान छाया सहारे की
तू छोड़ आस उसकी और भीतर झाँक
जो एक दीपक तुझे वहाँ भी जलाना है।
 
जिस राह पर न हों कंकड़ कांटे,
न हो झूठे मक्कारों के बंटवारे,
न हो तमाचा लंबे घोर अंधियारों का
तू तब कहाँ जलायेगा दीपक त्यौहारों का?
 
चल उठ और ले कंकड़-काँटे हाथ में
जला एक दीपक प्रलय प्रकाश का
जो स्वयं जले भी और जलाये भी
ऐसा वह दीपक फैले भी और फले भी ||

************

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »