
प्रवासी साहित्य पर केन्द्रित पुस्तकें हुई लोकार्पित

विश्व पुस्तक मेला, भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नईदिल्ली में आईसेक्ट पब्लिकेशन के स्टॉल पर प्रवासी साहित्य पर केन्द्रित पुस्तकों का लोकार्पण समारोह पूर्वक किया गया।

इस अवसर पर अमेरिका के रचनाकार डॉ. इन्द्रजीत शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित पुस्तक ‘कर्मयोगी डॉ. इन्द्रजीत शर्मा’ (संपादक : डॉ. बी.एल. गौड़), डॉ. ऋतु शर्मा ननंन पांडे (नीदरलैंड्स) की पुस्तक ‘नीदरलैंड की चर्चित कहानियाँ ‘ संगीता चौबे ‘पंखुड़ी’ (कुवैत) की पुस्तक ‘पंखुड़ी की पंखुड़ियां’, श्री विश्वास दुबे (नीदरलैंड्स) का काव्य संग्रह ‘एहसासों की सिलवटें’, अमेरिका की चयनित रचनाएँ (संपादक : अनूप भार्गव), आस्ट्रेलिया की चयनित रचनाएँ (संपादक : रेखा राजवंशी), सूरीनाम की चयनित रचनाएँ ( संपादक : शर्मिला रामरतन) का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया।

यह लोकार्पण समारोह सुप्रसिद्ध कथाकार श्री तेजेन्द्र शर्मा (यूके) एवं वरिष्ठ कवि, विश्व रंग के सह–निदेशक श्री लीलाधर मंडलोई की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के सूत्रधार टैगोर अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र के निदेशक, डॉ. जवाहर कर्नावट ने कहा कि विश्व रंग के अंतर्गत सोलह देशों के प्रवासी साहित्य पर केन्द्रित पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है। इन पुस्तकों को साहित्य जगत में काफी सराहना मिल रही है। विश्व रंग से विश्व के 65 देश जुड़े हैं। इन पैंसठ देशों में हिंदी की स्थिति का सिंहावलोकन करती महत्वपूर्ण शोधपरक पुस्तक ‘विश्व में हिंदी’ का प्रकाशन भी किया गया है। यह कारवाँ बढ़ता ही जा रहा है।

इस अवसर पर डॉ. बी.एल. गौड़ (दिल्ली), डॉ. इन्द्रजीत शर्मा (अमेरिका) डॉ. ऋतु शर्मा ननंन पांडे (नीदरलैंड) ने भी अपने रचनाकर्म पर विचार व्यक्त किए। आभार प्रदर्शन विश्व रंग के सचिव श्री संजय सिंह राठौड़ ने किया।
