दिन विशेष व्यंग्य : “मुझे नोबल दे दो,वरना मैं छीन लूंगा” – डॉ.संदीप अवस्थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में बहुत चौंकाने वाले काम कर रहे हैं। चाहे भारत,चीन सहित प्रमुख देशों पर टैरिफ को कई गुना बढ़ाना हो, स्टूडेंट वीजा को दस गुना किया, ईरान, गाजा पट्टी में फौजें भेज दी। भारत पाक में विवाद में तो एक तरफ शह दी तो दूसरी तरफ भारत को सर्जिकल स्ट्राइक रोकने का अनुरोध किया। फिर नया साल आया तो उन्होंने वेनेजुएला पर कब्जा कर लिया। और कहा हम इसके विकास को नई ऊंचाइयां देंगे।

फिर नोबेल प्रदान करने वाली टीम को हड़काया की मुझे नोबेल दो। जैसा होता है टीम ने नोबल उनकी जगह वेनजुएला की विपक्ष की नेता को दे दिया।

 जो देश न्यूयार्क से भी एक तिहाई आकार का,ऊपर से शांत और हैप्पी इंडेक्स में टॉप टेन में आता है,उसकी एक नामालूम सी महिला को शांति का नोबेल? वह भी दुनिया के सबसे शक्तिशाली राष्ट्र के सर्वेसर्वा के स्थान पर? यह ऐसा व्यंग्यात्मक तमाचा था जो पूरी दुनिया के सामने पड़ा भी और आवाज भी नहीं आई।

   ट्रंप को बहुत चुभी यह बात। और उन्होंने उसी देश, वेनेजुएला पर कब्जा कर उसके राष्ट्रपति को कैद कर लिया ड्रग तस्करी के आरोप में। लो और दो नोबेल शांति पुरस्कार उस देश में। अब तो यह हो गया है कि जिस देश पर कब्जा या फौज भेजकर कार्यवाही करवानी हो,उस देश को कोई शांति पुरस्कार दे दो।ट्रंप का अमरीका उस देश पर आक्रमण कर देगा ,वह भी वहां के निवासियों की सुरक्षा और शांति के लिए ।

इसलिए अब तो सौ से अधिक दिल्ली मुंबई से छोटे देश तो कान पकड़कर कसम खा लिए हैं कि हमारे देश से कोई भी व्यक्ति की प्रविष्टि नोबेल, बुकर, सार्क, ग्रैमी, ऑस्कर किसी में भी मत भेजो। क्या पता ट्रंप दादा बुरा मान जाए ? फिर हमारे देश में भी  उनकी फौजें घूम रही हो।

और कहां है सबसे प्रगतिगामी देश में विपक्ष और वहां के कवि, साहित्यकार? कोई नहीं जानता उन्हें वहां पर क्योंकि बोलते ही नहीं, डरते हैं और सत्ता के ढेरों अवैध सुख पा रहे हैं।

       यह सुनकर हमारे मित्र दुबे जी बोले ,” यह तो बड़ा अच्छा हुआ। क्योंकि अब पुरुस्कार समितियों की मनमानी पर लगाम लगेगी। यह क्या की चार सात लोग मिल बैठकर अपने ही बंदों को पुरस्कार दिला देते हैं।”

हमने उनकी तरफ प्रशंसा भरी निगाह से देखा, “बात तो सही है। पर यह भारत है। यहां यदि साहित्य अकादमी पुरस्कारों की सूची भी सरकार मांग लेती है तो साहित्य अकादमी में बैठे दो लेखक आंखे दिखाते हैं। चीख चीख कर गाते हैं कि हमारे फैसले को बदलने वाली, भले ही चुनी हुई सरकार हो, कौन होते हैं मंत्री,सचिव?  ऊपर से मीडिया को भी कह देते हैं। तो और काम रुक जाता है।”

दुबे जी थोड़ा हंसे फिर केसर वाले गुटके के कण अपने मुंह में स्थानांतरित किए ,” भैया ,ओहि लोकतंत्रवा है। हम जो करें वो ही सही। दूसरा वही करे तो गलत।”

   फिर दुबे जी ने विस्तार से बताया कि कैसे और कब कब अब अवॉर्ड दिए जाएंगे भले ही चैनल कोई भी हो। क्रिकेट वर्ल्डकप ऑस्ट्रेलिया के नाम हुआ तो वह अमरीका ले लेगा कि हमारे खिलाड़ी जीते। भले ही उनकी कोई टीम ही न हो आज। क्योंकि अमरीकीयो में दिन भर दौड़ने,जंप करके फील्डिंग करने और तीस तीस गज से दौड़ते हुए आने की क्षमता ही नहीं है। हां,वह इसमें उस्ताद है  कि आप खेलो, मेहनत करो, दौड़ो, पसीना बहाओं और जब ट्रॉफी हाथ में आए तो वह अमरीका हो। वह देने में भी भलाई है वरना पूरा का पूरा देश हो वह ले लेंगे।

 कुछ याद आया?  हमारे एक सदी पुराने ठाकुर और रजवाड़े जो किसी की भी जमीन, जोरू, जंगल और आदमी, औरत पर कब्जा कर लेते थे। बेचारा पीड़ित हाथ जोड़े मार खाता रहता था। और सुनिए, दुबे जी पूरे रंग में थे, ट्रंप को कोसने से पहले यही कारनामा ब्रिटेन ने किया। पूरे भारत को दो सौ वर्षों तक गुलाम ही नहीं बनाया बल्कि हजारों हजार हमारे देश के युवा ,अधेड़ सभी स्त्री पुरुषों को बड़े बड़े पानी के जहाजों से दूर देश नौकरी पर कंट्राकी (कॉन्ट्रैक्ट का अपभ्रंश) के माध्यम से भेज दिया। जहां सूरीनाम, फिजी ,गुयाना आदि छोटे देशों तक के विदेशियों ने हम भारतीयों का खून चूसा, खूब शोषण किया। एक रुपए मासिक से भी कम में गन्ने के खेतों ,शुगर मिलो और घरेलू कामगार बनाकर रखा।

बस वह दो सौ साल किए तो यह तो अभी धीरे धीरे चाबुक घुमाना शुरू ही किए हैं।

      दुबे जी ने घड़ी देखी और बातों को विराम देकर भागे स्कूल क्योंकि बहु बेटे ने उन्हें स्कूल से बच्चों को लाने, सब्जी लाने, बिल जमा करने और उनके ही घर की मेंटिनेंस की जिम्मेदारी दी हुई है। काफी व्यस्त रहते हैं। बीमार पड़ना और आराम करना तो उनके लिए नोबेल पुरस्कार जैसा है जो दिखता है पर मिलता नहीं।

          तभी एक स्त्री ने बेहतरीन व्यंग्य कर डाला जो इस दशक का बेहतरीन व्यंग्य है।  ट्रंप की यह बेताबी और विश्व शांति के लिए किए कथित कामों से प्रभावित हो, नोबल विजेता स्त्री ने अपना नोबल डोनाल्ड ट्रंप को खुद अमेरिका जाकर सौंप दिया। “लो, अब तो रोना बंद करो। अब अगले वर्ष तुम्हे नहीं मिलेगा तो फिर किसी देश पर कब्जा मत कर लेना।  उन्होंने गर्व और अभिमान दोनों के साथ, स्वीकार भी कर लिया।  व्हाइट हाउस में समारोह पूर्वक जिनमें उनके छ बच्चे, बच्चों के बच्चे, उनके बावर्ची, स्टाफ,  ड्राइवर, नाई, धोबी, गार्ड, माली शामिल हुए। पूरे विश्व में इस प्रैक्टिकल जोक की फोटो सगर्व अमरीकी राष्ट्रपति के ट्विटर, अब एक्स हो गया है, से पोस्ट हुई।

    यह ऐसा जोक है कि जिसने भी सुना वह क्षोभ फिर हंसी और फिर कुटिलता से सोचने लगा। यह परम्परा  आगे तक जाएगी ।

शालू स्कूल में टॉप करेगी  और उसका सम्मान उसकी बहन या भाई को दिया जाएगा। पुरुष अच्छी किताब पर अवॉर्ड लेगा और उसे अपनी चाहने वाली को सप्रेम भेंट करेगा। वैसे यह तो होता ही है। फिर आगे साहित्य अकादमी, सरस्वती सम्मान जिन्हें मिला वह उनके बच्चों को हस्तांतरित हो जाएगा,स्वत ही।

हमारे एक मित्र ने तो अपने गली के कुत्ते का नाम ही ट्रंप ही रख दिया। क्योंकि वह बिना वजह हर आने जाने वाले के पीछे दौड़ता और भोंकता रहता है। किसी भी पशु को रोटी, दूध दो वह दौड़कर आता और गुर्राते हुए उसे भगाकर उसके हिस्से को हड़प जाता। हड़पने के बाद आराम से संतुष्टिपूर्वक चारों ओर सिर उठाकर देखता और फिर अगले शिकार की तरफ बढ़ जाता। लोग उसको पशु पकड़ने की गाड़ी बुलाकर पकड़वाने की सोच रहे हैं।

          अभी अभी खबर मिली है कि स्वीडन सरकार को भी ट्रंप प्रशासन ने धमकाया है। नोबेल पुरस्कार, स्टॉकहोम उसी देश से दिए जाते हैं। ज़वाब में वहां के राष्ट्रपति ने कहा है कि अल्फ्रेड नोबल, डायनामाइट के आविष्कारकर्ता, के नाम पर  स्वायत्त समिति है जो नोबल पुरस्कारों के लिए पूरे विश्व से चयन करती है। स्वीडिश सरकार उसमें कोई हस्तक्षेप नहीं करती।

      सोचता हूं तो लगता है कोई बिगड़ैल बाप का जिद्दी बच्चा है जो नोबल ही लूंगा की रट लगाए है।  बस डर इसी बात का है कि हमारे देश के कुछ प्रगामी लोग इसकी नकल न कर डाले!!

पर उस विश्व में कुछ भी संभव है जहां  ए के फोर्टी छप्पन ऑटोमैटिक मशीनगन सगर्व दिखाकर उसका निर्माता कहता है कि,”यह विश्व शांति के लिए बनाई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »