नीदरलैंड का ‘सिंट मार्टिन दाख’ – मनीष पाण्डेय “मनु”

11 नवंबर 2016 की शाम को हमने अपने एक मित्र के परिवार को खाने पर बुलाया था और बैठक में इधर-उधर की बातों में व्यस्त थे। घर की घंटी बजी तो मैंने दरवाजा खोला, तब देखा कि कुछ बच्चे हाथ में छोटी-छोटी लालटेन जैसा कुछ लेकर खड़े थे और हमें देखकर गाना गाने लगे। पहले तो हमें कुछ समझ नहीं आया कि क्या करना है। चूंकि हम पहले अमेरिका में रह चुके थे, तो हैलोवीन की याद आई, लेकिन ध्यान आया कि वह तो 31 अक्टूबर को मनाते हैं, तो फिर आज क्या है? बच्चे हमारी ओर हैरत से देख रहे थे और हम उनकी ओर प्रश्नचिह्न के साथ। अच्छी बात यह हुई कि उन बच्चों के साथ आए एक अभिभावक ने भांप लिया कि हम डच नहीं हैं और शायद इस इलाके में नए-नए आए हैं। उन्होंने हमारी दुविधा दूर करने के लिए बताया कि आज “सिंट मार्टिन दाख” है और ये बच्चे चॉकलेट या कुकी की अपेक्षा कर रहे हैं। अच्छी बात यह थी कि तब हमारा बेटा अभय 6 साल का था, तो घर पर कुछ चॉकलेट्स थीं जिन्हें मेरी पत्नी ने जल्दी से लाकर दिया और हमने उन बच्चों में बांट दिया। मेरी पत्नी ने इधर-उधर पड़ोसियों के घर पर नजर दौड़ाई और समझ गई कि बच्चों की यह अकेली टोली नहीं है, बल्कि अभी और भी बच्चे आएंगे। फिर उसने मुझे घर के पास वाले सुपरमार्केट से जल्दी जाकर चॉकलेट-टॉफी लाने को कहा। वैसे तो हम सन् 2012 से नीदरलैंड्स में रहते हैं, लेकिन 2015 तक हेग शहर के एक व्यस्त इलाके में अपार्टमेंट में रहते थे। स्वाभाविक है कि इस तरह के त्योहार ऊंचे अपार्टमेंट्स में घर-घर जाकर नहीं मनाते होंगे, खासकर जब उन सभी इमारतों में बाहरी और प्रवासी लोग बसते हों। तब तक हमारे घर आए मेहमान भी बाहर आ गए थे और उनको भी कुछ समझ नहीं आया क्योंकि उन्होंने भी ऐसा कुछ नहीं देखा था। मैं भागकर दुकान गया और कई प्रकार के चॉकलेट व टॉफी के बहुत सारे पैकेट लेकर आया। दस मिनट में वापस आने तक न जाने कितनी ही बच्चों की टोलियां आकर हमारे घर से खाली हाथ लौट चुकी थीं, जिन्हें मेरी पत्नी ने विनम्रता से लौटकर आने को कहा होगा। लगभग शाम के साढ़े सात बजे तक रह-रहकर बच्चों की टोली आती रही और हम उन्हें ट्रीट देते रहे।
हर साल 11 नवंबर के दिन नीदरलैंड्स में ‘सिंट मार्टिन दाख’ (Sint Maarten Dag) का त्योहार मनाया जाता है। यह त्योहार खास तौर पर बच्चों, परिवारों और समुदायों के बीच एकता, दया और साझा खुशी का प्रतीक है। वैसे तो यह त्योहार ईसाइयों की धार्मिक परंपरा से जुड़ा है, पर साथ ही इसमें स्थानीय लोक-संस्कृति, संगीत और उत्सव का भी अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। यदि इसकी शुरुआत की ओर चलें, तो सिंट मार्टिन दाख की शुरुआत यूरोप के कैथोलिक इलाकों में एक धार्मिक पर्व के रूप में हुई थी। मध्यकाल में यह फसल कटाई के मौसम के अंत और सर्दियों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता था। यह वह समय था जब किसान अपनी उपज का हिस्सा चर्च को दान करते थे और सामुदायिक भोज का आयोजन करते थे। आगे चलकर नीदरलैंड्स में, खासकर उत्तरी प्रांतों (जैसे फ्रीसलैंड, ग्रोनिंगन और नॉर्थ हॉलैंड) में, यह त्योहार धीरे-धीरे एक लोक उत्सव के रूप में विकसित हुआ। यहां इसकी धार्मिक भावना के साथ-साथ लोकगीत, बच्चों की परेड और रोशनी की परंपरा जुड़ गई।
‘सिंट मार्टिन’ या ‘सेंट मार्टिन ऑफ टूर्स’ (Saint Martin of Tours) का जन्म चौथी सदी में तत्कालीन रोमन साम्राज्य के पनोनिया (Pannonia) प्रांत में हुआ था, जो वर्तमान के हंगरी में आता है। मार्टिन बचपन में ही ईसाई धर्म से प्रभावित हुए, लेकिन उन्हें अपने पिता के आदेश पर रोमन सेना में भर्ती होना पड़ा था। मान्यता के अनुसार, एक ठंडी सर्द रात में वे कहीं जा रहे थे, तब उन्हें एक भिखारी दिखाई दिया जो ठंड के मारे ठिठुर रहा था। तब उन्होंने अपने सैन्य लबादे का आधा हिस्सा उसे दे दिया। उस रात ईसा मसीह उनके सपने में आए और बताया कि वे ही भिखारी के रूप में आए थे। इस बात से प्रभावित होकर उन्होंने सैनिक जीवन छोड़कर धर्म और सेवा का मार्ग अपनाया। फिर भी उन्होंने अपने जीवन में करुणा और सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनकी यह करुणा और दया की भावना ही आज सिंट मार्टिन दाख के केंद्र में है। यह त्योहार हमें सिखाता है कि छोटी-सी करुणा भी किसी के जीवन में गर्माहट और उम्मीद ला सकती है।
सिंट मार्टिन दाख का सबसे प्रमुख और मनमोहक पहलू है — बच्चों की लालटेन परेड (Lampionnenoptocht)। इस दिन शाम के समय बच्चे रंग-बिरंगे कागज की लालटेन (Lampion) बनाते हैं, जिन्हें पहले मोमबत्तियों से रोशन किया जाता था और अब बदलते समय के साथ छोटे एलईडी बल्ब जलाए जाते हैं। अक्टूबर महीने के दूसरे सप्ताह से ही दुकानों में लाइट वाली छड़ियां और डिजाइनदार कंदील मिलने शुरू हो जाते हैं। लोग घरों में भी खुद लालटेन बनाते हैं और तरह-तरह से सजाते हैं:

फिर शाम को छह और सात बजे के बीच वे मोहल्ले की गलियों में घूमते हुए, दरवाजे-दरवाजे जाते हैं और विशेष सिंट मार्टिन गीत गाते हैं। बदले में लोग उन्हें मिठाइयां, फल या चॉकलेट्स देते हैं। बच्चे यदि छोटे हों तो उनके साथ उनके माता-पिता या बड़े भाई-बहन होते हैं और पूरे शहर की गलियां रंग-बिरंगी लालटेन पकड़े तथा गीत गाते बच्चों से जीवंत हो उठती हैं। वैसे तो मुख्य रूप से चार गीत हैं जो गाए जाते हैं, लेकिन समय के साथ नए गीत भी जुड़ते जा रहे हैं। परंपरागत गीतों में सबसे लोकप्रिय है:
“Sint Maarten, Sint Maarten,
De koeien hebben staarten,
De meisjes hebben rokjes aan,
Daar komt Sint Maarten aan!”
यह एक सरल और हास्यपूर्ण लोकगीत है जिसका कोई सीधा मतलब तो नहीं बनता है, लेकिन यह बच्चों की खुशी और उत्साह को दर्शाता है। जब बच्चे घर-घर जाते हैं तो यह गीत सबसे ज्यादा गाया जाता है। इसके बाद अगला क्रम आता है उस लोकगीत का जिसमें 11 नवंबर को केंद्र में रखकर बच्चे सिंट मार्टिन को याद करते हैं:
“Elf november is de dag,
Dat mijn lichtje, dat mijn lichtje,
Elf november is de dag,
Dat mijn lichtje branden mag.”
इस गीत में बच्चे कहते हैं कि इस दिन मेरी छोटी लालटेन जलेगी या दीया जलेगा। समय के साथ कई अन्य गीत भी जुड़ गए हैं और कुछ किसी क्षेत्र विशेष में गाए जाते हैं।
यह कुछ हद तक ‘हैलोवीन ट्रिक-ऑर-ट्रीट’ जैसी परंपरा लग सकती है, लेकिन इसकी जड़ें अधिक पुरानी हैं और अलग धार्मिक-सांस्कृतिक भावना में निहित हैं।

भारत में मेरे गृह राज्य छत्तीसगढ़ में एक त्योहार मनाया जाता है जिसे छेरछेरा कहते हैं। इस त्योहार में पारंपरिक रूप से गांव के गरीब और भूमिहीन किसानों या कामगारों के घर के बच्चे गांव भर में घूमकर धान मांगते थे और लोग अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार धान उनकी थैली में देते थे। नीदरलैंड्स का यह त्योहार मुझे अपने गांव-घर के उस त्योहार की याद दिलाता है। उस साल के बाद से अब हम भी हर साल 11 नवंबर की शाम को बच्चों के लिए कई तरह की चॉकलेट्स और टॉफियों के पैकेट लाकर रखते हैं। पहले हमारा बड़ा बेटा और अब छोटा बेटा अपनी थैली और डंडे वाले कंदील में लाइट लेकर निकलता है।
