दिन विशेष व्यंग्य : “एक चोरी” – अनिता बरार
फोन खोलते ही ऊपर ऊपर खबर देखी कि सिलीकोट के सांसद कुमार साहब के घर में कल रात चोरी हो गयी। वहाँ कोई जन्मदिन की पार्टी चल रही थी, और बाद में पता चला कि पार्टी के शोरशराबे के बीच करोड़ों का सामान चोरी हो गया। पुलिस तहकीकात कर रही है और लिस्ट बना रही है चोरी हुये सामान की।
हीरे, मोती, जवाहरात वगैरा अलमारी के लॉकर से निकल गये। कुछ बेशकीमती सजावट की मूर्तियां जो शीशे के शोकेस में थीं वह भी गायब हो गयी हैं। एक दूसरे शो केस में सोने की सजावटी मछली, भाग्य का प्रतीक मेंढक या टोड और एक तशतरी थी वह सब भी चोरी हो गये। और आदमी…. नहीं नहीं आदमी चोरी नहीं हुये।
इस समाचार को जैसे-जैसे मैं आगे पढ़ती गई, बहुत दुखी होती गई। हीरे जवाहरात, सोना … कई वर्षों पहले की बात याद आ गई कि देश की रक्षा के लिए सोना चाहिए होता है। लेकिन जो सोना और हीरे विधाता ने चोरों के लिये रख छोड़ा था वह भला देश के काम कैसे आता। वैसे देश में तो चोर भी शामिल हैं और कभी-कभी देश की रक्षा का बीड़ा उठाने वाले नारे, चोर ही सबसे ऊँचा लगाते हैं । तो शायद वह सारा धन ठीक जगह पहुँच गया।
खैर, वह सब तो ठीक है लेकिन मैं सच में बहुत मायूस हूँ इस चोरी की खबर से। इसलिये नहीं कि मैं उस सांसद के घर वालों के लिये बहुत चिन्तित हूँ कि उनको कितना आघात पहुँचा होगा और क्या उनको किसी तरह का सपोर्ट मिलेगा अपना दुखड़ा रोने के लिये।
सपोर्ट पर याद आया कि प्रेमा, यह मेरी सहेली का नाम है, तो एक बार उसके साथ एक शादी के रिसेप्शन पर गयी थी। ऐन हॉल के दरवाजे पर, उस होस्ट से गले मिलते ही प्रेमा की सेंडिल की हील ठक से आवाज करते हुये मुड़ गयी और वह लड़खड़ाती हुयी सीधी तीन इंच से नीचे आ गयी। यानि जो गाल आपस में टकराकर मुआ-मुआ कर रहे थे, बस पलक छपकते ही, प्रेमा के होंठ, उस होस्ट की गर्दन पर जा लगे और सुर्ख लाल रंग के अपने निशान छोड़ गए ।
खिसियानी-सी हँसी हँसते हुये प्रेमा उनसे माफी माँगने लगी और मैंने आव देखा ना ताव, घबराकर हाथ में जो टिशु था उसको साइड में पड़ी टेबल पर रखे पानी से भिगोया और सारा जोर लगाकर होस्ट की गर्दन पर रगड़ना शुरु कर दिया। लाल रंग तो निकल गया लेकिन गर्दन का वह हिस्सा अपने असली रंग पर आ गया और वह हिस्सा अब किसी और की गर्दन का लग रहा था।
हमारे पीछे आने वालों की कतार लग चुकी थी तो इससे पहले कि मामला और बिगड़े, हम दोनों गिरते पड़ते किसी तरह अपने नाम की पट्टी लगी टेबल पर जाकर टिक गये।
बहुत समय तक प्रेमा अपनी सेंडिल की इस बेवक्त की मौत का शोक मनाती रही और मैं उस दुखी आत्मा को सांत्वना देती रही। तभी याद आया कि भाग्य से उसकी कार में एक जोड़ी सादी सी चप्पल भी पड़ी थी। अब कुछ न से तो वही बेहतर था, तो मैं दौड़कर वह ले आई और काम बना।
दुख में मित्र ही काम आते हैं । मैं ही कहाँ, उस समय न जाने कितने और नये मित्र बन गए।
कुछ ही पलों में इस तरह के हादसों की इतनी ख़बरें सुनीं कि एक किताब छप जाए। लगा इस सबसे प्रेमा को कुछ राहत मिलने लगेगी पर नहीं, प्रेमा की बात अलग थी।
कहते हैं कि दुख बाँटने से कम होता है लेकिन यहाँ तो प्रेमा अपनी टूटी सैंडल का दुख भूल ही नहीं रही थी। हर दूसरे मिनट टेबल के नीचे झांक अपने पैरों को देखती और चिन्ता करती।
सही है भई, अपनी किसी चीज से यूँ बिछड़ जाना बड़ा दर्दनाक होता है। छोटी हो या बड़ी, आघात तो लगता ही है और आपको रोने के लिए कंधा भी चाहिए। बस, यह सोचकर उसका ध्यान बाँटने की कोशिश में लगी रही। यहाँ तक कि उसे छोड़कर कहीं गई ही नहीं। मैं ही तो उस समय उसकी परमानेंट मित्र थी। बाकी सब तो अपनी-अपनी कहानी सुनाकर इधर-उधर घूम रहे थे।
वैसे मैं उस सांसद के सपोर्ट सिस्टम को लेकर बिल्कुल भी चिन्तित नहीं हूँ क्योंकि उन्हें कंधा देने वाले, मेरा मतलब रोने के लिये अपना कंधा देने वाले बहुत मिल जायेगें। मेरी बला से, सारे सांसदों के घर में चोरी हो जाय। आजकल तो वैसे भी सभी एक दूसरे के घरों में घुसकर जब सांसद ही चुरा कर ले जा रहे हैं तो यह सोना चांदी हीरे जवाहरातों की चोरी का भला क्या मान करना। लेकिन कुछ भी हो, खबर तो फिर भी बन गयी। जाँच होगी, तसवीरें छपेगीं ।
मैं दुखी हो रही हूँ, इसी के नीचे की एक और खबर से। वह भी चोरी की है।
एक बिल्डिंग के गार्ड के घर में चोरी हो गयी वह भी तब जब वह ड्यूटी पर था।
जी नहीं, मैं यह सोच कर दुखी नहीं हूँ कि जब देश की रक्षा करने वालों के घर में चोर घुस सकते हैं तो आम लोग भला कहाँ से सुरक्षित रहेगें। आप यह भी न सोचे कि मैं अब देश की कानून व्यवस्था पर व्यथित हो कर कोई कविता लिखूँगी और तुरन्त अपने कम से कम ६-७ किसी व्हाट्सएप ग्रुपस् में पोस्ट कर दूँगी जैसे कि आजकल सभी कर रहे है।
जी, मैं दुखी हूँ यह सोचकर कि वहाँ भारत में रहते हुये मेरे घर में कभी ऐसी चोरी क्यों नहीं हो पायी। इस तरह से घर में चोरी हो जाने का एक अलग ही गौरव है। एक अलग ही सुख है।
टी वी चैनल वाले कैमरा ले कर तुरन्त हाज़िर हो जाते हैं।
सवाल पूछते हैं, “कैसा लग रहा है आपको?” कुछ तीन चार मिनट तक कैमरा इधर उधर घूमता है
और फिर एक आखिरी सवाल कि “आपको चोरों से क्या कहना है।”
एक अलग ही बात बनती है। यानि एक चोरी और आपको मौका मिल जाता है सारे भाव दिखाने का। शुरुवात होती है रोने से, फिर थोड़ा मुस्कराकर राहत की सांस ली जाती है कि माल ले गये पर जान छोड़ गये और फिर दार्शनिक बनकर मोह माया त्यागने का एक संदेश दिया जाता है। क्या मालूम किसी फिल्म वाले की नज़र पड़ जाए और कोई छोटा मोटा रोल ही मिल जाए। टीवी पर आते ही, चार जान पहचान वाले आपको फोन करते हैं। वह जो मुद्दत से नहीं मिले, व्हाट्सऐप पर, अचानक से उनका संदेश आता है, सब ठीक है न। फोन पर टिंग-टिंग का संगीत गूँजता रहता है। लेकिन मेरी किस्मत में यह सब कहाँ!
मेरा नाम तो चोरों की लिस्ट में है ही नहीं।
कितने साल मुम्बई में रही, भीड़-भाड़ वाली लोकल ट्रेन में जाती थी, लेकिन पर्स तो क्या कभी वह छाता तक चोरी नहीं हुआ जिसे अक्सर मैं सीट के ऊपर रख देती थी। याद है कि एक बार मैं दरवाजे के पास खड़ी थी और छाता साइड में टिका दिया था। अब धक्का मुक्की में मेरा छाता छलांग लगा कर प्लेटफॉर्म पर जा खड़ा हुआ। तुरन्त ही एक महिला ने छाता उठा लिया। लगा कि छाता गया लेकिन उस महिला ने दौड़कर चलती ट्रेन में छाता मुझे वापस पकड़ा दिया।
मुंबई से जब दिल्ली में आई तो वहाँ के भी जेबकतरे मुझसे कतराकर निकल जाते थे।
सबकी तरह, मैं भी अक्सर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाती थी, प्रदर्शनियों में जाती थी लेकिन जेबकतरे तो जैसे मुझे टुच्चा-सा समझ कर छोड़ देते।
चोरों और जेबकतरों में कभी मेरा नाम आया भी होगा तो वह इस तरह टाल जाते होंगे जैसे कोई सांसद चुनाव के बाद अपने क्षेत्र के वोटर्स को नहीं पहचानता है।
जो गम्भीर और सच्चे लेखक या कवि, अपनी पहचान के लिये आज के मिलावटी दौर में संघर्ष कर रहे हैं वह मुझे देखें, मुझे तो जेबकतरे तक भाव नहीं देते। अब मेरी इस बात से यह नहीं समझें कि मैं जेबकतरों और आलोचकों को एक ही तराजू में तौल रही हूँ।
जब से यहाँ आस्ट्रेलिया आयी वह चोरी हो जाने का अरमान बुझ गया था। सख्त कानून व्यवस्था है यहाँ पर। सब लोग भी बड़े ही ईमानदार और सच बोलने वाले हैं। यानी अगर आपने फ्लू हो जाने का कहकर छुट्टी ली तो दोपहर तक फूलों का गुलदस्ता घर आ गया ऑफिस से। जी हाँ, बिल्कुल सच है यह। यह बात १९८९ की है जब एक दिन मैंने यह कहकर छुट्टी ली थी कि थोड़ा डाउन फ़ील कर रही हूँ। शाम होते-होते फूलों का एक गुलदस्ता आ गया एक कार्ड के साथ, जिस पर लिखा था ‘गेट वेल सून’। वहाँ भारत में तो एक बार टाइफाइड हुआ था और किसी ने कोई भाव नहीं दिया था। ख़ुद ही अपनी रामगाथा सुनाती रही थी। फूलों का एक गुलदस्ता देखकर बहुत ही रश्क हुआ अपनी क़िस्मत पर। अकेले ही सारे घर में इठलाती रही थी।
वैसे यह सब पहले की बात है।
जब से हम जैसे लोग यहाँ आए हैं, यहाँ के लोग सिर पकड़ कर बैठे हैं। हेराफेरी क्या होती है, हमने उन्हें सब सिखा दिया है। आप किसी भी फ्रॉड, गड़बड़ी की जाँच करें, उसकी तह पर कहीं हम जैसी नस्ल को ही पायेंगे।
आप ठीक समझे। अब यहाँ भी चोर आने लग गये हैं। अब पिछले तीस-चालीस वर्षों में इन्हें इतना तो सिखा ही दिया है हर तरह के प्रवासियों ने।
अभी कोई दस-एक वर्ष पहले की बात है, पड़ोस के घर में दिन दहाड़े दो लोग घुस गए थे। चोरी तो नहीं हुयी क्योंकि चोरों से गलती हुयी थी। घर में कोई मौजूद था। तो चोर सर पर पाँव रख कर भाग गये लेकिन पुलिस आयी, जाँच वगैरा हुयी ।
वह चोर तो कच्चे थे लेकिन मेरे मन वह बरसों की दबी बुझी चिन्गारी भड़का गये। ठीक ही है, दुनिया में हर तरह के लोग होते हैं, किसी एक नस्ल को क्या कोसना
लगा उम्मीद पर दुनिया कायम है। यानि यहाँ पर भी तो चोरी की अच्छी गुंजाईश है। हमें भी कभी तो मिलेगी बहारों की यानि वह मशहूर होने की मंजि़ल। क्या मालूम अगला नम्बर मेरा ही हो।
हमारा अलार्म सिस्टम खराब हो गया था तो बाहर खड़े होकर, कुछ जोर से अपनी पड़ोसन को उसके बारे में बताया। ताकि अगर कोई चोर आसपास घूम रहा हो तो सुन ले। और अलार्म के डिब्बे से न डरे। किसी ने बताया था कि चोर पहले आसपास चक्कर लगा कर पूरी जानकारी इकट्ठा करते हैं। सब काम बड़े ही कायदे से होते हैं। हाँ,कभी-कभी चूक हो जाती है जैसे पड़ोसी के घर की चोरी में हो गयी। अब गलती तो इन्सान से ही होती है और चोर जी भी तो इन्सान ही हैं।
कितने दिन बीत गए, मैं इंतजार करती रही, कुछ भी नहीं हुआ।
चोरी का इंतजार करते हुये तो अब साल बीत गये थे। फिर आया कोविड का दौर तो उस के चक्कर में सब लोग अपने अपने घरों में बंद थे। ऐसे में चोरी हो सकती है, इसकी रही सही उम्मीद भी खत्म हो गयी थी।
वैसे कोविड की वजह से, छोटे बड़े हर तरह के रचनाकारों के लिये स्थिति बड़ी ही बढ़िया हो गयी थी। ना जाने कहाँ कहाँ से साहित्यिक ग्रुप्स, मशरूम की तरह पनप उठे। मैंने भी सिर्फ एक नहीं कम से कम ६- ७ साहित्यिक ग्रुप्स में दाखिला ले लिया।
दुनिया भर के अनगिनत साहित्य प्रेमी एक छोटे से फोन में बंद थे – मुझ जैसी बूंद भी उस सागर में तैरने की कोशिश करने लगी। तैरना इसलिये क्योंकि सारी महफिलें सजती कविताओं के लिये, बड़े बड़े मुद्दों पर सोच विचार करने के लिये और उस अखाड़े में पहलवानी तो दूर, अपनी तो उस धूल को छूने की भी औकात नहीं थी।
बचपन से ही ले दे कभी कभार एक छोटी-मोटी कहानी लिख लेती थी और घर वालों के सामने इतरा लेती।
बड़ी हुई तो अपने आसपास दोस्तों को भी सुना ली। मेरी पहुँच बस उन्हीं से वाही वाही लूट लेने तक ही थी।
कई बार सोचती कि बंद करो यह ग्रुप्स । आता जाता तो कुछ है नहीं बस जुड़ी बैठी हूँ, लेकिन साहब एक बार जुड़ कर ही पता चलता है कि ‘हम भी फलाँ फलाँ नामी लेखक कवि को जानते हैं, या उनके बारे में जानते हैं ‘ यह सब अपने दोस्तों के बीच बताने का सुख क्या होता है उसे शब्दों में बयाँ करना मुश्किल है। अब डिटेल में कोई थोड़ा ही पूछता है कि कैसे जानते हैं। लोगों को तो नाम भी नहीं पता होते, हमें कम से कम कईयों के नाम तो पता हैं।
क्या मालूम किसी शुभ घड़ी मे किसी को लिखे संदेश से कोई जवाब भी आ जाए तो अपनी गाड़ी चल निकलेगी।
इस सब के बीच, जब भी उस साहित्यिक सागर में अपना नाम बनाने की चाहत सुनामी की तरह ऊँची लम्बी उछाल भरती तो मैं, उस सुनहरी बेला में, अपनी माँ की डायरी की पन्ने पलटती और उनकी कोई कविता फट से किसी एक साहित्यिक ग्रुपस में पोस्ट करती ।
पोस्ट मैं हमेशा अपनी माँ के नाम से ही करती थी और बस चारों तरफ से वाही वाही बटोरने लगती। अब यह तो मेरा मान था, हक था कि मैं अपनी माँ की बेटी थी।
कल की बात है कि अचानक से मेरी मुलाकात स्थानीय साहित्य सम्मेलन में बनी एक मित्र से हो गयी। साहित्य के आकाश की वह नयी पंछी थी, पंख अभी निकल रहे थे।
और अभी तक वह मेरे वाले किसी भी ग्रुप की सदस्य नहीं बनी थी।
खैर, उस आधे घंटे की मुलाकात में उसने मुझे एक बेहद खूबसूरत कविता सुना डाली। कहने लगी रात को ही लिखी है। अगली गोष्ठी में सुनाने वाली है। बार-बार लग रहा था कि यह कविता काफ़ी कुछ जानी-पहचानी सी लगती है पर कैसे, समझ नहीं सकी।
कॉफी खत्म होते होते मुझे याद आ गया था कि वह मेरी माँ की कविता थी जिसे मैंने कई महीनों पहले एक साहित्यिक ग्रुप में पोस्ट की थी । और वह उन सभी ग्रुप्स में फ़ॉरवर्ड भी की गई किसी न किसी के द्वारा। मैं उन ग्रुप्स में लोगों के कमेन्ट पढ़कर फूली नहीं समाती थी। लेकिन सितारों से आगे दुनिया और भी है। तो जाहिर है वह एक ऐसे समूह के पास भी पहुँच गयी जिसका मेरे से तो कोई लेना देना नहीं था लेकिन मेरी इस बुद्धिजीवी सखी का था।
दुनिया गोल है इसका और बेहतर सबूत क्या होता?
खैर, उस दिन न जाने क्या सोचकर उसे अपने घर चलने का न्योता दे दिया। सोचा घर पर आराम से उसे सब सच बताऊँगी। लगा, समय रहते ही चेता देना चाहिए।
काफी देर हो गयी थी। ठंड के दिन थे, शायद ढ़लते चांद के आखिरी दिनों की बात होगी क्योंकि घुप अंधेरा था। उस दिन हल्की-हल्की बरसात में कभी-कभी गड़गड़ाहट के साथ बिजली भी चमक रही थी। अब यह दृश्य मैं किसी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम करते हुए नहीं बता रही हूँ। ऐसा सच में हो रहा था।
खैर, जैसे ही मैंने दरवाजा खोला तो उसी पल मेरी सखी ने मुझे तेजी से पीछे खींच लिया और दरवाजा वापस बंद हो गया। उसने कस कर मेरा हाथ पकड़ा था और फुसफुसाकर बोली कि अन्दर दो चोर हैं । मोमबत्ती जलाकर चोरी कर रहे हैं। चोर औरतें लग रही है।
अचानक से हुए इस दृश्य परिवर्तन से, एक ही पल में, कई सवाल खड़े हो गए। – – –
मोमबत्ती क्यों लाए हैं? क्या यह कोई नया तरीका है चोरी का?
क्या अब औरतें भी इस फील्ड में उतर आई है?
दिल किया कि चिल्ला-चिल्ला कर सबको इकट्ठा करके बोलूँ कि अरे नारी आन्दोलन और बराबरी की गुहार देने वालों, यहाँ आकर देखो कि नारी कहाँ पीछे है।
चोरी का स्टैन्डर्ड भी मुझे सौ गुना बेहतर लगा क्योंकि सभी मानते हैं कि औरत कोई काम करे तो किसी कमी का सवाल ही नहीं उठता। सब काम बहुत ही सलीके से होता है। मैंने सोचा कि चोर आखिर मुझे इगनोर नहीं कर पाये। मेरा दिल जोर जोर से धड़कने लगा। दिमाग में कहीं एक गाना जोर जोर से गूँजने लगा कि ‘जिसका था मुझे इंतजार वह घड़ी आ गयी।’
आँखों में नमी-सी आ गयी तो जाना कि खुशी के आँसू क्या होते हैं वरना अब तक तो रचनाओं की या लेखन प्रतियोगिताओं में असफल होने वाली ईमेल देख कर ही आँसू बहते थे।
तरह तरह के प्रकाशकों, आलोचकों से तो अब वैसे भी मुझे कोई उम्मीद नहीं रह गयी थी कि वह मेरी कोई रचना पसंद करेंगे। इसी तरह, मेरा विश्वास अब तक चोरों पर से भी उठ ही चुका था।
सोचा ठीक से चैक करना चाहिये कि चोर ही हैं न। कुछ देर तक दरवाजे पर कान लगाकर आहट लेने की कोशिश करती रही। जब कोई आहट नहीं मिली तो धीरे से दरवाजा खोला।
सामने दीवार पर मेरी और मेरी उस सखी की परछाई पड़ रही थी। दूर कमरे की पीछे की खिड़की खुली थी तो साथ वाले घर के बल्ब की परछाई भी बन रही थी जिसे मेरी सखी ने मोमबत्ती समझ लिया था।
एक ओर तो मेरी आशाओं पर घड़ों पानी पड़ गया था वहीं मैं दार्शनिक भी हो गई।
यानि अपनी ही परछाई चोर बन गयी थी।
जब सूरज आपके पीछे हो तो अपनी परछाई, अपने आगे अपने कद से लंबी ही तो दिखती है।
परछाईयाँ पीछे से आने वाले खतरे से भी आगाह करती हैं।
उदासी इस कदर छा गई थी कि सखी को उसकी उस उत्कृष्ट कविता की वास्तविकता बताने का मन ही नहीं किया। बता भी देती तो क्या तीर मार लेती।
इससे पहले भी सभाओं में कई बार, आज की एक आधुनिक उभरती रचनाकारा को जिसे मैं एक समय से जानती हूँ, उसको ६० और ७० की एक जानी-मानी हस्ती की उन रचनाओं पर तालियाँ बटोरते सुना था जो कभी बचपन में सरिता और नवनीत में पढ़ी थी। ऐसी ही एक पुरानी पत्रिका पता नहीं क्या सोच कर मैं यहाँ साथ ले आयी थी। जब उस पत्रिका को एक और मित्र को दिखाया था तो उसने दांतों में उँगली इतने जोर से दबा ली थी कि कई महीनों तक अपनी उस कटी उँगली की पट्टी कराती रही थी। वह हादसा भी आज तक याद है।
कहाँ कहाँ तक मैं अपनी आवाज पहुँचाती?
…
एक ठंडी आह भर कर खबरों को रिफ्रेश किया तो अपडेटड खबर थी कि सांसद के घर की चोरी पर जाँच बैठ चुकी है। गार्ड के घर में हुयी चोरी के लिये भी कार्यवाही हो रही है।
वैसे मैं भी अब तक, अपने लिये एक चोरी की कुछ ऐसी ही पब्लिसिटी कल्पना लिये बैठी थी लेकिन मुश्किल यह है कि चोरों का तो स्टाइल ही बदल गया है। उनकी पसंद भी बदल गई है। अब वह लेखक या कवि के घर जाकर चोरी नहीं करते बल्कि उन्हें ही चुरा लेते हैं पूरा का पूरा।
